फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Varanasi Fraud of 30 lakhs from broker throat of youth slit by Chinese thread

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : आढ़ती से 30 लाख की धोखाधड़ी, चाइनीज मांझे से कटा युवक का गला

Fri, 08 Nov 2024 11:48 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 08 Nov 2024 11:48 AM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाने में आढ़ती ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। मामला लगभग 30 लाख का है। वहीं, रामनगर में बाइक से घर जा रहे एक युवक की चाइनीज मांझा गर्दन से गला कट गया। उसे गंभीर हालत में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती करवाया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Special news of Varanasi Fraud of 30 lakhs from broker throat of youth slit by Chinese thread
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पहड़िया मंडी के आढ़ती शिव शंकर पांडेय ने 30 लाख 69 हजार 350 रुपये हड़पने के आरोप में लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सिंधौरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी शिव शंकर पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह परमानंदपुर में रहते हैं। पहड़िया मंडी में उनकी आढ़त है। उन्होंने किशन सोनकर, पवन जायसवाल और उनके लोडर शंकर सोनकर से बातचीत की। उन्होंने तीनों के कहने पर 46 लाख 90 हजार रुपये का निवेश किया। उन्हें 16 लाख 20 हजार 650 रुपये वापस किया। शेष 30 लाख 69 हजार 350 रुपये मूलधन और मुनाफा नहीं दिए। 

विज्ञापन


युवक ने फंदा लगाकर जान दी, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रोहनिया के नकाईन गांव में पंखे के सहारे दुपट्टे का फंदा लगाकर सौरभ सिंह (24) ने जान दे दी। पिता ने आरोप लगाया कि पैसे के लिए प्रताड़ित किए जाने के कारण उनके बेटे ने जान दी है। पिता की तहरीर पर रोहनिया थाने की पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।  
विज्ञापन


पिता लाल बिहारी पटेल ने रोहनिया थाने की पुलिस को बताया कि गत 20 जुलाई को बखानी की रहने वाली सोनम, उसके पति और पिता जनार्दन सिंह ने सौरभ के खाते में सात लाख रुपये आरटीजीएस किया था। फिर, उसी दिन बैंक से सौरभ से पैसा निकलवाकर ले लिया था। बीत शाम जनार्दन सिंह और ओम प्रकाश केशरी नकाईन स्थित सौरभ की पशु आहार की दुकान पर आए और उससे पैसे की मांग करने लगे। सौरभ ने कहा था कि उसने सात लाख रुपये बैंक से निकालकर 20 जुलाई को ही दे दिया था। उसके अलावा आप लोगों के प्रताड़ित करने पर पांच लाख रुपये अलग से दे चुका हूं।

विज्ञापन
विज्ञापन

छठ पूजा कर रहे परिवार को मनबढ़ युवकों ने पीटा 
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पर छठ पूजा करने आए मुगलसराय निवासी एक परिवार के लोगों को मनबढ़ युवकों ने पीट दिया। मामले को लेकर हरिशंकरपुर, मुगलसराय निवासी सौरभ केशरी ने दो नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट के आरोप में आदमपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सौरभ के मुताबिक वह परिवार के साथ राजघाट पर पूजा कर रहा था। नाव पर सवार करीब 12 लड़के उससे विवाद करने लगे। 

पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 19.56 लाख ठगे
पार्ट टाइम जॉब और होटल प्रमोशन के नाम पर साइबर जालसाजों ने दो लोगों को 19 लाख 56 हजार रुपये की चपत लगा दी। दोनों भुक्तभोगियों ने साइबर क्राइम पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। नई बस्ती, पांडेयपुर की किरन साहू ने पुलिस को बताया कि मुनाफे के लालच में उन्होंने 9,56,169 रुपये का निवेश किया। उधर, गंगोत्री नगर, शुद्धीपुर निवासी आनंद सिंह पटेल ने बताया कि जालसाजों के झांसे में आ गए और लगभग 10 लाख रुपये का निवेश कर डाले।

