Odisha Train Accident: मृतकों की आत्मा की शांति के लिए काशी में दीपदान, गंगा आरती में दी गई श्रद्धांजलि
ओडिशा के बालासोर में ट्रेन दुर्घटना में मृतकों को वाराणसी में गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने दीपदान कर श्रद्धांजलि दी। शनिवार को दशाश्वमेध घाट का नजारा गमगीन हो उठा और हर कोई दो मिनट के लिए थम सा गया।
विस्तार
ओडिशा के बालासोर में ट्रेन दुर्घटना में मृतकों को वाराणसी में गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने दीपदान कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही मां भगवती से मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। हर आंख नम थी तो जुबां पर ट्रेन हादसे में घायलों के लिए प्रार्थना की जा रही थी। अस्सी से राजघाट के बीच कई घाटों पर गंगा आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शनिवार को दशाश्वमेध घाट का नजारा गमगीन हो उठा और हर कोई दो मिनट के लिए थम सा गया। गंगा सेवा निधि की ओर से होने वाली मां गंगा की दैनिक आरती में अर्चकों ने दीपदान किया। विदेशी पर्यटकों ने भी दो मिनट का मौन रखा। एक हजार दीपों से तट पर श्रद्धांजलि लिखा गया। इस दौरान सुशांत मिश्रा, इंदुशेखर शर्मा, आशीष तिवारी, हनुमान यादव मौजूद रहे।
अस्सी घाट पर भी रखा गया मौन
अस्सी घाट पर ज्योतिष्पीठ शंकराचार्य परिवार की ओर से दीपदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गंगा सेवा समिति की गंगा आरती भी मृतकों को समर्पित की गई।
आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। संजय पांडेय ने कहा कि दुर्घटना से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज मर्माहत हैं। अध्यक्षता गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष पं बलराम मिश्रा ने किया।