Sport News : क्रिकेट में ब्लेजिंग ब्रजनाथ, महाकाल एकादश जीते, रोहित के गोल से विद्यापीठ की हॉकी टीम क्वालीफाई
वाराणसी में काशी सांसद प्रतियोगिता के साथ विभिन्न स्थानों पर खेल के आयोजन हुए। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मान के साथ प्रोत्साहित किया गया। मैदान में दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
विस्तार
बीएचयू प्रीमियर लीग 2.0 क्रिकेट टूर्नामेंट में बिड़ला खेल मैदान पर तीन मैच खेले गए। पहले मैच में ब्लेजिंग ब्रजनाथ ने 12 ओवर में 113 रन बनाए। जवाब में फेनोमिनल एकादश 10.4 ओवर में 78 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरे मैच में बीएचयू ग्लेडियेटर्स ने 12 ओवर में 110 रन बनाए। जिसे महाकाल एकादश ने 10.5 ओवर में हासिल कर दिया। तीसरे मैच में केवी की टीम ने 12 ओवर में 93 रन बनाए।
जिसे एसएमडी ने 11 ओवर में ही बना डाला। मुख्य अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य वीणा पांडेय ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
पीयूष के नाबाद 72 रन से बनारस क्रिकेट क्लब जीता
आनंद क्रिकेट एकेडमी और मनोज तिवारी क्लब की ओर से जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बनारस क्रिकेट क्लब ने बिंद स्पोर्टिंग क्लब को सात विकेट से हराया। पीयूष गिरिधर ने नाबाद 72 रन बनाए और तीन विकेट भी लिए। टॉस जीतकर बनारस क्लब ने 34 ओवर में 142 रन बनाए। आदर्श मोदनवाल ने 47 रन बनाए। गेंदबाजी में विशाल यादव ने तीन विकेट लिए। जवाब में बनारस क्रिकेट क्लब ने 24 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाकर मैच जीत लिया।
संतोष ने आरपीएफ को दिलाई जीत
अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता लहरतारा के पूर्वोत्तर रेलवे के मिनी रेलवे स्टेडियम में हुई। टॉस जीतकर विद्युत पावर की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। जवाब में आरपीएक की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर तीन विकेट से मैच जीत लिया। संतोष यादव को मैन ऑफ द मैच एस रामकृष्णन ने दिया। शुक्रवार को सिग्नल विभाग और विद्युत टीआरडी के बीच मैच खेला गया।
विवेक सिंह बने यूपी एथलेटिक्स टीम के कोच
खेल अध्यापक विवेक सिंह को 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खेलने वाली यूपी टीम का कोच नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता 26 से 30 नवंबर तक लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में खेली जाएगी। रामनगर के प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के खेल अध्यापक विवेक सिंह की देखरेख में टीम खेलेगी। उन्हें यूपी की अंडर-17 बालक और बालिका टीम की जिम्मेदारी मिली है।
कुश्ती में 4 राष्ट्रीय, 6 प्रादेशिक पहलवान खेलेंगे
खेल विभाग और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की ओर से राज्यस्तरीय सब जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता मुरादाबाद में होगी। इसमें वाराणसी मंडल के चयनित दस खिलाड़ी खेलेंगे। चार राष्ट्रीय और छह प्रादेशिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। दस सदस्यीय खिलाड़ियों का दल गुरुवार शाम बनारस स्टेशन से मुरादाबाद रवाना हो गया।
कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि बालिका वर्ग के फ्रीस्टाइल के 40 किलो में वैष्णवी पटेल, 43 किलो में अंकिता यादव, 46 किलो में नेहा पाल, 49 किलो में रेशमा यादव, 53 किलो में रंजना यादव, 57 किलो में रिया यादव, 61 किलो में खुशबू, 65 किलो में साक्षी मौर्य, 69 किलो में विजय लक्ष्मी, 73 किलो में लक्ष्मी गुप्ता खेलेंगी। प्रादेशिक कुश्ती 22 से 24 नवंबर तक होगी।
रोहित के तीन गोल से विद्यापीठ की हॉकी टीम क्वालीफाई
पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीय हाकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को क्वालिफाईंग मुकाबला खेला गया। राउरकेला के संबलपुर विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता महात्मा गान्धी काशी विद्यापीठ ने रांची को हराकर प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया।