दो दुकानों से चोरी, दो दुकान में प्रयास
कमिश्नरेट के सारनाथ और लोहता थाना क्षेत्र में चोरों ने दो दुकानों में चोरी की। दो दुकान में चोरों ने चोरी का प्रयास किया। पुलिस ने मौका मुआयना किया। सारनाथ थाना क्षेत्र के पंचक्रोशी चौराहा पर पुलिस पिकेट से लगभग सौ मीटर की दूरी पर पैगंबरपुर निवासी ओम प्रकाश मौर्या का मेडिकल स्टोर है।

ताला तोड़कर चोर 40 हजार रुपये चुरा ले गए। इसके पहले वही चोर रात लगभग 1.40 बजे अरविंद कुमार सेठ की आभूषण की दुकान में चोरी का प्रयास करते कैद हुए हैं। उधर, लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में चोर संदीप केसरी के किराना की दुकान से15 हजार रुपये और कुछ सामान चुरा ले गए। 

मकान की दीवार गिराने को लेकर विवाद, हंगामा
श्री काशी विश्वनाथ धाम के समीप स्थित फूलमंडी में एक मकान की दीवार गिराने को लेकर बुधवार की रात दो पक्षों में विवाद हो गया। घटना के विरोध में एक पक्ष ने जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर पहुंची चौक थाने की पुलिस ने काम रुकवा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को जमीन के कागज के साथ चौक थाने बुलाया है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस संबंध में इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों को मकान और जमीन से संबंधित कागज लेकर थाने बुलाया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

फायरिंग करने वाले बदमाश नहीं चढ़े हत्थे
जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर की गई फायरिंग के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली। घटना को लेकर क्षेत्र के एक चर्चित अपराधी का भी नाम चर्चा में है। पुलिस उसे भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हाथी बाजार में बुधवार की देर शाम एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पूर्व प्रधान के पुत्र व प्रॉपर्टी डीलर मनोज सिंह के कार्यालय में पांच राउंड फायरिंग की थी। एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ ही पुलिस की चार अन्य टीमें जांच कर रही हैं। मनोज सिंह की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

आईएमए कर्मी की कार का शीशा तोड़ कर बैग ले गए 
कोतवाली थाना क्षेत्र के मच्छोदरी स्थित बिड़ला अस्पताल के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़ कर उचक्कों ने बैग पार कर दिया। लोहता थाना क्षेत्र के हथियान वीर बाबा कॉलोनी निवासी राम कुमार गुप्ता लहुराबीर स्थित आईएमए में कार्यरत हैं। वह परिवार समेत कार से गाय घाट पर छठ पूजा करने आए थे। रामकुमार गुप्ता ने बताया कि वापस आए तो उन्होंने देखा कि कार के पिछले दरवाजे का शीशा टूटा हुआ है और अंदर रखा बैग गायब था।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के घोसिला गांव के सामने ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक मौत हो गई। स्थानीय लोगो की सूचना पर पहुंची कपसेठी थाने की पुलिस युवक के शव की पहचान नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 30 साल थी। वह नीले रंग की टी-शर्ट और चेकदार हाफ पैंट पहने हुए था। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार युवक रेलवे ट्रैक के बीचोंबीच जा रहा था और उसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया।

डंपर ने अधेड़ को कुचला, मौत
सारनाथ के दामोदरपुर (छाही) नहर पर बीती शाम एक टेलर को डंपर ने कुचल दिया। मौके पर ही टेलर की मौत हो गई। परिजनों ने डंपर मालिक और चालक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए सारनाथ थाने की पुलिस को शव को कब्जे में नहीं लेने दिया। हालांकि सारनाथ थानाध्यक्ष के कार्रवाई के आश्वासन पर सभी मान गए। नई बाजार, पतेरवा निवासी अशोक राजभर (52) कपड़ा सिलाई का काम करते थे। भतीजे आशीष ने बताया कि शाम को वह अपने दोस्त को छोड़कर पैदल दामोदरपुर नहर पर पैदल ही जा रहे थे।

