UP News: राष्ट्रीय नेटबॉल प्रतियोगिता में दो सगी बहनों सहित बनारस की छह बेटियों का चयन, दिल्ली में कल से आयोजन
राष्ट्रीय नेटबॉल प्रतियोगिता के लिए वाराणसी जिले की छह बेटियों का यूपी टीम में चयन हुआ है। 12 सदस्यीय टीम में बाकी दो-दो खिलाड़ी गाजियाबाद, नोएडा और आगरा की हैं। चार को आरक्षित सूची में भी रखा गया है।
विस्तार
राष्ट्रीय नेटबॉल प्रतियोगिता के लिए वाराणसी जिले की छह बेटियों का यूपी टीम में चयन हुआ है। इनमें दुर्गाकुंड के कबीर नगर की रहने वाली दो सगी बहनें काव्या और दिव्या सिंह शामिल हैं। बेटियां 20 से 23 अप्रैल तक नई दिल्ली में होने वाली प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
जिला नेटबॉल संघ के महासचिव रणविजय यादव ने बताया कि काव्या सिंह, दिव्या सिंह, अंजलि चौरसिया, शौर्या केसरी, मान्या जायसवाल और तृषा बोस का चयन यूपी टीम में किया गया है। 12 सदस्यीय टीम में बाकी दो-दो खिलाड़ी गाजियाबाद, नोएडा और आगरा की हैं। चार को आरक्षित सूची में भी रखा गया है। महिला खिलाड़ी बुधवार को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं।
सगी बहनें पहले भी मनवा चुकी हैं लोहा
काव्या और दिव्या पिछले वर्ष हरियाणा में आयोजित फेडरेशन कप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। सगी बहनों ने बताया कि छह साल से एक साथ यूपी टीम से खेल रही हैं। काव्या यूपी टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं। एक साथ एसजीएफआई, सीबीएसई स्कूल नेशनल और चार से पांच बार ओपन नेशनल में भी हिस्सा ले चुकी हैं।
पेशे से वकील पिता उदय प्रताप सिंह का कहना है कि बेटियां कक्षा पांच से ही नेटबॉल में लोहा मनवा रही हैं। कई मौकों पर काशी और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ा चुकी हैं।
वहीं कमच्छा की रहने वाली तृषा बोस को पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिला है। तृषा छह बार प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले की टीम को पदक दिला चुकी हैं।