बनारस में Thank God फिल्म का विरोध: अजय देवगन समेत चार पर FIR की मांग, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
दिवाली पर रिलीज होने वाली अजय देवगन की फिल्म थैंक गॉड को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। ट्रेलर जारी होने के बाद लोग आपत्ति जता रहे हैं।
विस्तार
अभिनेता अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म थैंक गॉड रिलीज होने से पहले ही विवादों में आ गई है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद वाराणसी में भी इसका विरोध शुरू हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में भगवान श्रीचित्रगुप्त के अपमान किए जाने का आरोप लगाते हुए लोग मुखर हो रहे हैं। अधिवक्ताओं के बाद सामाजिक संगठन के लोगों ने गुरुवार को कैंट थाने में फिल्म के निर्माता, निर्देशक, अभिनेता समेत अन्य के खिलाफ तहरीर दी।
पहड़िया निवासी शैलेंद्र श्रीवास्तव मुन्ना और वरुणापुल निवासी सोमनाथ विश्वकर्मा सहित अन्य के अनुसार इस फिल्म के ट्रेलर में जिस प्रकार से हिंदू समाज के परम आराध्य परम पिता ब्रह्मा के मानस पुत्र भगवान चित्रगुप्त को अपमानित किया गया है और उनका अश्लील चित्रण किया गया है। जिससे सभी की भावनाएं आहत हुई और आस्था पर गंभीर चोट पहुंची है।
कैंट थाना प्रभारी प्रभुकांत को तहरीर देते हुए मांग किया कि फिल्म के अभिनेता अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, निर्देशक इंद्र कुमार, निर्माता पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया जाए। फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों के इस कार्य से समाज में शांति व्यवस्था बिगड़ने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
धार्मिक भावना भड़का कर जातिगत व धार्मिक विद्वेष पैदा कर देश की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से बनाई गई इस फिल्म से जुड़े लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्यवाही की जाए। इस फिल्म को रिलीज होने पर रोक लगाई जाए।
इस दौरान आकाश श्रीवास्तव जुगनू, अनिल कुमार, अमन श्रीवास्तव, प्रशांत श्रीवास्तव पिंटू आदि रहे। कैंट इंस्पेक्टर प्रभुकांत के अनुसार तहरीर के आधार पर उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए विधिक कार्यवाही की जाएगी।
पढ़ेंः विवादों में 'Thank God': अब वाराणसी में अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा समेत अन्य पर केस दर्ज करने की मांग