Varanasi News: वाराणसी में दो दिन बाद से बढ़ेगा पारा, अश्लील वीडियो किया वायरल; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
वाराणसी में माैसम में बदलाव नजर आने लगे हैं। बादलों की आवाजाही हो रही है। शाम होते ही हल्की नमी का एहसास होने लगा है। वहीं, कपसेठी थाना क्षेत्र के रामडीह गांव निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि उसके पत्नी की वीडियो-फोटो वायरल किए जा रहे हैं। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
पिछले दो-तीन दिन से हवा में नमी से गर्मी से राहत के बाद मौसम एक बार फिर बदलेगा। शुक्रवार को दिन में नम हवाओं के चलने से धूप का असर भी कम रहा। इसका असर रात को भी देखने को मिला। जिस तरह से मौसम बदल रहा है, उससे आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का पारा सामान्य से 0.3 डिग्री कम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान गिरने से लोगों में राहत की सांस ली। इस बीच दिन में हवा 6 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलती रही।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि अब मौसम साफ रहेगा। दो दिन बाद यानी सोमवार से एक बार फिर तीखी धूप होने और तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले सप्ताह अधिकतम तापमान के 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
ग्राम प्रधान सहित छह पर मारपीट और अन्य आरोपों में मुकदमा
चिरईगांव के ग्राम पंचायत छितौना में खेत में जेसीबी मशीन से मिट्टी उठाकर सड़क निर्माण का विरोध करने पर हुई मारपीट में सत्येंद्र यादव और उनकी पत्नी आशा घायल हो गई। चौबेपुर थाने में ग्राम प्रधान सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सत्येंद्र ने बताया कि छितौना गांव में मनरेगा योजना से रास्ते पर मिट्टी डालकर कर खड़ंजा लगाया जाना है। शुक्रवार को ग्राम प्रधान उदयनाथ यादव जेसीबी मशीन से रास्ते पर मिट्टी डलवा रहे थे। अपने खेत से मिट्टी उठाने और सड़क बनाने का सत्येंद्र यादव ने विरोध किया।
ग्राम प्रधान की ओर से अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और कहासुनी होने लगी। ग्राम प्रधान के पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने सीएचसी नरपतपुर पर घायल दंपती का उपचार कराया। सत्येंद्र के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी चौबेपुर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित सत्येंद्र यादव की तहरीर पर उदयनाथ, कैलाश, प्रकाश, आतिश, अजीत और अमित पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अश्लील फोटो-वीडियो अपलोड करने के मामले में एक पर केस
कपसेठी थाना क्षेत्र के रामडीह गांव निवासी अनिल कुमार पटेल ने कपसेठी पुलिस को एक प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाया है। अनिल ने बताया कि बड़ागांव के टिकरी खुर्द का विकास पटेल उनकी पत्नी के नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर रहा है।
अनिल ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने और उनके परिवार वालों ने विरोध किया तो विकास पटेल ने गालीगलौज, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। कुछ दिन पहले विकास ने उनके माता-पिता के साथ भी मारपीट की थी, जिससे उनका पूरा परिवार भयभीत है।
कपसेठी पुलिस ने विकास पटेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रपति तक पहुंचा बीएचयू शोध छात्र के उत्पीड़न का मामला
बीएचयू में पीएचडी प्रवेश में न्याय न मिलने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे शिवम सोनकर का मामला राष्ट्रपति तक पहुंच गया है। मछलीशहर से विधायक डाॅ. रागिनी ने राष्ट्रपति को पत्र भेजकर शिकायत की है।
पत्र में बताया है कि शिवम ने 2024-25 सत्र के लिए पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन किया था। उनके विभाग में रेट एक्जंपटेंड श्रेणी में 3 सीटें खाली हैं जबकि रेट मोड में दो सीटे हैं। विधायक ने राष्ट्रपति से बीएचयू में शिवम सोनकर के साथ होने वाले अन्याय की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
घर में घुसकर युवक की पिटाई
राम आशीष पटेल की तहरीर पर मंडुवाडीह थाना में मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में बताया कि वह अपने घर में था तभी कुछ लोग आए और उसे बाहर निकाल कर लोहे के कड़े, डंडे और पंच से मारने लगे। उसके सिर, हाथ और पीठ में चोट लग गई। दबंगों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। पीड़ित एक निजी हास्पिटल में कार्य करता है। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर ली है।
आग से ऑटो और ट्रक का जला टायर
अखरी पुलिस चौकी के पास दुर्घटना ग्रस्त और अवैध वाहनों को खड़ा किया गया था। शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थिति में वाहनों में आग लग गई। ऑटो व ट्रक के टायर जल गए। लोगों ने एक निजी चिकित्सालय के सबमर्सिबल पंप चलवा कर आग पर काबू पाया। आशंका है कि पुलिस चौकी के पास चौरा माता का मंदिर है पूजा करते समय किसी ने दीया जलाकर माचिस फेंक दिया होगा। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
अपशब्द बोलने पर गाइड ने मांगी माफी
सारनाथ संग्रहालय के सामने शुक्रवार गुटबाजी को लेकर दो गाइड में नोकझोंक हो गई। पर्यटक पुलिस में तैनात महिला कांस्टेबल ने दोनों गाइड को डांट कर भगा दिया। इसी बीच एक गाइड ने महिला कांस्टेबल को अपशब्द कह दिया। इसके बाद गाइड को माफी मांगनी पड़ी। पर्यटक थाना प्रभारी अशोक कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है।