गैस सिलिंडर से रिसाव ठीक करते समय युवक झुलसा
मिर्जामुराद के करधना गांव में घर में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर से रिसाव होने पर उमेश कुमार उसे ठीक कर रहा था। उसी दौरान अचानक सिलिंडर में आग लग गई। आग बुझाने में उमेश कुमार (45) झुलस गया। उमेश को उपचार के लिए निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

चीनी मंझे से बाइक सवार की गर्दन कटी, भर्ती
रामनगर के साहित्यनाका मोड़ के पास अहरौरा निवासी 25 वर्षीय बाइक सवार राहुल मौर्या की चीनी मंझे से गर्दन कट गई। घटना उस समय हुई जब राहुल अपने घर जा रहा था। आसपास के लोगों ने से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। गर्दन में चार टांके लगाने पड़े। इधर सीएमएस डा. गिरीश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि युवक के गले में टाके लगा दिए गए हैं। 

चलते वाहन में आग लगी, बचा चालक 
सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर स्थित रिंग रोड के ओवरब्रिज पर दोपहर बाद चलती मैजिक वाहन में अचानक आग लग गई। चालक ने कूदकर जान बचाई। भदोही के बरेला गांव निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वह वाराणसी से मैजिक में खैनी का चूना लादकर ले जा रहा था। परमपुर स्थित ओवरब्रिज पर मैजिक में अचानक आग लग गई।

महिला के शव की हुई शिनाख्त 
चौकाघाट कॉरिडोर के पास वरुणा नदी में लगभग 60 वर्षीय महिला का शव मिला। बीती शाम महिला की शिनाख्त कैंट थाना क्षेत्र की पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पीछे गोफा वीर बाबा मंदिर, जदीद बाजार के पास रहने वाली शारदा देवी के रूप में हुई। महिला के पुत्र रामचंद्र पटेल ने बताया कि बुधवार सुबह उसकी मां घर से निकली थी।

लाहिड़ी महाशय के प्रपौत्र शिवेंदु लाहिड़ी का निधन
क्रिया योग के प्रणेता श्यामाचरण लाहिड़ी महाशय के प्रपौत्र शिवेंदु लाहिड़ी (86) का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने चौसठ्ठी घाट स्थित सत्यलोक आश्रम में अंतिम सांस ली। आश्रम के विजय वाजपेयी ने बताया कि उनकी अंतिम यात्रा आठ नवंबर को शाम पांच बजे आश्रम से मणिकर्णिका घाट के लिए निकलेगी। वह वर्तमान क्रिया योग के विश्वगुरु थे और उनके देश-विदेश में 21 हजार शिष्य हैं। 

हवा में नमी, 19 डिग्री सेल्सियस पहुंचा न्यूनतम पारा
इस सप्ताह की शुरुआत से मौसम में बदलाव का असर बना हुआ है। इधर दो दिन से हवा में नमी बने रहने की वजह से रात में ठंड भी थोड़ी अधिक लग रही है। दिन में बादलों की आवाजाही के कारण धूप का असर भी कम रहा। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा तो न्यूनतम तापमान एक बार फिर 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इधर पांच दिन से न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव अभी कुछ दिन इसी तरह देखने को मिल सकता है। 

बीएचयू में पांच सदस्यीय कमेटी करेगी पेड़ों की कटाई पर फैसला
बीएचयू में पेड़ों की कटाई को लेकर पिछले दिनों उठे सवाल के बाद विश्वविद्यालय में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी परिसर में पेड़ों की सुरक्षा, कटाई, छंटाई के साथ ही पौधरोपण पर भी फैसला लेगी। कमेटी अपनी सिफारिश कुलपति को प्रस्तुत करेगी।

