भदोही में 12 प्रवासियों समेत कोरोना के 13 नए मरीज मिले, संक्रमितों की संख्या पहुंची 58
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही जिले में शुक्रवार को कोरोना के 13 मरीज सामने आए। इनमें एक स्थानीय और 12 प्रवासी मरीज शामिल हैं। इसके साथ जिले में कुल संक्रमित मरीजों की तादाद अब 58 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से आठ मरीज डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। इनमें शुक्रवार को मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल से डिस्चार्ज हुआ एक मरीज भी शामिल है।
भदोही जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा तेजी से बढ़ने लगा है। 10 अप्रैल से शुरू हुआ जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को एक साथ 13 नए मरीज सामने आए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में एक साथ मरीज मिलने से खलबली मच गई है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के मुताबिक मुंबई से आए औराई क्षेत्र के टीमा गांव निवासी युवक का सैंपल 31 मई को लिया गया था।
शुक्रवार को रिपोर्ट आई तो वह पॉजिटिव निकला। इसके अलावा भदोही क्षेत्र के मूंसीलाटपुर, टकेटपुर, अभोली क्षेत्र के आनंदडीह, औराई क्षेत्र के नटवां, बभनौटी सिहंवा, अभोली के सरायखास निवासी एक-एक लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। ये सभी लोग मुंबई से आए थे और एक जून को उनका स्वैब जांच के लिए भेजा गया था।
ज्ञानपुर क्षेत्र के भिखारीपुर गांव निवासी युवक और उनके 14 एवं 10 साल के दो पुत्र के अलावा उसी गांव के दो और लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी का सैंपल एक जून को लेकर जांच के लिए भेजा गया था। भदोही क्षेत्र के अमवा भवानीपुर निवासी एक स्थानीय युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह किसके संपर्क में आकर संक्रमित हो गया, यह जांच का विषय है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया था। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी को मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल भेजा जाएगा। साथ ही संबंधित गांवों में एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।
140 सैंपल जांच के लिए भेजे
कोरोना संक्रमण काल में स्वास्थ्य विभाग संदिग्ध लोगों की जांच के लिए उनके सैंपल लगातार भेज रहा है। बाहर से आने वाले प्रवासियों के अलावा स्थानीय लोगों में भी अगर जांच के दौरान लक्षण दिख रहे हैं तो उनके सैंपल जांच के लिए एकत्र किए जा रहे हैं। शुक्रवार को जिले से 140 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इनमें ज्यादातर प्रवासी शामिल रहे।
कोरोना संक्रमण के आंकड़े
- कुल लिए गए सैंपल- 1895
- रिपोर्ट आई- 1310
- लंबित रिपोर्ट- 585
- तीन दिन से अधिक समय से लंबित रिपोर्ट- 111
- डिस्चार्ज हुए- 08
- मौत के बाद पॉजिटिव- 03