सेवापुरी के देईपुर गांव के प्रधान मनोज कुमार ने जंसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के धर्मेंद्र कुमार, अजय कुमार, शिवम मनबढ़ किस्म के हैं। इन लोगों द्वारा ग्राम सभा की नवीन परती की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा था।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचा और कब्जा रुकवा दिया। इसके बाद तीनों लोग उनके घर आए और परिवार के लोगों के साथ गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडे और लात-घूसों से मारने लगे। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
किशोरी के अपहरण के आरोप में किरायेदार पर केस
शिवपुर थाने में किशोरी के अपहरण के आरोप में पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है। पिता ने पुलिस को बताया कि उनके मकान में जौनपुर के चंदवक थाने के इसामपुर का विकास यादव किराये पर रहकर ट्रैवल्स का काम करता था। तीन अप्रैल को वह उनकी नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर ले गया। दोनों की काफी तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं लगा।
बुजुर्ग की हत्या में वांछित आरोपी के घर कुर्की का नोटिस
बड़ागांव पुलिस ने शुक्रवार को पुआरी कला गांव निवासी तेज बहादुर पटेल उर्फ तेजा के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कराया। आरोपी के घर के सामने और गांव में डुगडुगी बजवा कर पुलिस ने मुनादी कराई। तेज बहादुर पटेल पुआरीकला के बड़कापुरा गांव निवासी रामकुंवर की हत्या में वांछित है।
रामकुंवर की हत्या 26 जनवरी को की गई थी। तेज बहादुर के संबंध में जानकारी देने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तेज बहादुर एक माह में न्यायालय में हाजिर नहीं होगा तो उसकी संपत्तियां कुर्क की जाएंगी।
छह दिन पांच घंटे बाधित रहेगी आपूर्ति
लहरतारा से बीएचयू, रविंद्रपुरी काॅलोनी होते हुए विजया सिनेमा तक सड़क निर्माण में बाधक बनने वाले पोल, तार को हटाया जाएगा। इसके लिए 4 से 9 अप्रैल तक छह दिन पांच-पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता की ओर से इसकी सूचना बिजली निगम के अधिकारियों को दी गई है। इसमें हर दिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक पोल, ट्रांसफार्मर और लाइन शिफ्टिंग करवाई जाएगी।
दुर्व्यवहार को लेकर कलेक्ट्रेट कर्मचारी ने डीएम को दिया पत्र
दुर्व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के सदस्य मोहम्मद इकबाल हामिद की ओर से शुक्रवार को जिलाधिकारी एस राजलिंगम को पत्र दिया गया। पत्र के जरिये डीएम से अभिलेखागार राजस्व के कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करने, अधिवक्ता पर कार्रवाई के लिए बार काउंसिल को पत्र भेजने की मांग की है।
डीएम को बताया कि वे अपने पटल पर काम कर रहे थे। इसी बीच एक अधिवक्ता आए उन्होंने एक खतौनी की नकल मांगी। थोड़ी देर बाद देने की बात कही गई तो नाराज हो गए और दुर्व्यवहार किया।
हुबली और ब्रांदा के बीच चलेंगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। 07323/07324 हुबली-बनारस साप्ताहिक स्पेशल का संचालन हुबली से 5, 12, 19, 26 अप्रैल, 03 व 10 मई और बनारस से 8, 15, 22, 29 अप्रैल, 6 व 13 मई को 6 फेरों में होगा।
07323 हुबली-बनारस स्पेशल हुबली से सुबह 9 बजे खुलेगी और तीसरे दिन बनारस दोपहर 1.15 बजे पहुंचेगी। वापसी में 07324 बनारस-हुबली साप्ताहिक स्पेशल बनारस से सुबह 9 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 10 बजे हुबली पहुंचेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 09029/09030 बांद्रा टर्मिनस-बनारस अनारक्षित साप्ताहिक स्पेशल बांद्रा टर्मिनस से 10 अप्रैल से 26 जून तक और बनारस से 11 अप्रैल से 27 जून तक संचालित होगी।
09029 बांद्रा टर्मिनस-बनारस अनारक्षित साप्ताहिक स्पेशल बांद्रा टर्मिनस से गुरुवार को सुबह 4.30 बजे खुलेगी और दूसरे दिन सुबह 6.30 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 09030 बनारस-बांद्रा टर्मिनस अनारक्षित साप्ताहिक स्पेशल बनारस से शुक्रवार को सुबह 9.30 बजे खुलेगी और दूसरे दिन दोपहर 12.15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
बंगलूरू की महिला श्रद्धालु की 42 ग्राम सोने की चेन चुराई
अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान बंगलूरू की एक महिला श्रद्धालु की 42 ग्राम सोने की चेन उचक्कों ने उड़ा दी। महिला श्रद्धालु की तहरीर पर दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पविथ्रा के ने पुलिस को बताया कि वह दो अप्रैल की रात परिवार के साथ दर्शन-पूजन के लिए काशी आई थीं।
तीन अप्रैल को वह दर्शन-पूजन के लिए अन्नपूर्णा मंदिर में गई थी। भीड़ में उनकी चेन उचक्कों ने चुरा ली। दशाश्वमेध थानाध्यक्ष ने बताया कि मंदिर के सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से उचक्के को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
वीडीए ने दो बीघे में अवैध प्लॉटिंग कराई ध्वस्त
वीडीए की ओर से शुक्रवार को दो बीघे में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। साथ ही अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार, मुगलसराय वार्ड के अलीनगर बिछड़ी नटान बस्ती में अज्ञात की ओर से बगैर नक्शा पास कराए अवैध रूप से 2 बीघे में प्लॉटिंग की जा रही थी। पूर्व में नोटिस दिया गया था। बावजूद ले-आउट शमन मानचित्र दाखिल नहीं किया गया।
