मुफ्त यात्रा को लेकर होड़: बस अड्डे पर उमड़ा यात्रियों का सैलाब, चौगुना हुई भीड़, तैनात करनी पड़ीं पुलिस टीमें
रक्षाबंधन के अवसर पर महिला यात्रियों को एक सहयात्री के साथ मुफ्त यात्रा करने की सुविधा दी जा रही है। इसे लेकर बस स्टेशनों पर चौगुना भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में पुलिस टीमें तैनात करनी पड़ीं।
विस्तार
रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को करीब 64 घंटे तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू होते ही यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को बाराबंकी बस स्टेशन पर सामान्य दिनों की अपेक्षा करीब चार गुना अधिक भीड़ दिखाई पड़ी। बसों की कमी के कारण यात्रियों को तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
बाराबंकी डिपो की 114 बसें 29 विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं, लेकिन सुबह से ही बाहरी यात्रियों की भारी भीड़ पहुंचने के कारण बसों का टोटा पड़ गया। बस स्टेशन के अंदर यात्रियों के बैठने के लिए लगी कुर्सियां पूरी तरह भर गईं, जबकि बड़ी संख्या में लोग बाहर धूप में खड़े होकर बसों का इंतजार करते रहे।
ये भी पढ़ें - यूपी विधानसभा चुनाव: महिलाओं पर दांव, 40 हजार बनाम 50 हजार की तरफ चली सियासत, सपा और भाजपा ने किए ये प्रयोग
ये भी पढ़ें - यूपी: डेंगू के डर के बीच मलेरिया की बढ़ी मार, लखनऊ मंडल में इस साल अब तक इस बीमारी के 1,084 मामले
सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ी। बस के पहुंचते ही यात्री सीट पाने के लिए दौड़ पड़ते। कई बार यात्रियों के उतरने से पहले ही बस में चढ़ने की होड़ मच गई और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी रही।
भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बस स्टेशन पर तीन पुलिस टीमें तैनात कर दी हैं। पुलिसकर्मी बस स्टेशन के अंदर से लेकर बाहर तक यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से बसों में बैठाने में जुटे हैं। हालांकि, भारी भीड़ के चलते व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सकी और यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई।
"दो बसें भरकर निकल गईं, लेकिन जगह नहीं मिली"
सीतापुर निवासी पूजा वर्मा ने कहा, “सुबह से बस का इंतजार कर रहे हैं। दो बसें भरकर निकल गईं, लेकिन जगह नहीं मिली। भाई को राखी बांधने घर जाना है, इसलिए इंतजार कर रहे हैं।”
फतेहपुर निवासी रामकुमार ने बताया, “करीब तीन घंटे से यहां बैठे हैं। बस आते ही इतनी भीड़ टूट पड़ती है कि बच्चों और बुजुर्गों के साथ चढ़ना मुश्किल हो जाता है।”
लखनऊ जाने वाली यात्री शबनम ने कहा, “महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा अच्छी सुविधा है, लेकिन बसें कम पड़ रही हैं। धूप में बच्चों के साथ इंतजार करना बहुत परेशानी भरा है।” एक बुजुर्ग यात्री शिवकुमार बोले, “रक्षाबंधन पर हर कोई घर पहुंचना चाहता है। बसों की संख्या बढ़ा दी जाती तो यात्रियों को घंटों परेशान नहीं होना पड़ता।”
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.