काशी में रूट डायवर्जन: देव दीपावली...घाट की तरफ जाने वाले मार्ग रहेंगे नो व्हीकल जोन, इन रास्तों पर सहूलियत
Route Diversion in Varanasi: देव दीपावली के अवसर पर काशी के विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन रहेगा। घाट की तरफ जाने वाले सभी वाहनों को रोक दिया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है।
विस्तार
देव दीपावली के दौरान वाराणसी में लाखों श्रद्धालु और पर्यटकों के आने की संभावना को देख यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। दूसरे जिलों से आने वाले बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
गाजीपुर, मऊ, आज़मगढ़, जौनपुर, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और प्रयागराज की ओर आने-जाने वाले सभी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। जो रिंग रोड, रखौना अंडरपास और एनएच से होकर जाएंगे। जबकि शहर में 22 प्रमुख स्थानों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक और डायवर्जन लागू रहेगा। यह व्यवस्था पांच नवंबर को लागू की जाएगी।
मैदागिन से गोदौलिया के बीच कोई वाहन नहीं चलेंगे। गोदौलिया चौराहा से पांडेय हवेली, सोनारपुरा से अस्सी मार्ग पर दोपहर दो से रात आठ बजे तक संचालन बंद रहेगा। भदऊ चुंगी से नमो घाट राजघाट से सूजाबाद चौकी तक वाहनों का संचालन दोपहर एक बजे रोक दिया जाएगा।
सामनेघाट पुल पर लंका की तरफ दोपहर एक बजे से वाहनों का संचालन नहीं होगा। जबकि मालवाहक वाहनों को 11 बजे ही रोक दिया जाएगा। सूजाबाद, भदऊ चुंगी, लाट भैरव, जलालीपुर, गोलगड्डा, लकड़मंडी, विशेश्वरगंज, मैदागिन, लहुराबीर, बेनिया, रामापुरा, गोदौलिया, लक्सा, सोनारपुरा, अग्रवाल, ब्रॉडवे, पद्मश्री, बैंक ऑफ बड़ौदा, नगवा और सामने घाट क्षेत्र से किसी भी प्रकार के वाहनों को घाटों की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
मैदागिन क्षेत्र में 16, अस्सी से नमो घाट तक 14 अस्थायी पार्किंग
एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, द्वारिकाधीश मंदिर, पीडीआर, मजदा टॉकिज, गोदौलिया मल्टीलेवल, बेनियाबाग, जय नारायण इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सीएचएस, टाउनहाल, हरिश्चंद्र इंटर डिग्री कॉलेज, संस्कृत विवि, चौकाघाट आईटीआई,क्वींस कॉलेज, रामलीला मैदान आयुर्वेद कॉलेज के पास, नरिया से हैदराबाद गेट रोड, रविंद्रपुरी कॉलोनी के सामने सड़क के दोनों तरफ, जजेज कंपाउंड सामने घाट पुल के नीचे, नामे घाट, वीवीआईपी के लिए सर्व सेवा संघ मैदान, रेलवे की खाली जमीन पर पानी टंकी के नीचे, हेलीपैड पार्किंग, भदऊ चुंगी दाहिनी तरफ रेलवे मैदान और जलालीपुरा रेलवे ओवरब्रिज।
ऑटो-रिक्शा के लिए नए वैकल्पिक मार्ग तय
शहर में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए छह नए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं, मैदागिन से गौदोलिया, अस्सी, राजघाट और विशेश्वरगंज जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।