बलिया में बारिश का कहर: कच्ची दीवार के मलबे में दबकर पत्नी की मौत, पति व नाती जख्मी
रसड़ा के संवरुपुर गांव में सुबह बारिश के बीच झोपड़ी की मिट्टी की दीवार गिरने से हादसा हुआ। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके पति एवं मासूम नाती की स्थिति गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बलिया में एक परिवार पर बारिश ने कहर बरपाया। रसड़ा थाना क्षेत्र के संवरुपुर गांव में बुधवार की सुबह बारिश के बीच एक झोपड़ी की मिट्टी की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। इसमें बैठे वृद्ध दंपती समेत उनका मासूम नाती मलबे में दब गए।
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके पति एवं मासूम नाती की स्थिति गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस व एसडीएम प्रभुदयाल ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
संवरूपुर गांव निवासी रामबचन राजभर (70) उनकी पत्नी परसोतमी देवी (65) व नाती मनदीप (6) अपने मिट्टी की दीवार पर लगी झोपड़ी में बैठे थे। इसी बीच बरसात में झोपड़ी की दीवार भरभरा कर गिर गई, जिससे मिट्टी के मलबे में तीनों दब गए। इस हादसे में परसोतमी देवी की मौत हो गई। वहीं उनके पति रामबचन व नाती मनदीप गंभीर रूप से घायल हैं।
गाजीपुर: मलबे में दबकर घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत
गाजीपुर के कासिमाबाद कोतवाली के मखदूमपुर गांव में दीवार गिरने से गंभीर रूप घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मऊ में बुधवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी सत्यनारायण राजभर (65) मंगलवार की सुबह सात बजे अपने घर के बरामदे में बैठकर परिजनों से बात कर रहे थे। इसी बीच अचानक दीवार गिर जाने से सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन परिजन उन्हें मऊ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान दूसरे दिन उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर स्थानीय कोतवाली आए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुरोध पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।