अच्छी पहल: लखनऊ की तर्ज पर काशी में बनेगी मैकेनाइज्ड पार्किंग, जनता को मिलेगा सीधा फायदा
Varanasi News: वाराणसी जिले के शहरी क्षेत्र में बढ़ते यातायात और सीमित पार्किंग समस्या को दूर करने की पहल वीडीए द्वारा की जा रही है। इसके तहत अब काशी में लखनऊ की तर्ज पर मैकेनाइज्ड पार्किंग बनेगी।
विस्तार
वाराणसी शहर में बढ़ते यातायात और सीमित पार्किंग व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने मैकेनाइज्ड पार्किंग के निर्माण को प्रोत्साहित करने की दिशा में कदम उठाया है। यह व्यवस्था लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की तर्ज पर लागू की जा रही है। जिससे शहरी क्षेत्र में पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार पार्किंग पीपीपी मॉडल पर बनेंगे। इसके तहत मैकेनाइज्ड पार्किंग निर्माण के इच्छुक पक्ष को आकलित कुल लागत की 25 प्रतिशत धनराशि सिक्योरिटी मनी के रूप में जमा करनी होगी। मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया निर्माण से पूर्व ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
शमन स्वीकृति निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ऑफलाइन माध्यम से की जाएगी। यह भी तय किया गया है कि ऑनलाइन आवेदन करते समय ही सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। निर्माण पूर्ण होने के उपरांत, शमन कार्रवाई पूर्ण कर शमन मानचित्र जारी किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में वीडीए उपाध्यक्ष की पूर्व अनुमति से शमन मानचित्र पहले भी जारी किया जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें; News: हादसों में दो लोगों की मौत, छह घायल, हिन्दू नेता पर सतुआ बाबा ने दर्ज कराया केस; पढ़ें वाराणसी की खबरें
निर्धारित प्रक्रिया और मैकेनाइज्ड पार्किंग की स्थापना पूर्ण होने के बाद उपाध्यक्ष के अनुमोदन के बाद प्रतिभूति राशि लौटाई जाएगी। यह भी सुनिश्चित करेगी कि नक्शे में स्टैक पार्किंग दर्शाकर पास कराने वाले आवेदक वास्तव में स्टैक पार्किंग की स्थापना करें। वीडीए की यह पहल न केवल निजी निवेश को आकर्षित करेगी, बल्कि शहर में स्मार्ट और टिकाऊ मैकेनाइज्ड पार्किंग समाधान को भी सशक्त बनाएगी।
मैकेनाइज्ड पार्किंग से कम जगह में ज्यादा वाहन होंगे पार्क
वीडीए प्रशासन की ओर से इस समस्या को देखते हुए मैकेनाइज्ड पार्किंग सिस्टम लाया जा रहा है। इस तरह की पार्किंग में अधिक स्पेस की जरूरत नहीं पड़ती है और कम जगह में ही अधिक से अधिक वाहन पार्क हो जाते हैं। इसका सीधा फायदा जनता को मिलेगा। मल्टीलेवल पार्किंग होती है। कहीं तीन फ्लोर का होता है तो कहीं चार फ्लोर का होता है। जिसे मशीनों के जरिए वाहन पार्क करने की सुविधा दी जाती है।