फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Special news of Purvanchal Lakhs stolen from teacher house aunt making reel innocent drowned in Ganga

एक क्लिक में पूर्वांचल की खास खबरें: शिक्षक के घर से लाखों की चोरी, मौसी बना रही थी रील, मासूम गंगा में डूबा

Tue, 05 Nov 2024 04:59 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 05 Nov 2024 04:59 PM IST
सार

Varanasi News : पूर्वांचल के गाजीपुर में एक अध्यापक के मकान से लाखों रुपये का सामान गायब कर दिया। पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, गाजीपुर में सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में एक मासूम की मौत गंगा में डूबने से उस वक्त हो गई जब उसकी मौसम रील बनाने में व्यस्त हो गई थी। आइए जानते हैं अन्य जिलों की खास खबरें...

विज्ञापन
Special news of Purvanchal Lakhs stolen from teacher house aunt making reel innocent drowned in Ganga
पूर्वांचल की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

गाजीपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के बीकापुर गांव स्थित एक अध्यापक के मकान के मुख्यगेट की कुंडी तोड़कर चोरों ने बीती रात लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। 

विज्ञापन


शिक्षक ससुर के तेरहवीं में शामिल होने ससुराल गए थे। पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल पहुंच कर मामले की छानबीन की। पीड़ित ने चोरी की तहरीर दी है। बलिया निवासी अनूप सिन्हा शहबाजकुली प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात हैं। पत्नी भी सरकारी शिक्षक हैं। अनूप सिन्हा बीकापुर में मकान बनाकर रहते हैं। 
विज्ञापन


बीते 3 अक्तूबर को ससुर की तेरहवीं में शामिल होने के लिए वह परिवार के साथ बलिया चले गए थे। मकान में ताला बंद था। सुबह पड़ोसियों ने उन्हें फोन करके बताया कि मकान के मुख्य गेट की कुंडी टूटी है। जानकारी होने पर जब पीड़ित घर पहुंचा तो प्रत्येक कमरे के दरवाजे पर लगा ताला टूटा था और सामान बिखरा था।
विज्ञापन
विज्ञापन


पीड़ित अनूप सिन्हा ने बताया कि चोरों ने अटैची में रखे 20 लाख रुपये से ऊपर के आभूषण और तीन लाख रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। देर शाम तक जांच के बाद भी कुछ खास सफलता नहीं मिल सकी। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच चल रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। 

ददरी मेला : जीविका के साथ मिलता है जीवन साथी

ऐतिहासिक ददरी मेले के नंदीग्राम में लगने वाले दो दिवसीय गर्दभ बाजार की एक और खासियत है। बाजार के माध्यम से जाति विशेष के लोगों द्वारा रिश्तों की नई पौध भी रोपित की जाती है।

इससे न सिर्फ उनमें आपसी लगाव बढ़ता है बल्कि दो व्यापारियों परिवारों के बीच संबंधों की डोर भी बंधती है। यही कारण है कि ददरी मेले का जाति विशेष के लोगों द्वारा इंतजार किया जाता है। वर्ष 2021 में करीब 300 से अधिक कारोबारियों ने अपने बच्चों के लिए रिश्ते की बात की थी।

इतिहासकार डॉ. शिकुमार सिंह कौशिकेय गर्दभ बाजार की विशेषता का जिक्र करते हुए बताते हैं कि ददरी मेले की ऐतिहासिकता और व्यापकता को देखते हुए यहां दूर-दूर से पशु कारोबारी आते हैं। पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ ही अपने लड़के-लड़कियों के लिए वर और वधू की भी तलाश करते हैं। अपने काम धंधे में व्यस्त होने के कारण ये लोग एक दूसरे से मिलने से वंचित रहते हैं, ऐसे में इस दो दिवसीय बाजार में  अपनों से मिलकर उन पर खूब स्नेह लुटाते हैं। बल्कि वैवाहिक निमंत्रणों का भी आदान-प्रदान करते हैं।

डॉ. शिकुमार सिंह कौशिकेय ने कहा कि इससे मेले की महत्ता और बढ़ जाती है। मेले में विशेष जाति के स्थानीय लोगों के साथ ही बिहार के निवासी आते हैं। अपनी पसंद और नापसंद के लिहाज से उन्हें जीविका के साथ-साथ जीवन साथी मिल जाता है। पहले नंदीग्राम में गाजियाबाद, प्रयागराज, जम्मू-कश्मीर, कौशांबी, जयपुर, वाराणसी के अलावा नेपाल, बिहार के कारोबारी आते थे। दिन में जानवरों की खरीद-फरोख्त करते थे।

रात में लोक नृत्य पखावज के बीच अपने लड़के और लड़कियों के लिए रिश्तों की बात करते थे। वर्ष 2021 में करीब 300 से अधिक कारोबारियों ने रिश्ते की बात की थी। जबकि मेले के गर्दभ बाजार में 2000 के करीब कारोबारी आए थे। इसके बाद दो वर्ष तक मेले का आयोजन नहीं हुआ।