नई बस्ती, बेचूपुर में टुन्नू ,पवन, संदीप, दीपक, ताड़कनाथ गुप्ता की ओर से बिना मानचित्र अवैध निर्माण किया जा रहा था। पूर्व में नोटिस दिया गया था। सुनवाई और मानचित्र स्वीकार कराने के लिए अवसर दिया गया। बावजूद मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया। अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दे दिया गया। सभी कार्रवाई जोनल अधिकारी गौरव जयप्रकाश ने की।
केबल जोड़ते समय संविदा कर्मी को लगा करंट, जला हाथ
कैंट क्षेत्र के विजयनगर में बृहस्पतिवार रात केबल जोड़ते समय एक संविदा कर्मचारी करंट लगने से झुलस गया। उसका हाथ जल गया और चोट भी लगी। बिजली कर्मियों ने उसे मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती करवाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पांच दिन में करंट लगने से संविदा कर्मियों के घायल होने की दूसरी घटना है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग होने के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन घटनाओं की वजह से उन पर सवाल उठ रहे हैं। गुरुवार रात विजयनगर में मेन बॉक्स का केबल जल गया था। लोगों ने उपकेंद्र को सूचना दी। मंडुवाडीह डीपीएच उपकेंद्र पर कार्यरत लोहता चंदापुर निवासी संविदा कर्मी गोविंद पहुंचा। गोविंद फॉल्ट दूर करने के लिए पोल पर चढ़ गया।
बॉक्स में तार जोड़ते समय ही वह दूसरे तार के संपर्क में आ गया। बिजली कर्मचारियों में नाराजगी दिखी, उनका कहना है कि कोई भी जिम्मेदार अधिकारी गोविंद को देखने नहीं पहुंचा। कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जा रहे हैं।
प्रशासनिक सुधार विभाग के मंडलीय कार्यालय का कमिश्नरी परिसर में हुआ उद्घाटन
कमिश्नरी परिसर स्थित प्रशासनिक सुधार विभाग वाराणसी के मंडलीय कार्यालय का शुक्रवार को अपर आयुक्त (प्रशासन) राकेश कुमार गुप्ता एवं अपर आयुक्त प्रथम सुभाष चंद्र यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।
प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से राज्य सरकार के विभागों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को जांचा परखा जाता है। बता दें कि प्रशासनिक सुधार विभाग का कार्यालय पूर्व में भुवनेश्वर नगर में रहा, जो अब कमिश्नरी परिसर में संचालित होगा। उद्घाटन अवसर पर निरीक्षक, प्रशासनिक सुधार विभाग प्रज्ञा सिंह के अलावा प्रशासनिक सुधार विभाग एवं कमिश्नरी के अन्य अधिकारी कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बाउंड्री वॉल गिराने के आरोप में मुकदमा दर्ज
नारायणपुर डाफी इलाके में जबरन बाउंड्री वॉल गिराने के आरोप में आशीष सिंह के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीह गंजारी, गंगापुर की रहने वाली नम्रता सिंह ने बताया कि 2009 में 2720 वर्गफीट जमीन कृष्ण मुरारी सिंह से खरीदी थी। 2018 में बाउंड्री करवा रही थी। उस दौरान आशीष सिंह ने विवाद खड़ा कर दिया था। मामला अदालत में चला गया। उनके पक्ष में फैसला आने पर बाउंड्री वाॅल बनवाई गई। उसे विपक्षी ने बीते 28 मार्च को गिरा दिया।
विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति सहित 11 पर मुकदमा
बड़ागांव के वाजिदपुर गांव की बबिता यादव ने पति अनिल यादव समेत ससुराल के 11 लोगों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट कर घर से बाहर निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उनका विवाह 27 अप्रैल 2022 को चंदापुर उदयपुर गांव के अनिल यादव के साथ हुआ था। 9 सितंबर 2023 को उन्होंने पुत्री को जन्म दिया।
कुछ समय बाद अनिल यादव की नियुक्ति बिहार के एक सरकारी विद्यालय में अध्यापक के पद पर हो गई। नौकरी लगते ही उसका व्यवहार बदलने लगा। इसके बाद अनिल यादव और ससुराल के अन्य लोग दहेज में 25 लाख रुपये की मांग करने लगे। मना करने पर मारपीट की जाने लगी। देवर, सास-ससुर, चाचा ससुर, चाची सास ने अप्रैल 2024 में उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया। उनके सारे पैसे छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी।
शराब की दुकान न खुलने देने पर विधायक को देख भावुक हुई महिला
रामनगर कस्बे का शुक्रवार को कैंट के भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भ्रमण किया। देसी शराब की दुकान न खुलने के निर्देश पर एक महिला भावुक हो गई। विधायक ने महिला को शांत कराया। कवि टोला में सड़क किनारे देसी शराब की दुकान खोली जा रही थी। महिलाएं धरना दे रही थीं। सौरभ श्रीवास्तव ने हस्तक्षेप कर शराब की दुकान खुलने से रुकवा दी। महिलाओं को पता चला कि विधायक रामनगर भ्रमण पर आए हैं।
इस पर महिलाएं उनसे मिलने शास्त्री चौक पहुंची और फूल-मालाओं से विधायक को लाद दिया। भावुक महिला ने कहा कि आपकी वजह से मोहल्ले की महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा हो सकी है। विधायक ने महिला के आंसू पोछे। विधायक रामनगर सब्जी मंडी पहुंचे। गंदगी देख तत्काल सफाई की व्यवस्था कराई। इस दौरान सृजन श्रीवास्तव, जितेंद्र पांडेय, नंदलाल चौहान रहे।
वन विभाग 16 मंदिरों में लग रहा 25 तरह के पौधे
वन विभाग पहली बार शहर के 16 मंदिरों में तुलसी, गुलाब, चंपा, कदंब समेत 25 तरह के पौधे लगा रहा है। यह पौधारोपण शक्ति वाटिका-आस्था और हरियाली योजना के तहत किया जा रहा है। यह अभियान सात अप्रैल तक चलेगा।
उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मंदिरों में थीमेटिक पौधरोपण किया जा रहा है। मंदिरों में रोजाना इस्तेमाल होने वाले फूल, फलदार और छायादार पौधे लगाए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम पौधारोपण के साथ स्थानीय लोगों को पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। समय समय पर विभाग की टीम भी देखरेख के लिए जाएगी। अगर पौधों को कोई नुकसान पहुंचाता है तो स्थानीय इसकी सूचना वन विभाग को दे सकते हैं। वन विभाग उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।
प्रादेशिक शतरंज में प्रखर ने रजत जीत राष्ट्रीय के लिए क्वालिफाई
प्रादेशिक सीनियर शतरंज चैंपियनशिप सितापुर 1 से 4 अप्रैल तक में खेली गई। इसमें वाराणसी के प्रखर त्रिपाठी ने रजत पदक जीता है। इस जीत के साथ 64 अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त प्रखर राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। अब वह राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में नौ चक्रों की बाजी खेल वाराणसी के प्रखर ने 7.5 अंक अर्जित कर उपविजेता बने। आगरा के संचय दुबे के भी 7.5 अंक थे लेकिन बेहतर प्रोग्रेसिव प्वाइंट के आधार पर संचय को विजेता बने। प्रतियोगिता में कानपुर, लखनऊ, आगरा, इलाहाबाद, वाराणसी, सीतापुर सहित अलग अलग जनपदों से कुल 101 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रखर ने अंतिम चक्र की बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए लखनऊ के संयम श्रीवास्तव को मात दी।
लाइन बॉक्स समेत 25 सूत्रीय मांग को लेकर रनिंग कर्मियों का प्रदर्शन
लाइन बॉक्स तुरंत शुरू कराने, क्रू लॉबी में आरओ और वॉटर कूलर लगवाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर रनिंग कर्मियों ने शुक्रवार को डीजल लॉबी पर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्वोत्तर कर्मचारी संघ की ओर से 25 सूत्रीय मांगपत्र अधिकारियों को सौंपा गया। राहुल कुमार की अध्यक्षता में रनिंग कर्मियों ने कहा कि क्रू लॉबी की ओर से 30 घंटे के विश्राम को निरस्त नहीं किया जाए।
एनपीएस, यूपीएस को रद्द कर ओपीएस को बहाल किया जाए। मंडल से शुरू होने वाली ट्रेनों को क्रू से ही चलाया जाए। कंट्रोल में कार्यरत रनिंग स्टाफ की समस्याओं का समाधान करें। गाजीपुर रनिंग रूम में भोजन की समस्या है, उसे दूर किया जाए। अन्य मांगों को लेकर रनिंग कर्मचारी मुखर रहे। प्रदर्शन में श्याम झा, अरविंद कुमार सिंह, जितेंद्र तिवारी, संजय तिवारी, संतोष कुशवाहा, कोमल रावत और राम प्यारे रहे।
चैत्र डाला छठ पर सूर्योपासना के साथ किया प्रकृति के संरक्षण का आह्वान
सूर्य देव और छठी मैया के महापर्व चैत्र डाला छठ पर नमामि गंगे व राम नारायण सेवा संस्थान ने अहिल्याबाई घाट पर भगवान सूर्य की उपासना करके जनमानस से प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की गुहार लगाई। सूर्यदेव, छठ माता व मां गंगा की आरती उतार कर भारतवर्ष के लिए खुशहाली की कामना की।
शुक्रवार को पूजन के बाद अहिल्याबाई घाट पर स्वच्छता अभियान चला। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रकृति की उपासना का यह पर्व हमें प्राकृतिक चेतना, जल स्रोतों व जैव विविधता का संरक्षण, कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन एवं जन समुदाय की एकता का संदेश देता है।
राम नारायण सेवा संस्थान के आचार्य वेंकटेश शर्मा ने कहा कि छठ पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन शैली और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का उत्सव है। आचार्य ओंकार महादेव, प्रीति कुमारी, प्रमिला देवी, शर्मिला शर्मा, अमन, गोपाल प्रसाद आदि मौजूद रहे।
पावरलिफ्टिंग में विद्यापीठ की सलोनी ने जीता रजत
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यलायीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के पहले दिन विद्यापीठ की सलोनी ने रजत पदक जीत लिया है। 47 किलो भार वर्ग में विद्यापीठ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सलोनी ने स्क्वॉड, डेडलिफ्ट और बेंच प्रेस में कुल 392 किलो उठाकर पदक हासिल किया।
कश्मीर विवि में अखिल भारतीय अंतर विश्विद्यालयीय पावरलिफ्टिंग हो रही है। इसमें महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की 15 सदस्यीय टीम भी हिस्सा ले रही है। टीम कोच डॉ. दीनेश सिंह ने बताया कि महिला वर्ग में 6 जबकि पुरुष वर्ग में 9 कुल 15 खिलाड़ी 4 से 7 अप्रैल तक पदक के लिए दमखम दिखाएंगे।
विद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए 17 को बैठक
माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 17 अप्रैल को जिला और मंडल समिति की बैठक होगी। इसमें जिला मंडल और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रस्ताव पेश किया जाएगा। जिले के 450 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रतिवर्ष शैक्षणिक सत्र के साथ ही खेलकूद गतिविधियों का आयोजन होता है।
बैठक में जिला और मंडल स्तरीय एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती, फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य पारंपरिक खेलों के आयोजन के लिए तिथियां और स्थान को लेकर चर्चा होगी। जिला खेल समिति के सचिव विनोद कुमार ने बताया कि बैठक में खेल मैदान, खिलाड़ियों के लिए आवासीय व्यवस्था और यातायात पर होने वाले खर्च का पूरा खांका तैयार होगा। इसे विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान अयोध्या भेजा जाएगा।