बीएचयू के कुलसचिव कार्यालय की ओर से कमेटी के गठन को लेकर बृहस्पतिवार को आदेश जारी किया गया। इसमें कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह ने बताया है कि परिसर में पेड़ों की सुरक्षा, पौधरोपण, छंटाई, कटाई और कटान के लिए गठित कमेटी का पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान के निदेशक प्रो. एएस रघुवंशी को अध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही हार्टिकल्चरिस्ट यूनिट के प्रोफेसर इंचार्ज, हार्टिकल्चर विभागाध्यक्ष या उनके नाॅमिनी, वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. अभिषेक द्विवेदी को सदस्य बनाया गया है। असिस्टेंट रजिस्ट्रार एसएसएस आरके सोनी को सदस्य सचिव बनाया गया है। ब्यूरो

दुर्गाचरण गर्ल्स इंटर कॉलेज का शताब्दी वर्ष 9 से
दुर्गाचरण गर्ल्स इंटर कॉलेज सोनारपुरा में 9 से 11 नवंबर तक शताब्दी वर्ष मनाया जाएगा। प्रबंधक देवाशीष ने बताया कि शैक्षणिक और शिक्षणोत्तर (सांस्कृतिक / खेलकूद) पटल पर कॉलेज तीन दशक से पूर्वांचल के दस श्रेष्ठ बालिका विद्यालयों में प्रमुख है। 9 नवंबर को समारोह का उद्घाटन राज्यमंत्री मंत्री रविंद्र जायसवाल करेंगे। राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 10 नवंबर को मुख्य अतिथि होंगे। 11 को समापन समारोह होगा। मुख्य अतिथि विदुषी दर्शना सिंह होंगी। इस दौरान 175 प्रतिभाएं अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने किया भ्रमण
प्राथमिक विद्यालय जमापुर के 50 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के तहत सारनाथ, स्वर्वेद मंदिर व मार्कंडेय महादेव का भ्रमण कराया गया। छात्रों ने सबसे पहले कैथी के गंगा घाट व मार्केंडय महादेव मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद स्वर्वेद मंदिर में कलाकृतियों को देखा। फिर सारनाथ के पुरातात्विक स्थल व चिड़िया घर के साथ संग्रहालय को भी देखा। अशोक स्तंभ व भगवान बुद्ध के बारे में जानकारी ली। इस दौरान विनोद कश्यप, संजय गुप्ता, अरविंद वर्मा, डॉ. राजीव गौतम, सरिता देवी मौजूद रहे। 

दवाओं के निर्माण में प्रोटीन डिजाइन उपयोगी
बीएचयू के विज्ञान संकाय में जाने माने वैज्ञानिक सीवी रमन की जन्म शताब्दी पर व्याख्यान में वक्ताओं ने भौतिक, रसायन के साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा की। आईआईटी कानपुर में रसायन विभाग के प्रो. निशांत एन नायर ने कंप्यूटरीकृत प्रोटीन डिजाइन और प्रोटीन स्ट्रक्चर प्रेडिक्शन पर चर्चा कर कहा कि इस खोज से मानव कल्याण के लिए नई दवाइयां बनाई जा सकेंगी। 

व्याख्यान शृंखला में प्रो. नायर ने रसायन के क्षेत्र में नोबल पुरस्कार पाने वाले डेविड बेकर, डेमिस एच, जॉन एम जंपर के योगदान की चर्चा की। जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एससी लखौटिया ने इस साल के मेडिसिन के क्षेत्र के नोबेल पुरस्कार विजेताओं में विक्टर एंब्रोस, गैरी रुवकुन के खोज के बारे में बताया। आईआईएससी बंगलूरू के भौतिकी विभाग के प्रो. चंदन दास गुप्ता ने भौतिकी के क्षेत्र के नोबेल पुरस्कार विजेताओं के सिद्धांतों की बात की। संचालन प्रो. अरुण ने किया। 

