UP: पुलिस चौकी के साइन बोर्ड पर लिखा- पाकिस्तान रहेगा हमेशा, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल; जांच शुरू
UP News: मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र में कुरथीजाफरपुर पुलिस चौकी के साइन बोर्ड पर आपत्तिजनक नारा लिखकर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष ने जल्द गिरफ्तारी और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विस्तार
Mau News: मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र स्थित कुरथीजाफरपुर पुलिस चौकी के पास लगे साइन बोर्ड पर आपत्तिजनक नारा लिखे जाने का मामला सामने आया है। घटना की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर लगे साइन बोर्ड पर किसी अज्ञात शरारती तत्व ने “पाकिस्तान रहेगा हमेशा” लिख दिया। इसके बाद उसकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। वायरल फोटो सामने आते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों ने इस हरकत को माहौल खराब करने की कोशिश बताया। पुलिस का मानना है कि किसी अराजक तत्व ने जानबूझकर इस तरह की हरकत कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है।
पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस संबंध में कोपागंज थानाध्यक्ष रविंद्र नाथ राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस टीम को जांच में लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस चौकी और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल फोटो की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फोटो सबसे पहले किसने साझा की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।