शव दफनाने को लेकर हुआ विवाद
आजमगढ़ के सठियांव में कब्रिस्तान की जमीन के विवाद ने तूल पकड़ लिया। सुबह जोगी बस्ती के एक पक्ष ने एक शव दफनाने के लिए कब्रिस्तान में गड्ढा खोदना शुरू किया, तो दूसरे पक्ष ने इसका विरोध करते हुए रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्ष चौकी पहुंचे। यहां लेखपाल खुशी सिंह भी मौजूद थीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। मामला उप जिलाधिकारी सदर सुनील कुमार धन्वंता के सामने पहुंचा। 

अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत
गाजीपुर शहर कोतवाली के चंद्रशेखरनगर ओवरब्रिज के पास स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार की रात ऑपरेशन कक्ष में पहुंची गर्भवती महिला की मौत हो गई। सुबह परिजन एवं ग्रामीण अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। 

मृतका के ससुर की तहरीर पर निजी अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के तीन घंटे बाद धरने से उठे। वहीं, सीएमओ ने अस्पताल को सील कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच बैठा दी। वहां एक भर्ती महिला मरीज को उपचार के लिए महिला अस्पताल भेज दिया। नंदगंज थाना के ठेगुना सैचिना निवासी कन्हैया बिंद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बहू रामप्यारी बिंद पत्नी वीरेंद्र बिंद मायके शहर कोतवाली के सकरा बिंद पुरवा गांव में एक वर्ष से थी। 

गर्भवती बहू रामप्यारी की तीन नवंबर की शाम प्रसव पीड़ा होने पर भाई सूरज कुमार और परिजनों के साथ इलाज के लिए चंद्रशेखरनगर ओवरब्रिज स्थित एक निजी अस्पताल पहुंची। सीएमओ डा. सुनील पांडेय ने बताया कि अस्पताल को सील करा दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल का लाइसेंस भी रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

मौसी बना रही थी रील, मासूम की गंगा में डूबने से हुई मौत
गाजीपुर के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के पक्का घाट पर सोमवार को मां, नानी और मौसी के साथ नहा रही चार वर्षीय मासूम की गंगा में डूबने से माैत हो गई। छठ पर्व पर बच्ची अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी।

बताते हैं कि हादसे के वक्त घाट पर मौसी रील बना रही थी और परिवार के सदस्य नहाने में व्यस्त थे। गोताखोरों एवं मछुवारों ने चार घंटे बाद घटनास्थल से करीब 75 मीटर दूर शव बरामद किया।

वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित उमरहां गांव निवासी तान्या (4) छठ पूजा में शामिल होने के लिए मां अंकिता पांडेय के साथ ननिहाल गांव बौरवां आई थी। सोमवार सुबह करीब आठ बजे तान्या अपनी मां , नानी लक्ष्मीना, मौसी स्मृति पांडेय और मामी के साथ पक्का घाट पर गई थी। गंगा में सबके साथ तान्या भी नहा रही थी।

मौसी इंस्टाग्राम के लिए रील बनाने लगी। इसी बीच तान्या गंगा में नहाते-नहाते पानी में समाने लगी, जब दूसरी बार मासूम पानी में ऊपर आई तो आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इस पर परिजनों को मासूम के डूबने की जानकारी हुई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस भी पहुंच गई। गोताखोर और मछुआरे बच्ची की तलाश में जुट गए। करीब चार घंटे बाद घटनास्थल से करीब 75 मीटर दूर शव मिला। सैदपुर कोतवाल योगेश कुमार सिंह ने बताया कि पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

डीपीओ की पत्नी का मिला शव
वन विभाग में जिला गंगा समिति के परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम की पत्नी प्रियंका की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा स्थित किराए के मकान में वह बेसुध पड़ी थीं। 

पड़ोसी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतका के पति का पता नहीं है। उनका मोबाइल भी बंद है।  मूल रूप से सीतापुर जिले के रहने वाले महेंद्र देव गौतम (32) वन विभाग के अंतर्गत जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी (डीपीओ) के पद पर तैनात हैं।

करीब छह माह से वह राॅबर्ट्सगंज के उरमौरा स्थित एक किराए के मकान में पत्नी प्रियंका (28) के साथ रहते थे। लंबे समय से पति-पत्नी में विवाद चल रहा था। दिवाली पर दोनों अपने घर गए थे। छुट्टी खत्म होने के बाद महेंद्र रविवार की सुबह कमरे पर लौटे थे तो वहीं शाम को प्रियंका भी अकेले पहुंची थीं। पड़ोसियों के मुताबिक सोमवार की सुबह पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ।

