UP: जेल से छूटने के बाद निकाला जुलूस, कुख्यात झुन्ना पंडित गिरोह का सदस्य है आरोपी; पुलिस ने दर्ज किया मामला
Varanasi News: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में फायरिंग के एक मामले में पुलिस ने यश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद वह अपने समर्थकों के साथ जुलूस निकाला था।
विस्तार
Varanasi News: जानलेवा हमले के आरोपी यश सिंह राजपूत की जिला जेल से रिहाई के बाद जुलूस निकालने के मामले में चार आरोपियों को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने बुधवार को लालपुर से गिरफ्तार किया। कोर्ट ने यश सिंह राजपूत समेत चार आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
कुख्यात बदमाश झुन्ना पंडित गिरोह से आरोपियों का जुड़ाव हुआ करता था। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों में दौलतपुर भक्तिनगर निवासी यश सिंह राजपूत, मोहित जायसवाल, सब्जी मंडी लालपुर निवासी राहुल गुप्ता और सोयेपुर निवासी अमन सिंह है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि 30 जुलाई को मढ़वा क्षेत्र में गोइठहा निवासी अभिनव सिंह और आयुष पाठक पर आरोपी यश सिंह राजपूत, प्रभांशु सिंह, रवि सोनकर और उसके साथियों ने हमला कर दिया था। फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। यश सिंह राजपूत को जेल भेजा गया था। 30 सितंबर को यश की चौकाघाट जेल से रिहाई हुई तो 25 से 30 बाइक सवारों ने बिना अनुमति स्वागत जुलूस निकालकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
आपत्तिजनक नारेबाजी और माहौल खराब कर रास्ता जाम करने का प्रयास किया। चौकाघाट जिला जेल से पुलिसलाइन चौराहा, पांडेयपुर फ्लाईओवर होते हुए भक्तिनगर कॉलोनी तक आरोपियों ने जुलूस निकाला था। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि वीडियो और सीसी टीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान कराई जा रही है।
झुन्ना गिरोह से जुड़ा था यश सिंह राजपूत
बलिया जेल में बंद कुख्यात बदमाश श्रीप्रकाश मिश्र उर्फ झुन्ना पंडित गिरोह से यश सिंह राजपूत जुड़ा था। जघन्य वारदात में भी यश का नाम आया था। पूर्व में भी जेल जा चुका है। लालपुर-पांडेयपुर पुलिस के अनुसार झुन्ना गिरोह से जुड़े करीबियों की नए सिरे से कुंडली खंगाली जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.