वाराणसी: त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था परखने को सराफा मंडी की गलियों में घूमे पुलिस आयुक्त, व्यापारियों से लिया फीडबैक
वाराणसी पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश बुधवार को अचानक ठठेरी बाजार पहुंच गए। सराफा कारोबारियों से दीवाली के पूर्व सुरक्षा व्यवस्था के विषय में बातचीत कर उनसे फीडबैक लिया।
विस्तार
सराफा कारोबारियों से दीवाली के पूर्व पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के विषय में बातचीत कर उनसे फीडबैक लिया। व्यापारियों से सीसीटीवी कैमरा को ठीक करने के लिए अनुरोध किया। इस दौरान वाराणसी सर्राफा संगठन के लोगों के साथ कई विषयों पर चर्चा की गई।
पुलिस आयुक्त ने स्थानीय पुलिस को सर्राफा बाजार के अंदर गश्त तेज करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि त्योहारी मौसम में सुरक्ष-व्यव्स्था को लेकर पुलिस आयुक्त ने दो दिन पहले ही ऑनलाइन बैठक की थी। दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा, आग से बचाव के उपाय, बिजली के शार्ट सर्किट से होने वाले नुकसान इत्यादि के विषय में निर्देश दिए थे।
पुलिस की साइबर सेल को इंटरनेट और सोशल मीडिया पर चल रही गतिविधियों पर निगाह रखने की बात कही थी। उन्होंने बैठक में धर्म गुरुओं से संवाद बनाकर कार्यक्रम कराने का निर्देश दिया था।
जाम से निजात को क्यूआरटी का होगा गठन
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस आयुक्त (सीपी) ए सतीश गणेश ने मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस टीम के साथ बैठक की। कहा कि जाम की समस्या के समाधान के लिए तीन क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन कर इन्हें शहर के प्रमुख स्थानों तैनात किया जाएगा। जाम की सूचना पर यह टीम तत्काल मौके पर पहुंचेंगी।
बताया कि चार क्रेन खरीदने का प्रस्ताव भी मुख्यालय को भेजा गया है। अभियान के तहत यह नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को उठाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रमुख चौराहों व तिराहों पर उप निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय करने के साथ यातायात पुलिस कर्मियों को 15-15 दिनों के लिए एक जगह तैनाती का निर्देश दिया। संवाद
अवैध रूप से चल रहे सात ऑटो सीज
वाराणसी पुलिस ने शहर में अवैध रूप से चल रहे ऑटो के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान लंका क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे सात ऑटो सीज किए गए। लंका थाना प्रभारी और बीएचयू के ट्रैफिक इंस्पेक्टर डॉक्टर कौशलेंद्र मौजूद रहे।