UP: शंकराचार्य बोले- अमेरिका व इस्राइल-ईरान युद्ध से विधर्मियों का नाश होगा, 11 मार्च को लखनऊ में प्रदर्शन
Varanasi News: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि असली हिंदू या नकली हिंदू के रूप में खुद को साबित करने के लिए यूपी के मुख्यमंत्री को 40 दिन का समय दिया गया था। इसके 30 दिन पूरे हो चुके हैं।
विस्तार
Swami Avimukteshwarananda: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि 11 मार्च शासन के लिए अंतिम चेतावनी सिद्ध होगा। गो-भक्तों के धैर्य की परीक्षा अब निर्णायक मोड़ पर है। छह मार्च को केदार घाट गो-ब्राह्मण प्रतिपालक वीर शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर गंगा माता की पूजा कर वैचारिक गो प्रतिष्ठार्थ धर्मयुद्ध शंखनाद का संकल्प लिया जाएगा। 11 मार्च को कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने रविवार को श्रीविद्या मठ में पत्रकारों से बात की और कहा कि 7 मार्च की सुबह 8:30 बजे मठ से प्रस्थान करेंगे। यहां से संकटमोचन मंदिर में संकटमोचन हनुमानाष्टक, हनुमान चालीसा और बजरंग बाण के पाठ के साथ विघ्नों के नाश की प्रार्थना कर यात्रा का श्रीगणेश होगा। सात मार्च को तीन सभाएं करेंगे।
पहली जौनपुर, दूसरी सुल्तानपुर और तीसरी रायबरेली में करके वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। आठ मार्च को रायबरेली के मोहनलालगंज में सभा करेंगे। इसके बाद लालगंज, अचलगंज में सभा करते हुए उन्नाव पहुंचेंगे। उन्नाव में सभा करके रात्रि विश्राम करेंगे। 9 मार्च को उन्नाव के बांगरमऊ में सभा करेंगे और बघौली होते हुए नैमिषारण्य में सभा करके वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। 10 मार्च को नैमिषारण्य से सिधौली जाएंगे।
सिधौली में सभा करेंगे। यहां से इटौंजा होते हुए लखनऊ सीमा में प्रवेश और रात्रि विश्राम करेंगे। 11 मार्च को दोपहर 2:15 मिनट पर शाम 5 बजे कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान मंगलाचरण, गोमय गणेश पूजन, गो-ध्वज प्रतिष्ठा और धर्मयुद्ध शंखनाद सहित विद्वानों-संतों-गो भक्त दिखाई देंगे। उदासीनता गो-भक्तों के धैर्य की परीक्षा ले रही है।
धर्मयुद्ध पूर्णतः अहिंसक और वैचारिक होगा : उन्होंने कहा कि यह गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध पूर्णतः अहिंसक और वैचारिक होगा। हमारा अस्त्र शास्त्र और संवाद है, हिंसा नहीं। हम सत्ता को उसकी नैतिक और सांविधानिक जिम्मेदारी का स्मरण कराने के लिए शांतिपूर्ण मार्ग से सात मार्च को लखनऊ की ओर गोप्रतिष्ठार्थ धर्मयुद्ध शंखनाद यात्रा के माध्यम से प्रस्थान करेंगे। यदि इन 9-10 दिनों में निर्णय नहीं हुआ, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संबंधित राजनीतिक दल और उनके नेतृत्व की होगी।
भाजपा ने समाज को बांटा, सनातन के पक्ष में आईं सपा व कांग्रेस
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि भाजपा ने समाज को बांटा है। हिंदू के नाम पर सत्ता में आई और सनातन की ही रक्षा नहीं कर रही। उनकी पुलिस सनातनियों पर हमला कर रही। सपा और कांग्रेस सनातन की रक्षा के पक्ष में आ रही है।
एक सवाल के जवाब में अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि अमेरिका और इस्राइल-ईरान युद्ध से विधर्मियों का नाश होगा। इसके लिए शांति की कामना नहीं की जा सकती है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबल पुरस्कार चाहिए इसलिए दुनिया में युद्ध की रचना कर रहे हैं।