काशी के वासी के फिर संकटमोचक बने सोनू सूद, मुंबई में रह रहे व्यक्ति की पत्नी के वाराणसी में निधन पर जताया दुख, कहा-'आप जल्द वहां जाएंगे'
कोरोना महामारी से बचाव के लिए लागू लॉकडाउन में बहुत से लोगों का अपनों से साथ छूट गया है। लोग परेशान हैं, बेबस हैं, मदद की गुहार लगा रहे हैैं, बहुत जगहों से निराशा हाथ लग रही है, तो ऐसे में जहां-तहां फंसे प्रवासी लोगों के मददगार बने हैं अभिनेता सोनू सूद।
सोनू अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से लोगों को फरियाद सुन रहे हैं और मदद भी बखूबी कर रहे हैं। ऐसी ही एक मदद की गुहार लगाने वाले व्यक्ति को भी उन्होंने सहायता का भरोसा दिया। सोनू ने मुंबई में रहने वाले एक व्यक्ति की मदद की जिसे अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जाना था।
एक व्यक्ति ने उन्हें ट्वीट किया-, 'डियर सोनू सूद सर, मुंबई में मेरे पड़ोसी श्री सीताराम की पत्नी का वाराणसी में निधन हो गया है। अंतिम संस्कार करने के लिए सीताराम और उनके परिवार के तीन सदस्यों को वाराणसी जाना है। प्लीज मदद कीजिए सर, हमारे पास आपके अलावा कोई और सहारा नहीं है इसलिए आपसे मदद मांगी है।
सोनू ने मानवीय संवेदना व्यक्त करते हुए जवाब दिया, इस अपूरणीय क्षति पर मैं दुख जताता हूं। वह जल्द से जल्द वहां पहुंच जाएंगे। भगवान कृपा करें।