गन प्वॉइंट पर लूटः डिलीवरी ब्वाय को बदमाशों ने धमकाया, एक लाख नकदी के साथ मोबाइल लूटी; बाइक की चाबी लेकर फरार
Varanasi News: डिलीवरी ब्वॉय से लूट की वारदात के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की जा रही है। लूटी गई मोबाइल का लोकेशन भी पता किया जा रहा है।
विस्तार
मिर्जामुराद क्षेत्र के भोरकला गांव स्थित नहर मार्ग पर गुरुवार की अपराह्न में दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने, अपनी बाइक से जा रहे गैस डिलीवरी ब्वाय को असलहा से आतंकित कर पास में रखे एक लाख पांच हजार लूट लिए। इसके बाद भुक्तभोगी का मोबाइल व बाइक की चाबी भी उठा ले गए।
कल्लीपुर (मिर्जामुराद) निवासी दौलत विश्वकर्मा अपने घर से नगदी एक लाख पांच हजार रुपये लेकर बाइक से कालिका धाम स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर जमा करने के लिए जा रहे थे।
वह भोरकला गांव स्थित नहर पर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे अज्ञात बाइक सवारों ने डीलवरी ब्वाय के बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया औरअसलहा से आतंकित कर पास में रखे सारी नकदी लूट ली।
साथ में बाइक की चाबी व मोबाइल भी लेकर कछवा रोड वाया कपसेठी मार्ग की तरफ भाग निकले। भक्तभोगी बाइक की चाभी व मोबाइल न होने से असहाय हो गया। वहीं कुछ दूर पैदल बस्ती की तरफ जाकर ग्रामीणों को आपबीती बताई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस घटना स्थल पर पहुंच तहकीकात शुरू की। इस दौरान एससीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव भी घटनास्थल का निरक्षण किया। इस बाबत थानाप्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंच भुक्तभोगी के बयान के आधार पर पुलिस पड़ताल व कारवाई में जुट गई है।
नाश्ता का पैसा मांगने पर दबंगों ने पिस्तौल की मुठिया से किया वार
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाजार कालिका में दुकानदार को नाश्ते का पैसा मांगना भारी पड़ गया। बताया जाता है कि दीपक की उक्त बाजार में नाश्ते की दुकान है। दुकान पर बीते सोमवार को धर्मेंद्र यादव पुत्र कंचन निवासी कुरू और सूरज सिंह पुत्र अजीत निवासी जगतीपुर पहुंचे, जहां नाश्ता करने के बाद पैसे देने को लेकर मारपीट करने लगे।
इसकी सूचना पीड़ित ने 112 नंबर पर दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों मौके से भाग निकले। वहीं, देर रात दोबारा दुकान पर पहुंच कर नाश्ता किए, जिसका पैसा दुकानदार द्वारा मांगा गया, जिसको लेकर दोबारा विवाद हो गया।
देखते ही देखते दोनों दुकानदार को गालियां देने लगे, जिसका विरोध करने पर दुकानदार को पिस्टल की मुठिया से वार कर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। वहीं इस मामले में कपसेठी पुलिस विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही में जुट गई है।