वाराणसी में राष्ट्रीय पक्षी मोर मरा: करंट लगने की आशंका, शव के पोस्टमार्टम; राजकीय विधि से अंतिम संस्कार
Varanasi News: वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र के आषाढ़ गांव में राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत मिला। सूचना पर पुलिस और वन विभाग ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रथम दृष्टया आवारा कुत्तों के हमले या करंट से मौत की आशंका जताई गई है। रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक कारण स्पष्ट होगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के आषाढ़ गांव में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सुबह करीब पांच बजे मोर को अचेत अवस्था में देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खजुरी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में वन विभाग की टीम को भी बुलाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, निहाला मिश्र के घर के सामने स्थित बांस की कोठी के पास मोर के पंख चारों ओर बिखरे पड़े थे। मौके की स्थिति देखकर आशंका जताई गई कि मोर पर किसी जंगली या आवारा कुत्ते ने हमला किया होगा। हालांकि करंट लगने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा भरकर मोर के शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत राष्ट्रीय पक्षी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मोर की मौत आवारा कुत्तों के हमले से होने की आशंका है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर संतोष कुमार गौड़ ने बताया कि मोर की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में यह स्पष्ट होगा कि मौत अंदरूनी चोट, दम घुटने, करंट लगने या किसी अन्य कारण से हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी प्रकार की लापरवाही या वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के उल्लंघन के साक्ष्य मिलते हैं तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।