Varanasi News: जमीन दिलाने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज
Varanasi News: वाराणसी पुलिस ने महेश नगर कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उन पर जमीन दिलाने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है।
विस्तार
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट में महेश नगर कॉलोनी निवासी न्यूरो सर्जन डॉ. राकेश प्रताप सिंह की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर महेश नगर कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस को तहरीर में डॉ. राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि 2018 में उन्होंने घर और अस्पताल निर्माण के लिए अरविंद कुमार सिंह से जमीन खरीदने की बात की थी। अरविंद ने महेश नगर कॉलोनी में अपनी 1400 वर्ग फुट जमीन एक करोड़ रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया। सौदा तय होने के बाद उसने दो लाख रुपये बयाना दिया। बचे रुपये किस्तों में देने पर सहमति बनी। इसके बाद जमीन पर निर्माण शुरू करने की अनुमति दे दी।
शिकायत के अनुसार, डॉ. राकेश ने 50 लाख रुपये खर्च कर मकान का निर्माण कराया और बाद में अरविंद कुमार सिंह को 1 करोड़ 41 लाख 70 हजार 306 रुपये का भुगतान किया, जिसमें लगभग 18 लाख नकद और शेष राशि बैंक खाते के से दी गई।
आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद अरविंद ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। इसके विपरीत उसने डॉ. राकेश के खाते में 21 लाख 89 हजार रुपये वापस भेज दिए, लेकिन भूमि का स्वामित्व हस्तांतरित नहीं किया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि 2018 में अरविंद कुमार सिंह की खरीदी गई टाटा सफारी की मासिक किस्तों का भुगतान भी उन्होंने किया था। जब उन्होंने बार-बार जमीन की रजिस्ट्री कराने की मांग की तो आरोपी गालीगलौज करने लगा और टालमटोल करता रहा।
डॉ. राकेश प्रताप सिंह का आरोप है कि नकद भुगतान, बैंक ट्रांजैक्शन, वाहन की किस्तों और मकान निर्माण पर खर्च को मिलाकर आरोपी ने 2 करोड़ 64 लाख 70 हजार 306 रुपये की धोखाधड़ी की है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।