UP News: बनारस क्लब की तर्ज पर होगा सिगरा स्टेडियम का संचालन, स्पोर्ट्स क्लब का हुआ रजिस्ट्रेशन
बनारस क्लब की तरह सिगरा स्टेडियम का संचालन, स्पोर्ट्स क्लब का रजिस्ट्रेशन हुआ। बनारस क्लब की तरह सिगरा स्टेडियम का संचालन होगा। इसके लिए स्पोर्ट्स क्लब का रजिस्ट्रेशन हुआ। होली बाद जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में शुल्क तय होगा।
विस्तार
सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का संचालन जल्द ही बनारस क्लब की तरह होगा। इसके लिए रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज से सिगरा स्पोर्ट्स क्लब का रजिस्ट्रेशन कराया गया है। प्रशासनिक अधिकारी होली के बाद जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे, फिर आजीवन और वार्षिक सदस्यता शुल्क तय होगा। अच्छे खिलाड़ियों का प्रवेश निशुल्क रहेगा, लेकिन मॉर्निंग और इवनिंग वाकर्स को पहले से निर्धारित शुल्क देना पड़ेगा। खिलाड़ियों के प्रवेश का मानक खेल प्रोत्साहन समिति ही तय करेगी।
सिगरा स्पोर्ट्स क्लब का संचालन भी प्रबंध समिति तय करेगी। बनारस क्लब की तरह ही स्पोर्ट्स क्लब के चेयरमैन और अध्यक्ष का दायित्व प्रशासनिक अधिकारियों को दिया जा सकता है। जो खाका तैयार किया गया है, उसके मुताबिक आजीवन सदस्यता का लाभ माता-पिता और उसके दो बच्चों को ही मिलेगा। बच्चों की उम्र जैसे ही 25 वर्ष होगी, उन्हें नए सिरे से सदस्यता लेनी पड़ेगी।
आजीवन सदस्यता लेने वाले व्यक्ति से निर्धारित वार्षिक शुल्क भी लिया जाएगा। इसी तरह वार्षिक सदस्यता का विकल्प रखा गया है। सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शानदार जिम है। स्वीमिंग पुल के साथ ही इनडोर और आउटडोर गेम्स की सुविधाएं हैं। रेस्टोरेंट भी है। बैंक्वेट और सेमिनार हॉल भी हैं।
आजीवन, वार्षिक सदस्यता लेने वालों को बैंक्वेट व सेमिनार हॉल का किराया कम देना पड़ सकता है। बैंक्वेट हॉल में शादी, बर्थडे सहित अन्य आयोजन किए जा सकेंगे। कार्यशालाएं कराई जा सकती हैं। शहरवासी किराये पर बुकिंग कराकर विवाह सहित अन्य आयोजन कर सकेंगे। हर तरह के खेलों को प्रमोट किया जाएगा। बाहर से बड़े-बड़े क्लब के खिलाड़ियों को बुलाया जाएगा ताकि नए खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल सके।
... तो बनारस क्लब की जगह अधिकारी जाएंगे स्टेडियम
जिले के ज्यादातर अधिकारी अभी बनारस क्लब जाते हैं। जिम, स्वीमिंग पुल सहित अन्य सुविधाओं का लाभ लेते हैं, लेकिन सिगरा स्पोर्ट्स क्लब के गठन के बाद सब कुछ बदल जाएगा। अधिकारी सिगरा स्टेडियम जाने लगेंगे। इसका लाभ स्टेडियम को मिलेगा। बड़ी संख्या में लोग आजीवन और वार्षिक सदस्यता लेंगे।
जिले का तीसरा क्लब होगा सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम के रखरखाव पर बड़ा खर्च आ रहा है। लोकार्पण के बाद से अब तक का 30 लाख रुपये बिजली बिल आया है। इन खर्चों को निकालने और रखरखाव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ही सिगरा स्पोर्ट्स क्लब का रजिस्ट्रेशन कराया गया है। सदस्यता शुल्क और किराये से जो धनराशि मिलेगी, उसका कॉर्पस फंड बनाया जाएगा। ब्याज की धनराशि से खर्च निकाला जाएगा और सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अभी काशी में बनारस और पीएनयू क्लब हैं। जल्द ही सिगरा स्पोर्ट्स क्लब भी अस्तित्व में आ जाएगा।