परीक्षा केंद्र निर्धारण की समयसारिणी में संशोधन
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 2025 की परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की समयसारिणी में बोर्ड ने संशोधन किया है। बोर्ड की तरफ से विद्यालय के भौतिक सत्यापन के बाद तहसील स्तरीय समिति की आख्या को डीएम ने डीआईओएस के माध्यम से वेबसाइट upmsp.edu.in पर चार नवंबर तक अपलोड और अपडेट करने का समय दिया था। 

यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑनलाइन चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के परीक्षण के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर इसे अब 11 नवंबर तक अपलोड किया जा सकेगा। जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद परिषद की ईमेल आईडी पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण कर विद्यालय छात्र आवंटन सहित केंद्रों की अंतिम सूची वेबसाइट पर सात दिसंबर तक अपलोड की जा सकेगी। 

पहले यह समयसीमा 26 नवंबर थी। ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से निर्धारित परीक्षा केंद्र पर त्रुटि या कोई आपत्ति है तो परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 2 दिसंबर तक दे सकते हैं। पहले अंतिम तिथि 20 नवंबर थी। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि बोर्ड की तरफ से समय सारिणी में संशोधन किया गया है। इसकी जानकारी सभी विद्यालयों को दे दी गई है। 

प्रो. एस रिनपोछे ने तथागत की पूजा की 
निर्वासित तिब्बत सरकार के पूर्व प्रधानमंत्री प्रो. एस रिनपोछे तथागत की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ पहुंचे। वह केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान के कुलपति प्रो. वांगचुक दर्जे नेगी व डॉ. सुशील सिंह के साथ सुबह 8.45 बजे पुरातात्विक उत्खनित स्थल पहुंचे। उन्होंने धमेख स्तूप की पूजा कर उसकी परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में तथागत की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व शांति के लिए पूजा की।

खेवली में कल मनेगी धूमिल की जयंती
जनकवि सुदामा पांडेय धूमिल की जयंती उनकी जन्मस्थली खेवली में नौ नवंबर को मनाई जाएगी। धूमिल के ज्येष्ठ पुत्र डॉ. रत्न शंकर पांडेय ने बताया कि एमएलसी धर्मेंद्र राय के सौजन्य से बनवाए गए तोरणद्वार व जनमार्ग के लोकार्पण के साथ अग्निपक्षी! एक दंशगाथा-रामेश्वर पुस्तक का लोकार्पण भी होगा। धूमिल की कविता-समय व समाज पर परिचर्चा और कविता पाठ होगा। मनीष पटेल की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु होंगे। 

80 परिवारों की हुई घर वापसी
दक्षिण भारत की पीठ विशाखा शारदा पीठम के पीठाधिपति महास्वामी स्वरूपानंदेंद्र सरस्वती ने 80 परिवारों की घर वापसी कराई। बृहस्पतिवार को महास्वामी ने अन्य 80 परिवारों की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुद्धि कराई।सभी ने काशी विश्वनाथ मंदिर, कालभैरव, मां अन्नपूर्णा, मां विशालाक्षी के दर्शन किए। महाप्रबंधक पी किशोर ने बताया कि सभी परिवारों को विशाखापत्तनम से काशी लाया गया था। इस दौरान वीवी सुंदर शास्त्री, पी रामकृष्ण, श्रीनिवास, विजय नावड उपस्थित थे। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया पौधरोपण
दग्रूट गार्जियंस ने मलदहिया स्थित अन्नपूर्णा पार्क में पौधरोपण अभियान चलाया। इस अभियान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। ग्रूट गार्जियंस ने पिछले दो महीनों में पांच हजार पौधे लगाए हैं। 

