{"_id":"64fa2156c4cbe962f801e984","slug":"nsd-artists-will-join-the-traditions-of-banaras-varanasi-news-c-20-vns1013-353479-2023-09-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Varanasi News: बनारस की परंपराओं से जुड़ेंगे एनएसडी के कलाकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Varanasi News: बनारस की परंपराओं से जुड़ेंगे एनएसडी के कलाकार
विज्ञापन
विज्ञापन
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की वाराणसी शाखा के नवागत निदेशक प्रवीण कुमार गुंजन ने कहा कि बनारस परंपराओं का शहर है। अपने छात्रों को इससे जोड़ेंगे। जल्द ही पहल की जाएगी। बनारस घराने के साथ ही यहां के कलाकारों को जोड़कर जल्द ही आयोजनों की शृंखला की शुरुआत होगी। इससे छात्रों को काशी की परंपरा, कला और संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
निदेशक ने कहा कि वह मूलत: रंगमंच के कलाकार हैं और काम से ही जाने जाते हैं। जब छात्र आगे बढ़ेंगे तो संस्थान भी आगे बढ़ेंगे। इसलिए जरूरी है कि छात्रों को ऐसा मंच उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह देश ही नहीं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी छाप छोड़ सकें। प्राथमिकता में छात्रों को रंगमंच की अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराना है। यह हर किसी के लिए सौभाग्य की बात है कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का केंद्र बनारस में है। हम लोग बनारस के कलाकारों से अपने छात्रों को जोड़ने के लिए जल्द ही कार्ययोजना तैयार करेंगे। इससे छात्र बनारस की खूबी और चिंतनशीलता से जुड़ेंगे। आप बनारस में हैं तो बनारस को अच्छे से जान लें तो यह भी बहुत बड़ी बात होगी। इसके लिए खोजी प्रवृत्ति का होना होगा। हर इंसान व कलाकार के अंदर स्थानीयता का होना बहुत जरूरी है। स्थानीय होना अंतरराष्ट्रीय होने की शुरुआत है।
विज्ञापन
