वाराणसीः राजघाट पर गंगा में डूबने से किशोर की मौत, विश्वसुंदरी पुल से कूदी युवती का नहीं मिला सुराग
वाराणसी के शैलपुत्री निवासी रिंकू शर्मा का बेटा कौशल शर्मा की गंगा में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। वहीं पीडीडीयू नगर कोतवाली अंतर्गत खजूरगांव निवासी श्रीराम मौर्य की पुत्री ने विश्वसुंदरी पुल से गंगा में छलांग लगी दी।
विस्तार
वाराणसी के राजघाट पर नहाने के दौरान रविवार को किशोर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ पहुंचे किशोर को डूबता देख बाकि साथ भाग निकले। नाविकों की सूचना पर पहुंची आदमपुर थाने की पुलिस ने शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं रविवार की सुबह विश्वसुंदरी पुल से गंगा में कूदी युवती का शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। उसकी तलाश जारी है।
वाराणसी के शैलपुत्री निवासी रिंकू शर्मा का बेटा कौशल शर्मा (15) सुबह में नया महादेव (प्रह्लाद घाट) इलाके में रहने वाली अपनी नानी के घर आया था। दोपहर में आसपास के बच्चों के साथ नहाने के लिए वह राजघाट पहुंचा। इस दौरान नहाते वक्त कौशल गहरे पानी में चला गया।
यह देख घबराए उसके चार साथी मौके से भाग निकले। वहीं घाट पर मौजूद लोग जब तक उसे बचाने की कोशिश करते तब तक वह गंगा में समा गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गोताखोर महेंद्र साहनी व गजानंद साहनी की मदद से शव को बाहर निकलवाया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घर से दवा लेने निकली युवती गंगा में कूदी
रामनगर बाईपास स्थित विश्वसुंदरी पुल से रविवार सुबह एक युवती ने गंगा में छलांग लगा दी। राहगीरों के शोर मचाने पर किनारे खड़े मल्लाहों ने तुरंत गंगा में युवती की खोजबीन में जुट गए। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। एनडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से पुलिस युवती की खोजबीन में देर शाम तक जुटी रही लेकिन सफलता नहीं मिली। युवती की पुल पर खड़ी साइकिल और थैले से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पीडीडीयू नगर कोतवाली अंतर्गत खजूरगांव निवासी श्रीराम मौर्य की पुत्री पूजा मौर्य 18 वर्ष सुबह दवा लेने के लिए साइकिल से रामनगर स्थित बाजार को निकली। हालांकि युवती ने दवा नहीं खरीद सीधे बाईपास स्थित विश्वसुंदरी पुल पर पहुंची और साइकिल खड़ी करते हुए लगभग 11 बजे गंगा में कूद गई।