बीएचयू में स्वीमिंग पूल का संचालन आज से
बीएचयू स्वीमिंग पूल के नए सत्र 2025-26 का उद्घाटन शुक्रवार को संयुक्त रजिस्ट्रार वित्त डॉ. संजय कुमाार और क्रीड़ा परिषद बीएचयू के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने संयुक्त रूप से किया। शनिवार से इसका संचालन शुरू हो जाएगा। प्रभारी डॉ. कविता वर्मा और प्रियंका यादव ने बताया कि पूल सुबह 6 से शाम 7:30 बजे तक खुला रहेगा।
प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि फाॅर्म के लिए 50 रुपये और पहचान पत्र के लिए भी 50 रुपये का भुगतान करना होगा। प्रशिक्षु और खिलाड़ी फाॅर्म विवि स्वीमिंग पूल कार्यालय में शुल्क के साथ जमा कर सकते हैं। पहला सत्र पांच अप्रैल से 30 जुलाई और दूसरा सत्र एक अगस्त से 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान तैराकी की अंतर संकाय, अंतर विश्वविद्यलायीय और अन्य प्रतियोगिताएं भी होंगी।
नवदुर्गा चित्रकला प्रदर्शनी आज से
काशी के पवित्र नवदुर्गा मंदिरों से प्रेरित नौ उभरती महिला कलाकारों के चित्रों की प्रदर्शनी कला आलयम भोगाबीर में शनिवार को लगेगी। कलाकारों की इन आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से माता दुर्गा के नौ दिव्य रूपों को प्रदर्शित किया जा रहा है। यह आयोजन पुण्यं फाउंडेशन की ओर से भारतीय कला संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। यह जानकारी नेहा सिंह ने दी।
एयरपोर्ट पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह अपने जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने के लिए मिर्जापुर चले गए। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में प्रमुख रूप से विधायक सुशील सिंह, एमएलसी धर्मेंद्र राय, विधायक रमाशंकर पटेल, अशोक चौरसिया, विपिन सिंह, अमित प्रकाश चौबे मौजूद रहे।
एमएलसी ने लोक कलाकारों को दिया वाद्ययंत्र
संस्कृति विभाग की ओर से वाद्ययंत्र योजना के तहत शुक्रवार को विकास भवन में एमएलसी धर्मेंद्र राय ने लोक कलाकारों को वाद्ययंत्र दिया। वाद्ययंत्र योजना के तहत भारतीय कला संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय लोक कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
आराजीलाइन के गांव पनियरा की प्रधान सारिका पांडेय, बड़ागांव के प्रधान अतुल सिंह, चिरईगांव रमना के कुंवर राम, चोलापुर अजगरा के कमला शंकर, हरहुआ बेलवरिया के अशोक पटेल, कुरहुआं के रूपेश कुमार सिंह, पिंडरा के कैलाश यादव और सेवापुरी की इंदू देवी को योजना का लाभ दिया गया। इस अवसर पर सीडीओ हिमांशु नागपाल मौजूद रहे।
साई के एसटीसी की ओर निकाली जाएगी साइक्लोथॉन
भारतीय खेल प्राधिकरण के स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर वाराणसी और यूपी पुलिस की ओर से साइक्लोथॉन का आयोजन होगा। इसमें एसटीसी सेंटर, खेलो इंडिया और यूपी पुलिस के करीब 150 खिलाड़ी शामिल होंगे। इसकी शुरुआत पुलिस लाइन आरआई ऑफिस से सुबह 8 बजे से शुरू होगी। एसटीसी वाराणसी प्रभारी जेएस द्विवेदी ने बताया कि इसका उद्देश्य साइक्लिंग के माध्यम से फिटनेस, पर्यावरणीय स्थिरता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर पूर्ण हुआ चैती छठ
चैत्र नवरात्र की षष्ठी पर व्रती महिलाओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चैती छठ के महापर्व का समापन हो गया। भोर में भगवान सूर्य की पहली किरण के साथ ही छठ के अनुष्ठान शुरू हुए। घाट, कुंड और घरों की छत पर व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करके परिवार की सुख, समृद्धि और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। पूजन के साथ ही 36 घंटे के निराजल व्रत का समापन हो गया। पूजन के बाद व्रती महिलाओं ने व्रत का पारण किया और श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी किया।
बरेका में सम्राट अशोक की जयंती पर रैली आज
बरेका में शनिवार को कुशवाहा मित्र मंडल की ओर से सम्राट अशोक की जयंती पर जन जागरण चेतना रैली निकाली जाएगी। मित्र मंडल के महामंत्री राजेश कुशवाहा ने बताया कि शाम 4:30 बजे आरपीएफ बैरक बरेका से दो पहिया व चार पहिया वाहन के साथ पूरे बरेका में जन जागरण चेतना रैली निकलेगी।
भवानी गौरी के मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया माता के दर्शन
काशी में भगवान विश्वनाथ गृहस्थ हैं और उनकी कुटुंबिनी भवानी हैं। भवानी समस्त काशीवासियों को मोक्ष की भिक्षा देती हैं। शुक्रवार को चैत्र नवरात्र की सप्तमी पर श्रद्धालुओं ने मां भवानी गौरी का दर्शन-पूजन किया। सुबह से देर रात तक माता के मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
शुक्रवार को भोर में विश्वनाथ गली स्थित श्रीराममंदिर में भवानी गौरी के विग्रह को पंचामृत स्नान कराया गया। माता को नूतन वस्त्र अर्पित करने के साथ ही फूलों से शृंगार किया गया। माता की मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। हाथ में चुनरी, नारियल, माला-फूल, फल व प्रसाद लेकर श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। देर रात तक शहर के दूसरे दुर्गा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
अस्सी घाट पर बेहतर हो सफाई व्यवस्था