काशी में बनेगा सनातन विवि : ऋतेश्वर महाराज
पीठाधीश्वर सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज मैकाले की शिक्षा पद्धति से अलग हटकर सनातन विश्वविद्यालय (गुरुकुलम्) वाराणसी में 1000 एकड़ भूमि पर स्थापना करने जा रहे हैं। उन्होंने वृंदावन में इस संबंध में जानकारी दी कि मेरा यही प्रयत्न है कि तनाव, बेरोजगारी और मनुष्य को यंत्र बनाने वाली शिक्षा नीति का भारत से पूरी तरह से समापन हो। हम सनातन विद्या के बल पर पुनः विश्वगुरु बन सकते हैं। आनंदम धाम के सीईओ आरएन द्विवेदी ने कहा कि विश्व का पहला सनातन विश्वविद्यालय काशी में बनने जा रहा है। 

रघुवंश भूषण दास सनातन धर्म को समर्पित रहे
महंत रघुवंश भूषण दास का संपूर्ण जीवन सनातन धर्म के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने गोरक्षा, राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए कार्य किया। ये विचार काशी सुमेरुपीठ के पीठाधीश्वर स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने राजघाट स्थित जानकी बाग आश्रम में व्यक्त किए। वह रघुवंश भूषण दास की 19वीं पुण्यतिथि पर संत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि भदोही के सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद और विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी रहे। इस दौरान महंत सिया रामदास, रामशरण दास, धनुषधारी दास, विधि भूषण दास, अवध बिहारी दास आदि रहे। 

जयापुर गांव में मना दसवां ग्राम गौरव दिवस
राजातालाब के जयापुर गांव में दसवां ग्राम गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। दस साल पहले सात नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी गांव को प्रथम सांसद आदर्श गांव के रूप में लिया था। तभी से ग्रामीण इस दिन को ग्राम गौरव दिवस के रूप में मनाते हैं। ग्रामीणों ने केक काटकर इस दिवस को मनाया। इस दौरान राहुल सिंह, विश्वनाथ, देवराज, विनोद, धर्मेंद्र पटेल, जनार्दन सिंह, राजन सिंह, संतोष मास्टर, प्रेम दादा, शिवाशंकर सिंह, संतोष पटेल आदि मौजूद रहे। 

बेनियाबाग में कल से लगेगा हस्तशिल्प मेला 
नौ से 18 नवंबर तक राजनारायण बेनियाबाग पार्क में देश के अलग-अलग राज्यों के हस्तशिल्पी और हथकरघा बुनकरों की प्रदर्शनी लगेगी। प्रेसवार्ता में विकास आयुक्त हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के हस्तशिल्प संवर्धन अधिकारी विनय कुमार और पूर्वांचल निर्यातक संघ के अध्यक्ष नवीन कपूर ने इसकी जानकारी दी।

बताया कि राष्ट्रीय गांधी शिल्प बाजार का आयोजन वस्त्र मंत्रालय की ओर से दूसरी बार काशी किया जा रहा है। शिल्प बाजार में 150 स्टॉल लगेंगे। कारपेट, फर्नीचर, दरी, लकड़ी के खिलौने, ब्लॉक प्रिंट की चादर, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, हथकरघा के वस्त्र, फर्निशिंग फैब्रिक, टेराकोटा के बने सामान, विभिन्न प्रांतों की साड़ियां, कश्मीरी शाॅल, घर की सजावट के सामान मिलेंगे। 

41वें श्याम महोत्सव में बहेगी भजनों की रसधारा
41वां श्री श्याम महोत्सव लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में 10 नवंबर रविवार को सुबह 9 बजे से मनाया जाएगा। इसकी मुख्य अतिथि शांति देवी रुंगटा होंगी। सुबह 7 बजे संस्था के संरक्षक सूर्योदय शास्त्री के नेतृत्व में रुद्राभिषेक होगा। आचार्य संजय हजारी सुंदरकांड का पाठ करेंगे। प्रभु को 56 प्रकार का भोग अर्पित किया जाएगा।

