मोहम्मद नबील गिरफ्तार: बम की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान, बांग्लादेश और तुर्की जाने की बना रहा था योजना
आजमगढ़ के दीदारगंज से मोहम्मद नबील की गिरफ्तारी हुई। आरोप है कि नबील बम की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान, बांग्लादेश और तुर्की जाने की योजना बना रहा था।
विस्तार
आतंकवादी संगठन एक्यूआईएस की विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोपी आजमगढ़ का मोहम्मद नबील बम बनाने का प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की फिराक में था। आरोप है कि बम बनाने के तरीके से संबंधित वीडियो, पोटैशियम नाइट्रेट प्राप्त करने संबंधी बातें भी करता था। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप से कोड वर्ड में नेटवर्क चला रहा था।
यूपी एटीएस ने नबील को आजमगढ़ के दीदारगंज से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप से कोड वर्ड में नेटवर्क चला रहा था। उसके व्हाट्सएप ग्रुप से पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार, सऊदी अरब और तुर्की के लोग जुड़े हैं। पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत पर गजवा-ए-हिन्द की साजिश में शामिल है।
हाफिजा की पढ़ाई कर चुका है नबील, सऊदी अरब रहते हैं पिता
गिरफ्तारी के बाद नबील के घर के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि वह शांत स्वभाव का है। अपनी मां के साथ रहता है। उसके पिता दानिश अंसारी सऊदी अरब में रहते हैं। नबील सरायमीर क्षेत्र के एक मदरसे में पढ़ता था। हाफिजा की पढ़ाई कर चुका है। मदरसे से लौटने के बाद नबील उर्दू में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। साथ ही उर्दू में धार्मिक और शिक्षाप्रद बातें सुनता था। मोहल्ले की मस्जिद में जाता था। वहां बच्चों को तालीम देता था। आसपास के लोगों से ज्यादा बात नहीं करता था।
इसे भी पढ़ें; 'गजवा-ए-हिंद की बात करता था नबील: अल कायदा से जुड़े युवक को एटीएस ने पकड़ा, युवाओं को जोड़ता था; पूछताछ
नबील की गिरफ्तारी के बाद मां अपने दो बेटियों के साथ फूलपुर स्थित अपने मायके चली गई। पड़ोसियों के मुताबिक नबील के पिता दानिश अंसारी चार भाई हैं। मोहम्मद नबील, उसकी मां, दो बहनें और दादी और दादा मुस्ताख रहते थे। दादा आंख से नहीं देख पाते हैं।
क्या बोले अधिकारी
एटीएस ने मोहम्मद नबील को उठाया है। इसकी जानकारी मिली है। नबील का आपराधिक इतिहास नहीं है। उसके खिलाफ आजमगढ़ में कोई मामला अभी तक दर्ज नहीं था। -डॉ. अनिल कुमार, एसपी, आजमगढ़