वाराणसी : सेलटैक्स की टीम को देखते ही ट्रेन लेकर भागा चालक, अधिकारियों ने दौड़ा कर पकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर सेल टैक्स के अधिकारियों ने छापेमारी की। मंडुवाडीह स्टेशन पर नई दिल्ली-मंडुवाडीह सुपर फास्ट एक्सप्रेस में सेल टैक्स के अधिकारी ओपी तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस छापेमारी में 50 लाख रुपये से अधिक का माल सीज कर दिया गया।
कर चोरी की सटीक सूचना के आधार पर शुक्रवार को जैसे ही नई दिल्ली-मंडुवाडीह एक्सप्रेस मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ पर 11:40 बजे पहुंची, वाणिज्य कर विभाग की टीम भी आ धमकी। यह देखकर रेलवे कर्मियों में अफरातफरी मच गई।
पार्सल बोगी से कुछ ही माल उतारा गया था कि जांच से बचने के लिए पार्सल बोगी को शंटिंग इंजन से जोड़कर उसे यार्ड में लेकर चले गए। सेल टैक्स की टीम ने ककरमत्ता तक दौड़कर ट्रेन का पीछा किया। लेकिन आरपीएफ और रेलवे कर्मी एकजुट हो गए और वाणिज्य कर अफसरों को यार्ड में जाने नहीं दिया।
वाणिज्य कर अफसरों और रेलवे कर्मियों में काफी देर तक बहस और कहासुनी भी हुई। इसके बाद वाणिज्य कर अफसरों ने इसकी सूचना डीआरएम को दी। मामला संज्ञान में आने के बाद डीआरएम ने बोगी को प्लेटफार्म पर पहुंचाने का निर्देश दिया। शाम करीब सात बजे रेलवे कर्मी बोगी प्लेटफार्म पर लाए, तब बोगी से माल उतारा गया।
वाणिज्य कर अफसरों के अनुसार
वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर ओपी तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी हुई। वाणिज्य कर अफ सरों का कहना है कि होली के त्योहार को देखते हुए बड़े पैमाने पर दिल्ली से बिना कागजात के माल आ रहा था। पकड़े गए माल की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। इसमें कई नग कपड़े और मेवा शामिल हैं। रेलवे कर्मियों और दलालों की मिलीभगत से कारोबारियों ने माल बिना कागजात के मंगाया था।
कैंट रेलवे स्टेशन पर विजिलेंस का छापा
कैंट रेलवे स्टेशन स्थित पार्सल घर पर गुरुवार देर शाम से रात तक चली विजिलेंस की जांच शुक्रवार को भी जारी रही। सूत्रों की मानें तो तौल में भी बड़ी गड़बड़ी पकड़ में आई है। विभूति एक्सप्रेस से उतरे लीज के माल की तौल में गड़बड़ी पर व्यापारी पर 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
वहीं ड्यूटी पर तैनात कई क्लर्कों की लापरवाही और मनमानी भी सामने आई, जिसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है। करेंट काउंटर, रिजर्वेशन काउंटर में भी विजलेंस ने छापेमारी की। वहीं, विदेशी शेड में भी गड़बड़ी मिली। यहां रामपुर हाल्ट से 13 नग माल वाराणसी आया था। इसे बाबू ने छोड़ दिया था। विजिलेंस ने इसकी दुबारा तौल कराई जो वजन ज्यादा निकला। व्यापारी से 4,282 रुपये वसूले गए। वहीं बाबू के खिलाफ रिपोर्ट तैयार की गई है।