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शुक्रवार को अस्सी घाट और सुबह-ए-बनारस के आसपास सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। घाटों पर उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। कहा कि घाटों पर लगे डस्टबिन को व्यवस्थित करें। घाटों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या न हो। सहायक अभियंता, जलकल को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई। घाटों पर अवैध रूप से दुकान लगाकर गंदगी करने वालों पर प्रवर्तन की कार्रवाई करने को कहा।
बसही से निकली ध्वजा यात्रा, हुआ देवी जागरण
काशी नटीनियादाई व्यापार मंडल की ओर से शुक्रवार को मीरापुर बसही तिराहे पर जागरण और भंडारे का आयोजन हुआ। सुबह पूजन-अर्चन के बाद बसही से ध्वजा यात्रा नटीनियादाई मंदिर तक व्यापारियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने निकाली। नटीनियादाई मंदिर पर घंटा चढ़ाया।
शाम को भंडारे में भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। देवी जागरण में समर सिंह और बाबी सोनकर ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में संरक्षक डॉ. एपी सिंह, राजेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष पंकज सिंह, राजेश वर्मा, बबलू, करन यादव, दीपू कश्यप, राजू, संजीव सिंह बिल्लू, प्रतीक गुप्ता, राजेश त्रिवेदी, मनोज दूबे, विनोद सिंह आदि रहे।
क्वींस इंटर कॉलेज में होगी इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं में अनुपस्थित रहे या किसी कारणवश छूट गए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। छूटी हुई प्रयोगात्मक परीक्षाएं सात और आठ अप्रैल को राजकीय क्वींस इंटर काॅलेज लहुराबीर में होंगी।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम अवसर है। इसके बाद किसी भी छात्र को प्रयोगात्मक परीक्षा देने का कोई और मौका नहीं दिया जाएगा। परीक्षाएं पहले से जारी निर्देशों के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसी कैमरे की निगरानी में होंगी।
सीबीएसई की फ्लिपबुक अभिभावकों की करेगी मदद
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) ने विद्यार्थियों को उनके कॅरिअर को बेहतर दिशा देने के लिए पैरेंटिंग कैलेंडर लॉन्च किया है। इसी के तहत सीबीएसई ने एक फ्लिपबुक भी जारी किया है जो विद्यार्थियों के अभिभावकों को दिया जा रहा है। फ्लिपबुक में बताया गया है कि कैसे विद्यार्थी, अभिभावक और स्कूल के रिश्ते मजबूत हो सकते हैं। कैसे अभिभावक विद्यार्थियों को उनके कॅरिअर की सही दिशा दिखाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
सीबीएसई कोऑर्डिनेटर गुरमीत कौर ने बताया कि फ्लिपबुक में बताया गया है कि अभिभावक अपने बच्चे के लिए सपोर्टिव कैसे बन सकते हैं। बच्चे की क्रिएटिविटी पहचान कर उनमें आत्मविश्वास पैदा कर सकते हैं। अभिभावक अपने घर का वातावरण कैसा रखें जिससे बच्चा तनावमुक्त माहौल में पढ़ाई कर सके।
प्रादेशिक कुश्ती में खेलेंगी काशी के 26 खिलाड़ी
प्रादेशिक जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में खेलने के लिए पुरुष खिलाड़ियों दल शुक्रवार को बनारस स्टेशन से काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से बागपत रवाना हुआ। पुरुष टीम में 19 जबकि महिला टीम में 7 खिलाड़ी शामिल हैं। पुरुष टीम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी आशु पाल जबकि महिला टीम का नेतृत्व रेशमा यादव करेंगी। महिला टीम बृहस्पतिवार को रवाना हुई थी।
प्रादेशिक कुश्ती 5 से 7 अप्रैल तक बागपत में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में सिगरा स्टेडियम के छह, बरेका व्यायामशाला के पांच, गया सेठ अखाड़े के पांच, स्वामीनाथ अखाड़े के चार, चमाव के दो जबकि अरहक, कोरउत, कपिसा और संजोई के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं।
आरएसओ विमला सिंह ने खिलाड़ियों को अधिक से अधिक पदक जीतने की शुभकामना दी है। प्रादेशिक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सिगरा स्टेडियम में हुआ था। इसके पुरुष वर्ग में 125 जबकि महिला वर्ग में 65 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया।
राज्य स्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता में समृद्धि प्रथम
राज्यस्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता सीतापुर में दो से चार अप्रैल तक हुई। महिला वर्ग में वाराणसी की समृद्धि प्रथम, कानपुर की तान्या वर्मा द्वितीय और आगरा की कनक दुबे तृतीय रहीं। पुरुष वर्ग में विकास निषाद 6.5 अंक के साथ ओवरऑल आठवें स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के कुल 101 खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया। इसमें 18 महिला खिलाड़ी व 83 पुरुष वर्ग के खिलाड़ी थे। नौ राउंड तक खेले गए मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग में आगरा के संजय दुबे प्रथम, वाराणसी के प्रखर त्रिपाठी द्वितीय और आगरा के श्रेयांश सिंह तृतीय रहे।
पुलिसिया कार्यप्रणाली से रूबरू हुईं विद्यापीठ की छात्राएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ी स्वयंसेविकाओं(छात्राओं) को पुलिसिया कार्यणाली से रूबरू कराया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेलकूद मंत्रालय और माई भारत द्वारा आयोजित एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम के तहत 20 दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम ने बताया कि प्रोग्राम के तहत चयनित छात्राओं को 20 दिन अलग-अलग थाना क्षेत्र एवं 10 दिन पुलिस लाइन में प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण 15 सत्रों में विभाजित रहा। इसमें छात्राओं ने पुलिस प्रशासन से संबंधित गतिविधियों को सीखा। काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने स्वयंसेविकाओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीता, डॉ. भारती कुरील, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
