मातम में बदली रक्षाबंधन की खुशियां: नदी में गिरा शौच करने गया युवक, दो दिन पहले आया था घर; पानी में तलाश जारी
शौच के लिए नदी किनारे गए युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर लापता हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को बुलाया। टीम नदी में उसकी तलाश कर रही है। बताया गया कि सुनील मुंबई से दो दिन पहले ही गांव आया था। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
धीना थाना क्षेत्र के रैथा गांव स्थित बहुरिया नदी में गुरुवार शाम पैर फिसलने से 28 वर्षीय युवक गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक नदी में उतरकर उसकी तलाश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना पर धीना थाना पुलिस और फायर कर्मी मौके पर पहुंचे। संसाधनों के अभाव में तलाश अभियान में परेशानी हुई। ग्रामीणों ने युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की।
रैथा गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र मुंशी राम का घर नदी से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। परिजनों के अनुसार सुनील मुंबई में अपनी बहन और बहनोई के साथ निजी नौकरी करता था। कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। इसी कारण मंगलवार को वह मुंबई से गांव आया था। बृहस्पतिवार की शाम करीब तीन बजे शौच के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
तीन घंटे तक नदी में तलाश
सुनील के नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। ग्रामीणों ने रस्सी और अन्य स्थानीय साधनों की मदद से नदी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे तक खोजबीन के बावजूद शाम छह बजे तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
संसाधनों के अभाव में ग्रामीणों को तलाश अभियान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस और फायर कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से एनडीआरएफ की टीम बुलाकर युवक की तलाश कराने की मांग की।
तीन साल पहले हुई थी शादी
सुनील की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व कैली गांव निवासी सुनीता देवी से हुई थी। दंपती की अभी कोई संतान नहीं है। पत्नी सुनीता फिलहाल अपनी ननद और बहनोई के साथ मुंबई में रहती हैं। पति के नदी में डूबने की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था सुनील
सुनील चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बड़े भाई पिंटू कुमार, दूसरे भाई सिंटू कुमार और छोटे भाई सत्य प्रकाश हैं। सत्य प्रकाश की अभी शादी नहीं हुई है। परिवार की चार बहनों और तीन भाइयों की शादी हो चुकी है।
गरीबी में गुजर-बसर करता है परिवार
सुनील के माता-पिता बेहद गरीब हैं और झोपड़ी में रहकर जीवन यापन करते हैं। बेटे के नदी में डूबने की खबर से मां मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोस की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधाती रहीं। पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा।ग्रामीणों का कहना है कि बहुरिया नदी में पानी अधिक होने के कारण स्थानीय स्तर पर युवक की तलाश करना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल एनडीआरएफ की टीम बुलाकर अभियान चलाने की मांग की है, ताकि युवक का पता लगाया जा सके।