पुलिस ने चंडीगढ़ से बिहार जा रही शराब की खेप पकड़ी, ट्रक चालक ने किए चौंकाने वाले खुलासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के भदोही में पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में व्हिस्की और बियर बरामद किया है। व्हिस्की और बीयर की ये खेप चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ट्रक समेत चालक को पकड़ लिया। ट्रक चालक ने इस कारोबार की जो हकीकत बताई पुलिस सुन कर हैरान रह गई।
चंडीगढ़ से भारी मात्रा में व्हिस्की और बियर की पेटियां लादकर एक ट्रक चालक बिहार की ओर जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को विवेकानंद चौराहे पर ट्रक समेत चालक परमजीत सिंह को धर दबोच लिया।
एसपी राजेश एस ने बताया कि ट्रक के पिछले हिस्से में प्लाईवुड ऐसे रखे गए थे। देखने में ऐसा लग रहा था कि पूरे ट्रक में प्लाईवुड ही लदे हैं। पुलिस ने शक के आधार पर प्लाईवुड हटाकर देखा तो व्हिस्की और बियर की पेटियां भरी थी। उन्होंने कहा कि भदोही पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चालक से पूछताछ के बाद इस गिरोह के अन्य सदस्यों को पुलिस पकड़ेगी।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में चालक ने खुलासा किया है कि बिहार में शराबबंदी के बाद से वहां शराब की अच्छी कीमत मिल जाती है। इसलिए दूसरे राज्यों से शराब की खेप को बिहार में चोरी छिपे पहुंचाया जाता है।
चालक ने बताया कि व्हिस्की और बियर की पेटियों की कीमत लगभग 6 लाख रुपये है। जो बिहार में लगभग 20 लाख रुपये की बिकेगी। चालक ने ऐसे पहले भी कई बार माल पहुंचाने की बात स्वीकार की है। माल को सही सलामत पहुंचाने पर उसे 5 हजार रुपये का अतिरिक्त इनाम भी मिलता था।