इसके महेंद्र अपने दफ्तर चले गए, वहां से वे कुछ जरूरी काम होने की बात कहकर निकल गया। इस बीच किरायेदार प्रियंका के चीखने की आवाज सुनकर जब कमरे में पहुंचे तो वह बेसुध होकर नीचे गिरी थीं। पुलिस को सूचना देते हुए आस-पास के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर जहर के सेवन से मौत की आशंका जताई गई है। प्रियंका का शव देर शाम तक अस्पताल में पड़ा रहा।

पुलिस मायके वालों के आने का इंतजार कर रही थी। मौत की सूचना पर पहुंचें लोढ़ी चौकी प्रभारी संजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मृतका के मायके वालों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मायके के लोग सोनभद्र के लिए रवाना हो गए हैं। फोन पर बातचीत में रोते बिलखते उन्होंने सिर्फ इतना ही बताया कि महेंद्र प्रियंका से रिश्ता तोड़ने और छोड़ कर जाने का दबाव बने रहे थे। उन्होंने प्रताड़ना का आरोप भी लगाया है।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
मिर्जापुर शहर कोतवाली पुलिस ने युवती का अश्लील वीडियो बनाकर दुष्कर्म किए जाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक मोहल्ला निवासी युवती ने तीन नवंबर को थाने में तहरीर देकर बताया कि एक युवक उसका अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देकर दुष्कर्म करता है। युवती ने यह भी बताया कि उसकी शादी हो गई है। शहर कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि अश्लील वीडियो बनाकर दुष्कर्म करने के आरोपी मधुसूदन गिरी उर्फ शुभम गिरी को सोमवार को सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 

पशु तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार
चंदौली के सैयदराजा थाने की पुलिस ने नौबतपुर से पशु तस्करी के आरोप वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के बंदेपुर गांव के रहने वाले अभिषेक भारती और सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया। साथ ही इनके पास से पिकअप में लदे तीन प्रतिबंधित पशुओं को मुक्त कराया। थाना प्रभारी मुकेश कुमार तिवारी ने बताया कि एनएच 2 हाइवे पर नौबतपुर पुलिया यार्ड से पहले मंदिर के पास वाहनों की जांच के दौरान एक पिकअप को पकड़ा गया। जिसमें तस्कर प्रतिबंधित पशुओं को लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे। 

Special news of Purvanchal Lakhs stolen from teacher house aunt making reel innocent drowned in Ganga
कच्छा-बनियान गिरोह की पिटाइ से घायल महिला। - फोटो : अमर उजाला

24 घंटे बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं मिला
आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ में शनिवार की रात कच्छा-बनियान गिरोह की ओर से की गई डकैती के मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। बदमाशों का पता नहीं लगाया जा सका है। लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बदमाशों का जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सिधारी के शाहगढ़ निवासी प्रभावती देवी के घर शनिवार की रात कच्छा बनियान गिरोह के बदमाशों ने डकैती डाली थी। 

घर के पिछले हिस्से में मौजूद चैनल का ताला काटकर घर में दाखिल होने के बाद बदमाशों ने सरिया और डंडे से हमला करके परिवार के तीनों सदस्यों को घायल कर दिया था। 9 वर्षीय सृष्टि और 6 वर्षीय आयूष को बंधक बना लिया था। इसके बाद लाखों की नकदी और जेवरात उठा ले गए थे। लोगों का कहना है कि इस घटना से पुलिस की गश्त सवालों के घेरे में है। लोगों ने बताया कि शाहगढ़ में सात अक्तूबर की रात में प्यारी देवी के घर में चोरी हुई थी। चोर जेवरात और नकदी उठा ले गए थे। सुबह घर से 200 मीटर दूरी पर टूटा हुआ बक्सा व सूटकेस मिले थे। इस घटना का भी खुलासा नहीं हो सका है। थाना प्रभारी सिधारी वीरेंद्र कुमार वर्मा का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

किशोर का शव मिलने की जांच की मांग
चंदौली के करौती गांव में 17 वर्षीय आकाश विश्वकर्मा का शव कुएं में मिलने की जांच कराने की मांग को लेकर भाकपा माले के प्रतिनिधि रविवार को कंदवा थाने पहुंचे। उन्होंने थानाध्यक्ष को पत्रक सौंपने के साथ पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। इंकलाबी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद ने कहा कि आकाश की हत्या कर पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे और शरीर पर तेजाब डालकर कुएं में फेंक दिया था। इस मौके पर राज्य कमेटी सदस्य शशिकांत सिंह, कृष्णा राय, अवधेश विश्वकर्मा, विजय विश्वकर्मा थे। 

चोरी के आरोप में चार गिरफ्तार
मिर्जापुर के राजगढ़ पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उसके पास से 50 किलो चोरी के लोहे बरामद हुए। नदिहार गांव निवासी अभिषेक श्रीवास्तव ने बीते तीन नवंबर को तहरीर देकर दुकान से लोहे की कबाड़ चोरी होने का आरोप लगाया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed