पार्टी में जा रहे हैं तो हो जाइए सावधान, पढ़िए खबर है बड़े काम की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिवपुर स्थित होटल में आयोजित रिसेप्शन पार्टी से चोरों ने एनआरआई प्रोफेसर का तीन लाख रुपये व सोने चांदी के जेवर से भरा बैग पार कर दिया। शनिवार को दो अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी सिटी ने चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित की है। उधर, पीड़ित ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी ओपी सिंह को भी ट्वीट किया है।
शिवपुर स्थित मां चंद्रिका नगर कालोनी के डॉ. वीके सिंह चीन में प्रोफेसर हैं। उनके छोटे भाई न्यूजीलैंड में न्यूरो साइंटिस्ट डॉ. अनुराग सिंह की शादी की रिसेप्शन पार्टी 22 जनवरी को सांझा चूल्हा होटल में थी। इसमें न्यूजीलैंड, अमेरिका और चीन के 28 अतिथि आए थे। पार्टी में मिले उपहार और रुपये एक बैग में रखे जा रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे महिलाएं जब फोटो के लिए स्टेज पर गईं तो रुपये से भरा बैग मेज पर रख दिया। वापस पहुुंचीं तो बैग गायब था। सीसीटीवी फुटेज में करीब 13 वर्षीय लड़का बैग लेकर भागते दिखा। करीब 22 वर्षीय एक युवक भी संदिग्ध दिखा।
अतिथियों में खराब संदेश न जाए, इसलिए प्रोफेसर ने इसकी शिकायत नहीं की। सभी को विदा करने के बाद शनिवार को उन्होंने एसएसपी को घटनाक्रम की जानकारी दी और सीसीटीवी फुटेज सौंपे। शिवपुर थाना की पुलिस ने दोनों आरोपियों की फोटो लेकर विभिन्न इलाकों में पूछताछ की।
तीन बार भगाया गया था लड़के को
प्रोफेसर ने बताया कि आरोपी लड़के को तीन बार पार्टी से बाहर किया गया था। इसके बाद भी वह लड़का फिर पार्टी में शामिल हो गया। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक भी दिखा जो लड़के को गाइड कर रहा था।
सक्रिय है बच्चे और महिलाओं का गिरोह
शहर में शादी समारोह में घुसकर चोरी को अंजाम देने वाला गिरोह सक्रिय है। इसमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक है। पिछले माह छावनी के एक होटल से महिला का पर्स उचक्कों ने पार कर दिया था। लंका थाना के नरिया स्थित एक लान में सोनभद्र के एनटीपीसी रिटायर्ड अफसर की बेटी की शादी में महिला जेवर से भरा बैग चोरी करते हुए पकड़ी गई थी। भेलूपुर थाना के महमूरगंज के एक लान में पिछले माह कन्या पक्ष का एक लाख रुपये और जेवर से भरा बैग चोरों ने पार कर दिया।