मुक्त विवि : 25 केंद्रों पर परीक्षा आज से, बनारस कार्यालय के 15 हजार छात्र होंगे शामिल; 25 दिनों तक देंगे पेपर
इसके प्रमाण पत्र और डिप्लोमा की परीक्षाएं 31 मई से 24 जून तक, स्नातक की परीक्षाएं 31 मई से 25 जून तक और परास्नातक की परीक्षाएं 6 जून से 25 जून तक होंगी।
विस्तार
बनारस के आसपास जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बनारस में दो केंद्र जगतपुर पीजी काॅलेज और अतुल आनंद हिंदू महाविद्यालय कॉलेज में 2000 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। प्रदेश भर के 169 केंद्रों पर परीक्षा होगी। छह कारागार को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। कुल 72 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
गोरखपुर के 26 केंद्रों के बाद बनारस प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्रीय केंद्र है। क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. एस के सिंह ने कहा कि ये परीक्षा 25 जून तक चलेगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर समय सारणी अपलोड कर दी गई है।
दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर एक बजे और दोपहर दो से पांच बजे तक आयोजित की जाएंगी। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि कि सभी विषयों के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन कर दिए गए हैं। जिन्हें डाउनलोड कर परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
संस्कृत विवि में दूसरी बार टला नैक टीम का दौरा, वजह साफ नहीं
वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विवि में राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद की टीम का दौरा फिर से टाल दिया गया है। हालांकि, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से नैक दौरे की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पिछले दिनों नैक टीम की ओर से 28 या 29 मई को विश्वविद्यालय में निरीक्षण के लिए आने की संभावना जताई थी।
विश्वविद्यालय ने नैक पीयर टीम के लिए 15 समितियों का गठन किया था। साथ ही विश्वविद्यालय ने कर्मचारियों के अवकाश भी निरस्त कर दिए थे। नैक पीयर टीम की ओर से 28 या 29 मई को आने की सूचना मिली थी, लेकिन टीम नहीं पहुंची। संभावना है कि जल्द ही नैक मूल्यांकन की नई तिथि जारी की जाएगी।
इसके पूर्व फरवरी और मार्च में मूल्यांकन की तिथि प्रस्तावित की गई थी। किन्हीं कारणवश प्रस्तावित तिथि पर मूल्यांकन नहीं हो सका और दूसरी बार तिथि जारी होने के बाद भी नैक टीम नहीं पहुंची तो विश्वविद्यालय में मूल्यांकन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
विश्वविद्यालय को वर्ष 2014 में नैक से ए ग्रेड मिला था और इसकी वैधता दिसंबर 2019 में ही समाप्त हो चुकी है। जुलाई 2024 में ही 165 पेज का विस्तृत सेल्फ स्टडी रिपोर्ट (एसएसआर) नैक को भेज दिया था। इसमें संस्था के पांच वर्षों की उपलब्धियों का विवरण शामिल किया गया था। नैक मूल्यांकन 1000 अंकों का होता है।