बदल रही काशी: 150 एकड़ जमीन में पीपीपी मॉडल पर बनेगा मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, खर्च होंगे 91.60 करोड़ रुपये
वाराणसी में 150 एकड़ जमीन में पीपीपी मॉडल पर मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क बनेगा। इसमें 91.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लॉजिस्टिक्स पार्क बनने से रेल, सड़क और जल परिवहन से जुड़ाव रहेगा।
विस्तार
भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग परिवहन (आईडब्ल्यूएआई) की ओर से रामनगर में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 150 एकड़ भूमि चिह्नित है। इसके निर्माण में 91.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके निर्माण की जिम्मेदारी जीआर इंफ़्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड को दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
आईडब्ल्यूएआई की ओर से वाराणसी के रामनगर स्थित राल्हूपुर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण कराया जाएगा। जलमार्ग परिवहन को बढ़ावा देने के लिए रामनगर में बंदरगाह भी बनाया गया है।
प्रयागराज से हल्दिया तक राष्ट्रीय जलमार्ग प्रथम पर व्यापार और यातायात को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई है। काशी को वायु, सड़क और रेल मार्ग के साथ ही जलमार्ग से भी जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में राल्हूपुर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण कराया जाएगा।
मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क की यह होगी विशेषता
यहां माल की ढुलाई और हैंडलिंग के लिए सड़क, रेल और जलमार्ग, तीनों माध्यमों को एक जगह जोड़ा जाएगा। यानी ट्रक से आने वाला माल रेल या जहाज में आसानी से शिफ्ट किया जा सकेगा। पार्क में वेयरहाउसिंग, स्टोरेज और अन्य वैल्यू-एडेड लॉजिस्टिक्स सेवाओं की भी व्यवस्था होगी। इससे शहर के भीतर भारी मालवाहक वाहनों का दबाव घटाने और सस्ती व अपेक्षाकृत स्वच्छ लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
क्या बोले अधिकारी
मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा। इसके निर्माण के लिए संस्था का चयन हो चुका है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। -संजीव कुमार, निदेशक, आईडब्ल्यूएआई