40 विद्यार्थियों को दिए स्मार्टफोन
राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में शुक्रवार को बीए और बीएससी के 40 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन दिए गए। यह स्मार्टफोन डीजे शक्ति स्वामी विवेकानंद योजना के अंतर्गत दिए जा रहे हैं। प्रधानाचार्य संतोष सिंह ने स्मार्टफोन विद्यार्थियों के लिए लाभकारी होगा। इससे विद्यार्थी पढ़ाई कर सकते है। इस दौरान कामना सिंह, डॉक्टर स्वर्णिम घोष, वेद प्रकाश दुबे,बृजेश, संजय कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।
घर घर शिक्षक जाकर अभिभावकों को कर रहे जागरूक
परिषदीय स्कूलों में स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को हरिबल्लभपुर व आदमपुर न्याय पंचायतों में अभियान चलाया गया। शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों और बच्चों से मुलाकात कर उनको स्कूल आने के लिए जागरूक किया।
खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार ने बताया यह अभियान 15 अप्रैल तक चलेगा। इसके बाद जुलाई में फिर से चलाया जाएगा। प्राथमिक विद्यालय कोइराजपुर में प्रभारी प्रधानाध्यापक स्मिता चतुर्वेदी व शिक्षकों ने छह नए बच्चों का नामांकन कराया। अभियान में प्रधानाध्यापक परवेज अहमद खान, पुष्पा सिंह, मीनू राय, रेनू यादव व अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
संकायों और छात्र निकायों की नीति निर्माण में अहम भूमिका
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित मल्टीडिसिप्लीनरी रिफ्रेशर कोर्स में शैक्षणिक नेतृत्व और संस्थागत प्रशासन से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी हैदराबाद के प्रो. मोहम्मद सिद्दीकी ने कहा कि संकायों और छात्र निकायों की नीति निर्माण में अहम भूमिका है।
व्याख्यान में प्रो. मोहम्मद ने कहा कि विद्यार्थी एक अनमोल हीरा है, यदि हम उनका स्वागत एक सीप बनकर करेंगे तो वह निश्चित रूप से मोती बनेगा। अगर हम उनका स्वागत एक सांप बनकर करेंगे तो वह निश्चित रूप से जहर बनेगा। विवि अनुदान आयोग ने भागीदारी नेतृत्व और जवाबदेही को बढ़ावा देते हुए इस मॉडल के एकीकरण को प्रोत्साहित किया है।
केंद्रीय विश्वविद्यालय गुजरात में शिक्षाशास्त्र विभाग की डॉ.सोनल शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में एक प्रभावी नेता के गुण पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि शैक्षिक नेतृत्व अध्ययन अध्यापन में उत्कृष्टता लाने हेतु आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इशिता देसाई, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नीति सिंह ने दिया।
किसानों से संपर्क करें, जरूरी हो तो उनके घर से गेहूं की खरीद करें
जिला खाद्य रसद एवं विपणन अधिकारी सुनील कुमार ने शुक्रवार को चिरईगांव ब्लाॅक में गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर पहुंचने वाले किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और खरीद के लिए आवश्यक सामग्री आदि की जानकारी ली। केंद्र प्रभारियों से कहा कि जिन केंद्रों पर किसान कम आ रहे हैं, वहां के प्रभारी केंद्र पर एक कर्मचारी को छोड़कर किसानों से संपर्क करें। आवश्यक हो तो उनके घर से खरीद करें।
वाराणसी जनपद में 38 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। 17 मार्च से खरीद शुरू हुई है और अब तक सिर्फ 13 किसानों से 537 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। सबसे अधिक चिरईगांव ब्लाॅक के बी पैक्स जाल्हूपुर मोबाइल गेंहू क्रय केंद्र पर 130 क्विंटल और खाद्य एवं रसद विभाग चिरईगांव व गौराकला में 85 िक्ंवटल गेहूं की खरीद हुई है। इन दिनों मौसम में बदलाव के चलते गेहूं मड़ाई में किसानों को असुविधा हो रही है। मौसम सुधार होने पर मड़ाई में तेजी आएगी और खरीद में तेजी होगी।
स्कूली छात्र-छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
मिर्जामुराद क्षेत्र के डंगहरिया स्थित एसबीपी इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्रों ने शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली। 100 से भी ज्यादा छात्र रैली में शामिल हुए। शुरुआत विद्यालय परिसर से होकर डंगहरिया गांव होते हुए मिर्जामुराद बाजार, गौर, खालिसपुर से गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राएं ने बेटा-बेटी एक समान, पढ़ाई से बने पहचान, हर बच्चा स्कूल जाए, भविष्य उज्ज्वल बनाए जैसे नारे लगाए। विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा ही एकमात्र रास्ता है जिससे बच्चों का भविष्य बेहतर होगा।
काशी विद्यापीठ के सांख्यिकी विभाग में 16 को होगी शोध समिति की बैठक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सांख्यिकी विभाग में शोध समिति की बैठक 16 अप्रैल को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि पीएचडी सत्र 2023-24 के लिए ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने अपना शोध प्रस्ताव एवं फीस रसीद विभाग में जमा किया है, उनको बैठक में आना होगा। शोध समिति के समक्ष साक्षात्कार/पावर पॉइंट प्रजेंटेशन भी देना होगा। विभाग में यह बैठक दोपहर एक बजे होगी।
