Varanasi News: 40 लाख की आबादी, 500 से 12 हजार लीटर तक के 25 वाहन, पांच स्टेशन; हर दिन आ रहे 10 कॉल
Varanasi News: औसतन इस समय कंट्रोल रूम में 10 से 15 कॉल आ रही हैं। हालांकि, आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ सकती है। गर्मी पूरे लौ में नहीं हैं। मई, जून में आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
विस्तार
Varanasi News: गर्मी शुरू होने के साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आग की घटनाएं बढ़ गई हैं। चार दिन में दो होटल और दो मकान में आग लग चुकी है। खेत में फसल भी जल रहे हैं। फायर ब्रिगेड के लिए चुनौती है कि 40 लाख की आबादी वाले जिले में महज पांच फायर स्टेशन, 157 मैन पावर और 25 फायर वाहन है। 500 से 12 हजार लीटर के 25 वाहन के भरोसे ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की जिम्मेदारी है।
राजातालाब के कचनार में तीन मंजिल मकान और गोदाम में लगी आग के मामले में एक घंटे की देरी से फायर वाहन पहुंचने के आरोप लगे। फायर ब्रिगेड ने जंसा थाने और चोलापुर में एक-एक फायर यूनिट स्थापित की। ताकि आसपास के क्षेत्रों में आग लगने पर वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंच सके।
अब तक इन क्षेत्रों में आग लगने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देरी से ही पहुंचती हैं। रोहनिया से मिर्जामुराद तक के बीच एक भी फायर यूनिट नहीं है। जंसा में एक दिन पहले फायर यूनिट स्थापित की गई। लालपुर-पांडेयपुर से लेकर चोलापुर के बीच में फायर यूनिट की आवश्यकता को देख चोलापुर में अस्थाई यूनिट स्थापित की गई है। यूनिट में 3 फायरमैन, एक ड्राइवर हैं।
10 से 25 किमी के बीच में आग बुझाने के संसाधन नहीं
चेतगंज, भेलूपुर, कोतवाली, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और पिंडरा में फायर स्टेशन हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आग लगने पर इन्हीं क्षेत्रों से फायर वाहन मौके पर पहुंचते हैं। 10 से 25 किमी तक के बीच में आग लगने पर इन्हीं फायर स्टेशन से गाड़ियां जाती हैं। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, जिले में 157 फायर अधिकारियों और कर्मियों की क्षमता है। ऊंचे भवनों के लिए हाईड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी हैं। जो कि 24 मंजिल तक आग बुझाने और राहत बचाव करती हैं।
गलियों के शहर बनारस में खुल रहे गेस्ट हाउस, होम स्टे और होटलों में आग की घटनाओं को देख फायर ब्रिगेड के पास सात बाइक मोबाइल दस्ता हैं। आग की घटनाओं की सूचना पर 5 से 7 मिनट के अंदर बाइक से फायर कर्मी पहुंच जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार जिले की बढ़ती आबादी और पर्यटन क्षेत्रों में वृद्धि को देख 5 और फायर स्टेशनों की दरकार है।
कॉलर की सूचना पर एक मिनट में दमकल यूनिट मौके पर रवाना होती है। शहर की गलियों के लिए सात बाइक दस्ता हैं। पर्याप्त संसाधन और टीम हैं। - आनंद सिंह राजपूत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी