Sports: पुर्तगाल में अंडर-55 में खेलेंगी काशी की मंजू खरे, फुटबॉल नर्सरी के 5 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
Varanasi News: भारतीय टेनिस संघ ने मास्टर वर्ल्ड चैंपियनशिप-2025 में भाग लेने वाली भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। चार सदस्यीय भारतीय टीम में मंजू खरे शामिल हैं।
विस्तार
काशी की लॉन टेनिस खिलाड़ी मंजू खरे का चयन भारतीय टीम में हुआ है। वह पुर्तगाल के लिस्बन में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंडर-55 आयुवर्ग में खेलेंगी। अंतरराष्ट्रीय टेनिस फेडरेशन की ओर से 1-14 अगस्त तक खेली जाएगी। भारतीय टेनिस संघ ने मास्टर वर्ल्ड चैंपियनशिप-2025 में भाग लेने वाली भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। चार सदस्यीय भारतीय टीम में मंजू खरे शामिल हैं।
कप्तान विभा चौधरी की अगुवाई में टीम 31 जुलाई को लिस्बन के लिए रवाना होगी। मंजू राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिता में पदक हासिल कर चुकी हैं। यूपी स्टेट चैंपियनशिप में वह लगातार पांच बार प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।
पहला मेडल अंडर-14 आयुवर्ग में 1982 में लखनऊ में जीता और 1992 में नेशनल ट्रॉफी तत्कालीन एलहाबाद में हासिल की। उन्हें इंडिया रैंक 17 मिली थी। शादी के बाद लंबे समय तक खेल से दूर रहीं। मास्टर्स वर्ग में 2021 में वापसी की। पुत्र सौरभ भी टेनिस खिलाड़ी हैं। मंजू कमच्छा में रहती हैं।
फुटबॉल: विक्रांत सोलंकी के 4 गोल से यूपीएससी की टीम टेबल में टॉप पर, किड्स केयर को हराया
जिला फुटबॉल संघ की ओर से बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर लीग के चौथे दिन दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच बनारस स्पोर्टिंग बनाम बरेका प्रमोशन के बीच खेला गया। पहला हाफ गोल रहित रहा। एकमात्र गोल 68वें मिनट में बनारस स्पोर्टिंग के गोलकीपर की गलती से हुआ और बरेका के साकिब ने गोल कर टीम को जीत दिला दी। दूसरा मैच यूपीएससी बनाम किड्स केयर क्लब के बीच खेला गया।
11वें, 16वें मिनट में विक्रांत सोलंकी ने गोल किया। 21वें मिनट में किड्स केयर ने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। 28वें मिनट में स्ट्राइकर विक्रांत सोलंकी ने तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। पहले हाफ में यूपीएससी 4-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में 36वें और 49वें मिनट में आयुध और 46वें मिनट में देवांश ने गोल किया। 53वें मिनट में विक्रांत सोलंकी ने गोल कर यूपीएससी का स्कोर 8-0 कर दिया। अंतिम सीटी बजने पर यूपीएससी 8-0 से विजयी रही।
तीन विवि देंगे फुटबॉल नर्सरी के पांच खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति
बरेका फुटबॉल नर्सरी की पांच खिलाड़ियों का चयन तीन अलग-अलग विश्वविद्यालयों में शत प्रतिशत अनुदान पर हुआ है। फुटबॉल कोच भैरव दत्त ने बताया कि बालिका वर्ग में चार बालिकाएं और एक बालक का चयन हुआ है। बताया कि क्रांति राज का चयन छत्रपति साहू महाराज यूनिवर्सिटी कानपुर में हुआ है। बालिका वर्ग में सुलेखा कनौजिया, प्रतिमा कुमारी और शालिनी वर्मा का चयन मेहर चंद महाजन डीएवी इंटर महिला कॉलेज चंडीगढ़, आंचल पटेल का चयन लवली यूनिवर्सिटी पंजाब में हुआ है।

प्रादेशिक जिम्नास्टिक्स में खेलेंगी सिगरा की पांच खिलाड़ी
1500 मीटर फ्री स्टाइल में वाराणसी की गायत्री ने जीता गोल्ड