विधायक ने रामनगर में चलाया स्वच्छता अभियान
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रामनगर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शास्त्री प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया। विधायक ने सर्वप्रथम शास्त्री जी की प्रतिमा को स्वच्छ किया। इसके बाद मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह बघेल के साथ प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें, भारत माता की जय के नारे लगाए।
सब्जी मंडी पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाया। नगर निगम के सफाईकर्मियों ने भी कार्यकर्ताओं का सहयोग किया। विधायक ने कहा कि सब्जी मंडी की फर्श को पक्का कराएंगे। इसके बाद गोलाघाट वार्ड 65 में घर-घर जनसंपर्क भी किया। अभियान में संतोष द्विवेदी, डॉ अनुपम गुप्ता, मधुकर पांडेय, जितेंद्र पांडेय, रितेश पाल शामिल रहे।
नौ बालिकाओं को मिली वीरांगना की उपाधि
आरंभ स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से शुक्रवार को महमूरगंज स्थित पाणिनि कन्या महाविद्यालय में पांचवीं जिला स्तरीय महिला कराटे प्रतियोगिता हुई। इसमें 195 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। इसमें पाणिनि कन्या महाविद्यालय की टीम विजेता बनी। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल उपविजेता और वाॅरियर्स एकेडमी तीसरे स्थान पर रही। शुभारंभ कन्या पूजन से हुआ।
ब्रह्म राष्ट्र एकम के पीठाधीश्वर डॉ. सचिन्द्रनाथ मिश्रा ने नौ कन्याओं और नौ विशिष्ट महिलाओं को सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में गणेश विश्वकर्मा, जागृति यादव और शिवम पांडेय रहे। इस अवसर पर नौ प्रतिभाशाली बालिकाओं को उनके कराटे कौशल के लिए वीरांगना उपाधि दी। इन नौ विरांगनाओं में नेहा सिंह, मिसी, राशि कुमारी, अन्वेषा, ख्याति गिरी, रुपाली कुशवाहा, जिया प्रजापति, प्रकृति सिंह और वर्तिका केसरी शामिल रहीं।
जिला असपताल में फेको विधि से ऑपरेशन शुरू
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मोतियाबिंद की समस्या से जूझ रहे मरीजों का फेको विधि से ऑपरेशन शुरू हो गया है। इससे लोगों को राहत होगी। सीएमएस डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि तीन अप्रैल को अस्पताल में फेको विधि के लिए मंगाई गई नई मशीन से डाॅ. आरएस राम ने दो मरीजों का ऑपरेशन किया। उन्होंने बताया कि ओपीडी में जांच के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की शिकायत मिलती है, उनका ऑपरेशन डॉक्टर की सलाह पर करवाया जा सकेगा।
शृंगोरोत्सव में गायन वादन और नृत्य की त्रिधारा से हुआ शृंगार
चैत्र नवरात्र पर मां काली शृंगारोत्सव का आयोजन शुक्रवार को हुआ। कबीरचौरा स्थित कालिका धाम में आयोजित संगीत महोत्सव की शुरुआत कान्हा मिश्रा के एकल तबला वादन से हुई। कान्हा ने बनारसी तबले की थाप की बारीकियों से रूबरू कराया। इसके बाद तालांजलि संस्था की ओर से समूह गायन हुआ।
अगली प्रस्तुति जवाहर लाल के शहनाई वादन की रही। इसके बाद अनंत मिश्रा का गायन, प्रो. संगीता सिंह का सितारवादन और अंशुमान महाराज का सरोदवादन हुआ। कार्यक्रम का समापन आशुतोष सिंह, मांडवी सिंह और शांभवी सिंह के कथक से हुआ।
संगत कलाकारों में तबले पर पं. भोलेनाथ मिश्रा, पं. मंगला प्रसाद मिश्रा, डॉ. सुदर्शन राम, शशिभूषण मिश्रा, उत्तम मिश्रा, राजन, उदय शंकर मिश्रा और जय मिश्रा रहे। बोल पढ़ंत डॉ. ममता टंडन का रहा। संचालन सीमा केशरी ने किया।
वैष्णो देवी माता मंदिर में शृंगार और भव्य जागरण आज
चिरईगांव के नवशहरी गांव तिलमापुर में ग्रामीणों की ओर से शनिवार को रंगीलदास सरोवर स्थित वैष्णों माता मंदिर का भव्य शृंगार होगा। शाम छह बजे से प्रमुख संगीतकार आशीष वर्मा की देखरेख में सोनू पांडेय, सुधीर संगम, निधि तिवारी, आराधना सिंह, मयंक मिश्रा आदि नामी-गिरामी कलाकार देवी गीत व पचरा के माध्यम से जागरण प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मौजूद रहेंगे। यह जानकारी भाजयुमो किसान मोर्चा के जिला शोध प्रमुख गौरव सिंह ने दी है।
बीएचयू में भरी जाएंगी पीएचडी की खाली सीटें
बीएचयू में पीएचडी की खाली सीटों पर दाखिले के लिए यूजीसी से अनुमति मांगी गई है। ऐसा माना जा रहा है कि बहुत जल्द ही शोध में दाखिले को लेकर अहम फैसला हो सकता है। बीएचयू में 1466 सीट पर शोध में दाखिला होना था।
विश्वविद्यालय में चली प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अब तक केवल 800 सीट ही भर पाई है, अभी कुछ विषयों का परिणाम आना बाकी है। विश्वविद्यालय के विभागों में अब तक चली प्रवेश प्रक्रिया के बाद भी करीब 600 सीट खाली रह गई हैं।
नगद देकर नहीं जारी होगा लाइसेंस
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने आदेश जारी किया कि ऑफलाइन मोड या कैश पेमेंट के जरिये यदि कोई लाइसेंस जारी करेगा तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। एक अप्रैल से नगर निगम की ओर से गंगा घाटों पर कार्यक्रम की अनुमति और लाइसेंस के लिए स्मार्ट काशी एप की सुविधा लाॅन्च की गई है। इस पर आवेदन करने वालों को ऑनलाइन पेमेंट करना होगा। पहले नगर निगम में ऑफलाइन और कैश लेकर अनुमति दी जाती थी। अब निगम ने अब ऑनलाइन अनुमति के लिए प्लेटफाॅर्म तैयार किया है।