शिक्षक सम्मान समारोह: अपने पसंदीदा शिक्षकों को वोट देकर जानी चुनाव की प्रक्रिया, बच्चों को दी गई जानकारी
अमर उजाला के शिक्षक सम्मान समारोह को लेकर विद्यार्थियों को मतदान और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने पसंदीदा शिक्षकों के लिए वोट करने की प्रक्रिया जानी। उन्हें मतदान के महत्व, पसंदीदा शिक्षक चुनने और वोट देने के तरीके के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रक्रिया में भाग लिया और शिक्षकों के प्रति सम्मान जताया।
विस्तार
अमर उजाला की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह 2026 शृंखला के तहत बृहस्पतिवार को शहर के छह विद्यालयों में मतदान कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ गुप्त मतदान कर अपने पसंदीदा शिक्षक के प्रति सम्मान और स्नेह जताया।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छात्रों को परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल में बच्चों ने कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान उनकी अंगुलियों पर स्याही लगाई गई जिसे लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
आरएस कॉन्वेंट सैनिक स्कूल, ग्लेनहिल स्कूल, सिल्वर ग्रोव स्कूल, सम्राट अशोक हिंदू स्कूल, अपर प्राइमरी स्कूल ठटरा और डीआरएस पब्लिक स्कूल खेवली के चार हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने मतदान कर पसंदीदा शिक्षक चुनने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। बच्चों ने बताया कि पहली बार अंगुली पर स्याही लगी है। मतदान का अनुभव पहली बार मिला।
अमर उजाला की यह पहल सराहनीय है। इससे बच्चों को मतदान करने और प्रक्रिया को समझने का मौका मिल रहा है। बच्चों में भी काफी उत्साह है। - संध्या सिंह, प्रधानाचार्या, आरएस कॉन्वेंट सैनिक स्कूल
अमर उजाला की इस पहल से बच्चों को न सिर्फ चुनावी प्रक्रिया की जानकारी होगी, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों का भी पता चलेगा। - दिलीप मिश्रा, प्रधानाचार्य, ग्लेनहिल स्कूल