यूपी: गंगा पर शोध को मिलेगा संस्थागत आधार, संस्कृत विवि और गंगा सेवा समिति के बीच एमओयू; जानें खास
गंगा पर शोध और उसकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को संस्थागत आधार मिलेगा। इस दिशा में संस्कृत विश्वविद्यालय और गंगा सेवा समिति के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। इसके तहत शोध और संरक्षण संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। आगामी 23-24 नवंबर को बलुआ में राष्ट्रीय संगोष्ठी और देव दीपावली गंगा महोत्सव का आयोजन होगा।
विस्तार
गंगा की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण, अनुसंधान और दस्तावेजीकरण को संस्थागत आधार देने की दिशा में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और गंगा सेवा समिति, बलुआ (चंदौली) के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
विश्वविद्यालय के भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र और गंगा सेवा समिति के बीच यह एमओयू हुआ। इसके तहत गंगा की संत परम्परा, तीर्थ परम्परा, धार्मिक भूगोल और ग्रामीण गंगा तटों की विरासत पर अकादमिक और शोध आधारित कार्य किए जाएंगे। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि इस समझौते का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के आलोक में गंगा की समग्र सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत का अनुसंधान, संरक्षण और दस्तावेजीकरण करना है।
कार्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वयक प्रो. दिनेश गर्ग, केंद्र प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र शापकोटा, वेद विभाग के आचार्य विजय शर्मा, गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, कार्यक्रम संचालक अरविंद पांडेय, प्रांजल पांडेय, अच्युतकृष्ण त्रिपाठी सहित आदि मौजूद रहे।
शोध परियोजनाएं, सर्वेक्षण और डिजिटल अभिलेखागार बनेंगे
समझौते के तहत दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से शोध परियोजनाएं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियां, क्षेत्रीय सर्वेक्षण, प्राचीन मंदिरों एवं तीर्थस्थलों का दस्तावेजीकरण, शोध प्रकाशन और डिजिटल अभिलेखागार तैयार करने जैसे कार्य करेंगी। विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए फील्ड-वर्क और प्रशिक्षण की व्यवस्था भी होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी और शोधार्थी गांवों तथा घाटों पर जाकर गंगा से जुड़ी परंपराओं, लोक-संस्कृति, ऐतिहासिक घटनाओं और विरासत का अध्ययन कर उन्हें लिखित एवं डिजिटल रूप में संरक्षित करने का कार्य करेंगे।
23 और 24 नवंबर को राष्ट्रीय संगोष्ठी व गंगा महोत्सव
एमओयू के क्रम में 23 व 24 नवंबर को बलुआ में ‘भारतीय सभ्यता में गंगा : पश्चिमवाहिनी गंगा की संत परंपरा, धार्मिक भूगोल, सांस्कृतिक विरासत एवं ग्रामीण तटों का संरक्षण’ विषय पर संगोष्ठी होगी। देव दीपावली गंगा महोत्सव भी आयोजित होगा। इसमें देशभर के विद्वान, संत, शोधकर्ता और गंगा भक्त भाग लेंगे।