कोच सतीष नारायण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में रोहित ने तीन गोल कर टीम को अग्रले चक्र में प्रवेश दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने ग्रुप के क्वालीफाई मैच में विद्यापीठ ने रांची विश्वविद्यालय को 8-3 के अंतर से हराकर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालरीय प्रतियोगिता खेलने के लिए अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। विद्यापीठ की तरफ से रोहित चौहान ने तीन, अभिषेक ने दो और गोविंद, संदीप, आकाश ने एक एक गोल किए। टीम मैनेजर डाक्टर दिनेश कुमार सिंह व कोच सतीश सिंह है।
यूपी कॉलेज में 1500 ने दिखाई प्रतिभा
उदय प्रताप कॉलेज के 115वें संस्थापन समारोह पर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश वर्मा ने किया। यूपी कॉलेज के पांच इकाइयों के 1500 खिलाड़ियों ने आठ स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाई। 1500 मीटर दौड़ में रितेश दीक्षित ने प्रथम स्थान हासिल किया।
सीनियर बालक वर्ग में सौ मीटर आशीष यादव, दो सौ मीटर दौड़ में श्याम, आयुष, आठ सौ मीटर में सत्यम, ऊंची कूद में रमाशीष यादव, शॉटपुट में समीर सिंह, डिस्कस थ्रो में वीर प्रताप सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. राहुल सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। स्वागत प्राचार्य प्रो. डीके सिंह ने किया।
नंदनी ने 200, 800 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण
प्रादेशिक महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता गोरखपुर में खेली गई। इसमें आठ खिलाड़ियों ने नौ पदक जीते हैं। एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक खिलाड़ियों ने जीते हैं। नंदनी राजभर को दोहरी सफलता मिली है। नंदनी ने दो और आठ सौ मीटर दौड़ और प्रियंका सरोज ने सौ मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। सौ मीटर दौड़ में कीर्ति यादव, ऊंची कूद में आयुषी यादव, तीन हजार मीटर दौड़ में अलका बिंद जबकि लंबी कूद में रीना कन्नौजिया ने रजत पदक जीता है। आठ सौ मीटर दौड़ में संध्या यादव और लंबी कूद में प्रतिभा राय ने कांस्य पदक जीता है।
राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए यूपी की टीम घोषित कर दी गई है। यूपी टीम में काशी के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स अंडर-17 बालक-बालिका प्रतियोगिता 26 से 30 नवंबर तक लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में होगी। उत्तर प्रदेश की ओर से चार एथलीट पदक पर दावा ठोकेंगे। चारों एथलीट विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर के छात्र हैं। सौ मीटर दौड़ में जमील अली, दो सौ मीटर दौड़ में हरित चौधरी, चार सौ मीटर दौड़ में अभय कुमार दुबे और लंबी कूद में रजत कुमार प्रतिनिधित्व करेंगे।
बीएलडब्ल्यू ने बास्केटबॉल में जीते दो मुकाबले
मेहरबान सिंह का पुरवा के सीएचएस गुरुकुलम स्कूल में 63वीं उप्र सीनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में मथुरा, हापुड, अलीगढ़, आगरा, मैनपुरी, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, नॉर्थ ईस्ट रेलवे, प्रयागराज, बीएचयू ने अपने-अपने मैच जीते। वहीं, बीएलडब्ल्यू ने दो मैचों में जीत दर्ज की। अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी अभिनव सिंह पुंडीर ने मैच शुरु करवाए। तीसरे मैच में बीएलडब्ल्यू ने आगरा को 73-67 से पराजित किया। 11वें मैच में बीएचयू ने शामली को 59-46 से और 12वें मैच में बीएलडब्ल्यू ने सिद्धार्थनगर को 59-11 से हराया।
ज्योति ने यूथ क्लब को फाइनल में पहुंचाया
हॉकी बनारस की ओर से बृहस्पतिवार शाम परमानंदपुर के खेल मैदान पर जिलास्तरीय मैच का सेमीफाइनल खेला गया। यूथ क्लब ने बनारस स्पोर्ट्स क्लब को दो गोल से हरा दिया। यूथ क्लब को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका गोलकीपर ज्योति चौहान ने निभाई। उन्होंने बनारस क्लब के चार गोल को रोक कर टीम को हार से बचाने में अहम भूमिका निभाई। पहली सफलता यूथ क्लब को सातवें मिनट में मिली।
अंशिका ने गोल कर यूथ क्लब का स्कोर 1-0 कर दिया। तीन मिनट बाद टीम की फॉर्वर्ड खिलाड़ी तनु यादव ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। 15वें मिनट में बनारस स्पोर्ट्स क्लब की नंदनी प्रजापति ने पहला गोल कर स्कोर 2-1 किया। 20वें मिनट में यूथ क्लब की विजय लक्ष्मी ने गोल कर स्कोर 3-1 पर पहुंचा दिया। दूसरे हाफ में यूथ क्लब की से 35वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला। जिसे बनारस स्पोर्ट्स क्लब की तंशु गौड़ ने गोल में बदल कर स्कोर 3-2 कर दिया। 39वें मिनट में यूथ क्लब की मुस्कान ने गोल कर स्कोर 4-2 कर दिया।