'पद्मावत': सिनेमा हॉलों के बाहर पुलिस रही तैनात, फिर भी नहीं पहुंची पब्लिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैंटोमेंट क्षेत्र में विरोध करने पहुंचे युवकों को पुलिस ने भगा दिया। दूसरी तरफ थिएटर पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बाद भी सिनेमा हाल की कुर्सियां खाली रहीं। गुरुवार को पद्मावत फिल्म के रिलीज होने के बाद आईपी सिनेमा के सामने फूलपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर ताड़ीगांव के धर्मेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राणा ने मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
मॉल के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। धर्मेंद्र का आत्महत्या के प्रयास में चालान कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वंदना रघुवंशी, सुषमा श्रीवास्तव और आनंद प्रकाश सिंह ने आईपी माल के सामने सड़क पर लेटकर यातायात बाधित कर दिया। पुलिस ने उक्त तीनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
कैंटोमेंट स्थित जेएचवी सिनेमा हॉल के बाहर कुछ युवकों ने पुतला फूंकने का प्रयास किया लेकिन कैंट पुलिस ने बल प्रयोग करके युवकों को खदेड़ दिया।बनारस के पांच सिनेमाहॉलों में ही यह फिल्म रिलीज की गई और इन पांचों के बाहर पुलिस सहित पीएसी के जवानों की तैनाती की गई। इस फिल्म के रिलीज से पहले क्षत्रिय महासभा और अन्य कई संगठनों की ओर से दी गई चेतावनी के डर से पब्लिक सिनेमा हॉल में पहुंचने से कतरा रही है, जिसका असर शहर के मुख्य दो मल्टीप्लेक्स में देखने को मिला।
आइपी सिगरा के मैनेजर अर्पित यादव ने बताया कि बड़े स्टार्स के फर्स्ट डे फर्स्ट शो का अलग ही क्रेेज होता है लेकिन विरोध प्रदर्शन के डर से थिएटर में लोगों की संख्या बहुत कम रही। पहले शो में केवल 35 लोगों ने ही टिकट ली थी। शाम तक यह आंकड़ा लगभग नौ सौ के पास पहुंच गया था। जेएचवी मॉल और लक्सा स्थित कार्निवाल के पहले शो में 25 से 30 लोग ही रहे।
फेसबुक पर लाइव देखी पद्मावत
वीडियो में फिल्म ‘पद्मावत’ का लाइव करीब 25 मिनट से ज्यादा देर तक किया गया। फेसबुक के जरिए किया गया यह लाइव पोस्ट हजारों लोगों तक पहुंच गया। फेसबुक से यह लाइव जाटों का अड्डा और फिल्म की मस्ती नामक पेज के द्वारा किया गया। इस वीडियो को करीब हजारों की संख्या में लोगों ने अपनी वॉल पर शेयर भी किया।
विरोध तो केवल पब्लिसिटी स्टंट
आईपी सिनेमा से शो देखकर निकले राजकुमार ने बताया कि इस फिल्म को लेकर बेवजह का हो हल्ला मचाया जा रहा है। हमें तो लग रहा है कि यह केवल पब्लिसिटी स्टंट मात्र है। फिल्म में राजपूतों के गौरव को दिखाया गया है।
शर्मिष्ठा शुक्ला ने बताया कि फिल्म को संजय लीला भंसाली ने बहुत ही खूबसूरत बनाया है। दीपिका तो इस फिल्म में बहुत खूबसूरत लगी हैं रणवीर ने तो अलाउद्दीन के किरदार में जान डाल दी है।
शाहिद कपूर ने राजपूत राजा का किरदार बहुत ही बेहतरीन ढंग से निभाया है। फिल्म में बवाल करने की कोई वजह नहीं है। फिल्मवालों ने तो पब्लिसिटी स्टंट का नया तरीका निकाल लिया है।