वाराणसी: क्राइम पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने 672 के खिलाफ की गुंडा एक्ट की कार्रवाई, 110 की खोली गई हिस्ट्रीशीट
वर्ष 2020 में कई सनसनीखेज घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों ने वाराणसी जिले की पुलिस को तगड़ी चुनौती दी। पुलिस ने भी आपराधिक तत्वों की चुनौती स्वीकार कर साल भर अपनी कार्रवाई जारी रखी। नतीजतन, इस वर्ष अब तक गैंगेस्टर एक्ट के तहत 25 करोड़ 34 लाख 36 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इसके साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के 110 लोगों की हिस्ट्रीशीट जिले के अलग-अलग थानों में खोली गई।
पुलिस ने वर्ष 2020 में 92 बदमाशों पर इनाम घोषित किया। इनमें से 29 गिरफ्तार हुए और 20 अदालत में हाजिर हुए, जबकि तीन पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। साल भर में बदमाशों के 23 जनपदीय गिरोह और एक अंतरजनपदीय गिरोह रजिस्टर्ड किया गया।
गैंगेस्टर एक्ट के 71 मुकदमे दर्ज कर 246 आरोपियों पर शिकंजा कसा गया। पुलिस ने एक जनवरी से 25 दिसंबर तक 190 अवैध असलहे और 386 कारतूस बरामद किए। इसके अलावा 43,777 लीटर देसी/अंग्रेजी अवैध शराब, 7820 लीटर स्प्रिट, 3.1 किलो चरस, 189 किलो गांजा और 783 ग्राम हेरोइन पुलिस ने जब्त किया। वहीं, हत्या, लूट, चेन स्नेचिंग और चोरी की घटनाओं में 658 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
गो-तस्करी और महिला अपराधों को लेकर विशेष सख्ती
गो-तस्करी और महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर पुलिस का सख्त रुख रहा। गिरफ्तार 46 आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट और 13 के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई। दो आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई और छह आरोपियों की 24.13 लाख की संपति जब्त की गई। इसी तरह से महिला संबंधी अपराधों के 291 आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट और 20 के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
संगठित अपराध नहीं होने देंगे, माफिया के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी अमित पाठक ने शनिवार को बताया कि नववर्ष 2021 का जिला पुलिस का संकल्प है कि गिरोह बनाकर संगठित अपराध नहीं होने देंगे। मुख्तार अंसारी जैसे माफिया गिरोहों के खिलाफ पुलिस की प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के आरोपियों के खिलाफ तीव्र गति से जांच पूरी कर उन्हें दंडित कराया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस और जनता के बीच निकटता और ज्यादा बढ़े, इस पर पुलिस विशेष रूप से फोकस करेगी।