यूपी: सड़क हादसों में मौसा के यहां से लौट रहे दो बच्चों की मौत, एक महिला की भी गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को दोपहर बाद हुए सड़क हादसे में दो मासूम समेत तीन की मौत हो गई। औराई कोतवाली क्षेत्र में हुए एक हादसे में मृतक बच्चे मिर्जापुर के केवटाबीर गांव के निवासी थे। वह अपने पापा के साथ मौसा के यहां से लौट रहे थे। दूसरी घटना कोइरौना के दुगना गांव के समीप हुई। जहां एक महिला की जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद के औराई कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज बाजार के पास सोमवार शाम ट्रक की चपेट में बाइक सवार आ गया। इससे बाइक पर बैठे दो बच्चों की मौत हो गई। मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के केवटाबीर निवासी विशंभर बिंद अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ ही पुत्र दीपक (6) और संदीप (4) को बाइक पर बैठा कर पिपरीस स्थित अपने साढू के यहां जा रहे थे।
महराजगंज बाजार से पहले सर्विस लेन पर पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। मौके पर ही दोनों मासूम बच्चों की मौत हो गई। पिता और मां को भी हल्की चोटें आई। आसपास के लोगों ने किसी तरह ट्रक को रोककर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। विशंभर बिंद की तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
बाइक से गिरकर महिला की मौत
वहीं दूसरी घटना, भदोही जिले के ही कोइरौना थाना क्षेत्र के दुगुना गांव मोड़ पर जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग की है। सड़क दुर्घटना में इटहरा गांव निवासी सूर्यकली (45) पत्नी काशीनाथ तिवारी की मौत हो गई। सुबह वह अपने मायके गंगापार भिंगारी गई थीं। शाम लगभग 4.30 बजे वह अपने भतीजे के साथ बाइक से इटहरा स्थित घर आ रही थीं। जैसे ही बाइक जंगीगंज धनतुलसी मार्ग स्थित दुगुना मोड़ पर पहुंची, तभी एक साइकिल सवार से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि साइकिल सवार एक बड़ी लग्गी (बांस) ले रखा था, जिसमें फंसने के कारण दुर्घटना हुई। बाइक से गिर जाने से महिला के सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे कटरा स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।