खेल विभाग और तैराकी संघ की ओर से प्रदेशस्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता बृहस्पतिवार दोपहर सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हुई। प्रदेश के 18 मंडल और 2 स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ व सैफई की टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन 1500 मीटर फ्री स्टाइल में वाराणसी की गायत्री ने स्वर्ण पदक जीता।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि 200 मीटर व्यक्तिगत मिडले में वाराणसी के सत्यम साहनी, 4×100 फ्री स्टाइल रिले (वाराणसी मंडल) ने स्वर्ण पदक जीता। ग्रुप-3 के बालक वर्ग में 100 और 200 मीटर बैक स्ट्रोक, व्यक्तिगत मिडले में विंध्याचल के नितेश ने स्वर्ण पदक जीता। बालिका वर्ग के 100 मीटर बैक स्ट्रोक में खेल छात्रावास लखनऊ की दिव्या चैहान, 200 मीटर व्यक्तिगत मिडले में लखनऊ की सांची तिवारी, 4×50 मीटर फ्री स्टाइल में खेल छात्रावास लखनऊ ने स्वर्ण पदक जीता।
हैंडबॉल खेलने वाराणसी पहुंचीं 9 टीमें
प्रादेशिक हैंडबॉल की मंडलीय टीम घोषित
प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी मंडल की महिला टीम का चयन ट्रायल बृहस्पतिवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हुआ। ट्रायल में 30 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 12 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय टीम में हुआ। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खेल निदेशालय यूपी की ओर से प्रादेशिक हैंडबॉल प्रतियोगिता प्रयागराज में खेली जाएगी।
क्षेत्रीय खेल कार्यालय की प्रतियोगिता में 18 मंडल और तीन स्पोर्ट्स छात्रावास के खिलाड़ी खेलेंगे। प्रदेशस्तरीय सीनियर महिला हैंडबाॅल प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई तक होगी। इसमें वाराणसी मंडल की महिला टीम खेलेगी। इस अवसर पर जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्श तबरेज शंपू, यूपी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष विभव सिंह, प्रखर शुक्ला मौजूद रहे।
नैना बनीं वेल्यूएबल
जिले की हैंडबॉल खिलाड़ी नैना यादव को बृहस्पतिवार को चीन के जिंघांगशन में 11वीं एशियन यूथ विमेन हैंडबॉल चैंपियनशिप में मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी घोषित किया गया। इसमें वाराणसी की कोमल राय भी हिस्सा ले रही हैं। दोनों बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परमानंदपुर में डॉ. आशा सिंह की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। दोनों 11वीं की छात्रा हैं।
ताइक्वांडो में विशाल ने जीता स्वर्ण पदक
सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो जौनपुर में खेली गई। प्रतियोगिता में केराकतपुर वाराणसी पब्लिक स्कूल के आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रधानाचार्या सपना मौर्या ने बताया कि बालक वर्ग में विशाल चौहान ने स्वर्ण पदक जीता है।
विवेक सिंह स्टेडियम में क्रिकेट टीम का ट्रायल
उत्तराखंड के हल्द्वानी में एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (ईवीसीएल) खेली जाएगी। 27 जुलाई को ओलंपियन विवेक सिंह स्टेडियम में चयन होगा। सीमांत सिंह ने बताया कि आईपीएल की तर्ज पर प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
सोनम के नेतृत्व में खेलेगी 12 सदस्यीय टीम
प्रदेशस्तरीय सीनियर महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता प्रयागराज में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी मंडल की टीम बृहस्पतिवार को घोषित कर दी गई। मंडल की 12 सदस्यीय टीम सोनम के नेतृत्व में खेलेगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई तक प्रयागराज में होगी।