Varanasi News: रोडवेज की बस सड़क पर खड़ी दिखे तो दर्ज कराएं केस, पुलिस आयुक्त ने पैदल गश्त कर दी हिदायत
वाराणसी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को टीम के साथ सड़क पर उतर कर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान जाम की समस्या के समाधान का प्रयास किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अतिक्रमण और बेतरतीब से खड़े रहने वाले वाहनों की समस्या से निजात दिलाने के लिए मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सड़क पर उतरे। कैंट रोडवेज के बाहर सड़क पर खड़ी बसें जाम का कारण बनी हुई थी। उन्होंने रोडवेज के अफसरों को बुलाकर फटकार लगाई। सिगरा इंस्पेक्टर को कहा कि रोडवेज की बसें निर्धारित स्थान के अलावा यदि सड़क पर खड़ी दिखें तो मुकदमा दर्ज कराएं। बस अड्डे में ही बसों में सवारी बैठें।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर भर में सड़कों पर से अतिक्रमण हटाने का अभियान चला। इस दौरान 32 वाहन सीज किए गए और 175 का चालान किया गया। पुलिस आयुक्त कैंट रोडवेज से इंग्लिशिया लाइन तिराहा पहुंचे। वेतरतीब से खड़े ऑटो जाम का कारण बने थे। एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय को कहा कि वैरिकेडिंग लगाकर ऑटो के एक लेन में खड़े होने की व्यवस्था की जाए।
इसके बाद पुलिस आयुक्त साजन तिराहा पहुंचे और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। गुरुवाग में दुकानों में वाहन पार्किंग की व्यवस्था न देख कर इंतजाम कराने का निर्देश दिया। कमच्छा और भेलूपुर में दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण न करने और वाहनों को बेतरतीब तरीके से न खड़ा करने की हिदायत दी। लंका पहुंचने पर पुलिस आयुक्त अपने वाहन से उतरे और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी।
साथ ही बीएचयू गेट तक पैदल गश्त कर सड़क पर खड़े वाहनों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) एस चनप्पा और एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय मौजूद रहे।
एक हफ्ते में ई-रिक्शा के लिए नई व्यवस्था
कैंट रोडवेज पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर में ई-रिक्शा तीन जोन के हिसाब से तय रूट पर ही चलेंगे। कार्ययोजना बना ली गई है। एक हफ्ते में सभी ई-रिक्शा को उनके जोन और रूट के हिसाब से क्यूआर कोड युक्त स्टीकर दिया जाएगा। यदि कोई ई रिक्शा अपने निर्धारित रूट से कहीं अन्यत्र मिला तो कार्रवाई होगी।
भविष्य में अतिक्रमण न हो, निगरानी कराएं
पुलिस आयुक्त ने सिगरा, भेलूपुर और लंका थानाध्यक्ष को कहा कि जो जगह अतिक्रमण मुक्त कराई जाए, वहां दोबारा कब्जा न हो। इसकी निगरानी बीट आरक्षी और दरोगा से कराएं। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। व्यापारियों को रोज समझाएं कि उनका सामान दुकान की परिधि में रहे। व्यापारी और ग्राहक वाहन सड़क पर न खड़ा करें। लंका में पटरी पर अतिक्रमण करने वालों को पुलिस आयुक्त ने हिदायत दी। कहा कि दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकान खुली दिखी तो मुकदमा दर्ज करने में देरी नहीं की जाएगी।
अपर पुलिस आयुक्त ने मैदागिन में हटवाया अतिक्रमण
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) एस चनप्पा ने मैदागिन चौराहा से बुलानाला तक सड़क से अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद कमच्छा तिराहा से भेलूपुर थाने तक और फिर लंका में रविदास गेट से बीएचयू गेट तक उन्होंने फोर्स के साथ अतिक्रमण हटवाया।