Varanasi: सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, मां-बेटी की मौत, घायल चार लोगों की हालत गंभीर
गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के किनारे महराजगंज के समीप शनिवार को खड़े ट्रक में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घुस गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि कार सवार परिवार के अन्य चार लोग घायल हो गए।
विस्तार
गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के किनारे महराजगंज के समीप शनिवार को खड़े ट्रक में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घुस गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि कार सवार परिवार के अन्य चार लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मां-बेटी के शव को मोर्चरी हाउस में रखवाया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के मोहिनीडीह के मूल निवासी और शिवपुर क्षेत्र के गणेशपुर कॉलोनी में रहने वाली शशिबाला (65), उनकी बेटी निष्ठा उर्फ नीना श्रीवास्तव ( 42) व दीक्षा श्रीवास्तव (40), बेटा सत्यम (37), नातिन अर्पणा श्रीवास्तव (17) और नाती केशरीपुर निवासी मन्नू श्रीवास्तव (13) कार में सवार थे। कार सत्यम चला रहा था।
बेटी की छठी में शामिल होने के लिए गोरखपुर गया था परिवार
शशिबाला अपने बड़े बेटे शिवम की बेटी की छठी में शामिल होने के लिए गोरखपुर गई थीं। छठी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे। महराजगंज के पास हाईवे के किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घुस गई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने शशिबाला और उनकी बेटी निष्ठा उर्फ नीना श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े ट्रक को लेकर चालक भाग गया। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है।