ये जानकारी कार्यक्रम संयोजक महेश चौधरी, अरविंद जैन,संदीप शर्मा एवं अक्षत शर्मा ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव में  महोत्सव में देशभर के कई नामी गिरामी भजन गायक अपने सुरों से श्याम प्रभु की आराधना करेंगे। इसमें जयपुर के प्रख्यात भजन गायक दादा कुमार नरेंद्र, कोलकाता से संजू शर्मा, अशोक शर्मा होंगे। 

विधायक ने बनाया बुजुर्ग का आयुष्मान कार्ड
सत्तर साल से अधिक के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड मंडलीय अस्पताल में विशेष कैंप लगाकर बनाए गए। शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बिरदोपुर निवासी अवधेश सिंह का कार्ड बनाकर उन्हें दिया। 

मंडलीय अस्पताल में 85 समेत पूरे जिले में 856 लोगों के कार्ड बनवाए गए। शुक्रवार को विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर में आयुष्मान कार्ड के लिए कैंप लगाया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 साल के बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड कैंप लगाकर बनाने की शुरुआत हो गई। 

सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि बुजुर्ग आयुष्मान एप से स्व पंजीकरण के माध्यम से या आयुष्मान मित्र, जनसेवा केंद्र, पंचायत सचिवालय में पंचायत सहायक, कोटेदारों और आशा कार्यकर्ता के माध्यम से बनवा सकते हैं। 

भारत, भारती, भारतीयता के समर्पित साधक थे पराड़कर
विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय ने कहा कि बाबू राव विष्णु पराड़कर भारत, भारती और भारतीयता के समर्पित साधक थे। पत्रकारिता के सामाजिक दायित्व की वे समझ रखते थे। देश के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक नवजागरण में उनके लेखन का महत्वपूर्ण स्थान था। ये विचार उन्होंने बृहस्पतिवार को पराड़कर जयंती पर काशी पत्रकार संघ की तरफ से पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित संगोष्ठी में रखे।

समाजवादी चिंतक विजय नारायण ने पराड़कर जी को हिंदी पत्रकारिता के नवयुग का प्रवर्तक बताया। प्रो. श्रद्धानंद, डॉ. महेंद्र तिवारी अलंकार, योगेश कुमार गुप्त, सुभाष चंद्र सिंह ने कहा कि पराड़कर जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। डॉ. कवींद्र नारायण, दीपेश चंद्र चौधरी और एके लारी ने भी विचार रखे। अध्यक्षता  डाॅ. अत्रि भारद्वाज  ने की। संचालन अखिलेश मिश्र व धन्यवाद अरुण मिश्र ने किया। 

ई-मेल पर मिलेगा बर्थ सर्टिफिकेट
राजकीय जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा में बर्थ सर्टिफिकेट बनाने के लिए अब अस्पताल का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर आप प्रपत्र में अपनी ई-मेल आइडी डालते हैं तो आपको ई-मेल पर बर्थ सर्टिफिकेट मिल सकेगा। जिला महिला चिकित्सालय के डेटा एंट्री ऑपरेटर अजीत मिश्रा ने बताया कि इस पहल से उन लोगों को भी मदद मिलेगी जो दूसरे राज्य से यहां प्रसव के लिए आते हैं। 

सर्वर फेल, पहले दिन राशन वितरण ठप
आपूर्ति विभाग नवंबर माह का गेहूं, चावल का वितरण बृहस्पतिवार सात नवंबर से शुरू किया गया। सर्वर फेल होने से पहले दिन आपूर्ति नहीं हो सकी। कार्डधारक पूरे दिन इंतजार करते रहे। सर्वर फेल होने से ई-पास मशीन ही नहीं खुली। आपूर्ति विभाग के अफसरों से कोटेदारों ने संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि एनआईसी लखनऊ से कुछ दिक्कत है। 

आईजीआरएस में काशी तीसरी बार अव्वल
एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत आने वाली शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में कमिश्नरेट की पुलिस लगातार तीसरे माह पहले स्थान पर है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश स्तर पर कमिश्नरेट की पुलिस के कामकाज को 125 में से 125 अंक प्राप्त हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed