News: हादसों में दो लोगों की मौत, छह घायल, हिन्दू नेता पर सतुआ बाबा ने दर्ज कराया केस; पढ़ें वाराणसी की खबरें
Varanasi News Todday: वाराणसी में विभिन्न हादसों में दो लोगों की माैत और छह लोग घायल हो गए। वहीं, सतुआ बाबा ने सनातन रक्षक दल के प्रदेश अध्यक्ष सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: सोशल मीडिया पर छवि खराब करने और अभद्र टिप्पणी मामले में सतुआ बाबा ने सोमवार को चौक थाने में सनातन रक्षक दल के प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा व दो अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया।
सतुआ बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर व संतोषाचार्य संतोष दास ने चौक पुलिस को बताया कि फेसबुक पर अजय शर्मा नामक व्यक्ति ने व्यक्तिगत मेरा नाम लिखकर काशी विश्वनाथ के नियम विरूद्ध स्पर्श दर्शन को लेकर अभद्र टिप्पणी की है। 13 जुलाई की दोपहर अयोध्या हनुमानगढ़ी निर्वाणी अखाड़ा के अध्यक्ष 70 वर्षीय महंत पहली बार जलाभिषेक करने काशी आए थे।
उन्होंने भीड़ न होने के रूप में संकल्प के रूप में जल चढ़ाया। हम सनातनी है पूजा आदि हमारा कर्तव्य है। सोशल मीडिया पर अजय शर्मा के कमेंट से प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। अजय समेत उसके संग जो लोग हैं, उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
आम की डाली गिरने से बाइक सवार युवक की मौत
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव में रविवार की रात बारिश के दौरान राधाकृष्ण मंदिर के पास आम की डाली अचानक टूटकर बाइक सवार अर्जुन राजभर (35) के ऊपर गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई। वहीं, साथी संतोष मौर्या घायल हो गया। पुलिस ने अर्जुन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हरसोस गांव का रहने वाला अर्जुन राजभर और संतोष मौर्या रात में अपने काम से घर लौट रहे थे।
गांव के राधाकृष्ण मंदिर के पास पहुंचे थे कि अचानक तेज बारिश के दौरान आम की डाली टूटकर अर्जुन राजभर के ऊपर गिर गई। आसपास के लोगों ने अर्जुन को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां एक घंटे बाद उपचार के दौरान अर्जुन ने दम तोड़ दिया। तीन भाइयों में सबसे छोटे अर्जुन की एक बेटी, दो बेटे हैं। जंसा थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार पुजारी की मौत
बड़ागांव के बाबतपुर के महाविद्यालय के कट के पास सोमवार सुबह ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार पुजारी धर्मेंद्र पांडेय (34) की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फूलपुर थाना क्षेत्र के औरांव गांव निवासी धर्मेंद्र पांडेय पूजा पाठ और कर्मकांड कराते थे। सावन के पहले सोमवार को शहर में रूद्राभिषेक कराने गए थे। सुबह 7 बजे घर लौट रहे थे। वाराणसी-जौनपुर मार्ग के बाबतपुर में महाविद्यालय के पास उसी लेन में चल रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घायल मोपेड सवार को पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दो भाइयों में छोटे धर्मेंद्र का एक बेटा है। सूचना मिलते ही पत्नी समेत अन्य का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ट्रक की तलाश की जा रही है।
कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के पास रविवार रात कार की टक्कर से बाइक सवार मिर्जापुर सरावां निवासी मनीष पाल (23) और आनंद सरोज (21) घायल हो गए। मनीष को बीएचयू स्थित ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं आनंद को मिर्जापुर के जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है।
वाहन के पास लेने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, तीन राउंड फायरिंग
सिंधोरा के राजपुर गांव में सोमवार को वाहन से पास लेने को लेकर राजभर और ब्राह्मण समुदाय के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि राजभर की ओर से सात नवयुवकों ने सुनील पांडेय की पिटाई की और दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन राउंड फायरिंग भी की। रात में एसीपी पिंडरा पहुंचे और जानकारी ली। दो सीसी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार, औरांव गांव के पास राजभर समाज के 7 लड़के गुजर रहे थे। इस बीच एक वाहन से पास लेने को लेकर विवाद हो गया। राजभर समाज के लड़कों ने वाहन सवारों को पीट दिया। राजपुर में सुनील पांडेय के मकान के पास फिर से विवाद हुआ। सुनील पांडेय ने विरोध किया तो राजभर समाज के आक्रोशित युवकों ने पिटाई कर दी। इस दौरान तीन राउंड फायरिंग भी की। एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया कि फायरिंग की जांच कराई जा रही है। पीड़ित सुनील पांडेय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
विद्यालय से कक्षा 6 का छात्र लापता, पुलिस कर रही तलाश
बड़ागांव के पश्चिमपुर (सातो महुआ) गांव में स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में कक्षा 6 में पढ़ने वाला छात्र तन्मय रविवार को लापता हो गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फिरतुराम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तन्मय संत रविदास नगर भदोही जनपद के औराई थाना का रहने वाला है। मुकदमा दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।
फर्जी दस्तावेज बनाकर लोन वाले मकान की रजिस्ट्री, छह पर केस
लोन पर बंधक रखे मकान को फर्जी तरीके से बेचने के मामले में लालपुर-पांडेयपुर थाने में छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया। हुकुलगंज बघवानाला के राजेश कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि अशोकपुरम कॉलोनी, मीरापुर बसही निवासी रामजनम प्रजापति उर्फ रामजनम पंडित, पत्नी सुदामा देवी ने मकान का सौदा 25 लाख में तय किया।
20 लाख की अग्रिम राशि के रूप में 19 लाख सुदामा देवी के खाते में चेक व आरटीजीएस और 1 लाख रामजनम के खाते में मोबाइल बैंकिंग से ट्रांसफर किया गया। 4 सितंबर 2024 को सब-रजिस्ट्रार द्वितीय वाराणसी के कार्यालय में मकान का रजिस्टर्ड सट्टा हुआ। रामजनम के बेटे सत्यम प्रजापति गवाह व बेटियां पूनम, अंजली और बेटे दिशांत ने सहमति पत्र देकर कहा कि यह सुदामा देवी का अंतिम विक्रय विलेख है और इस संपत्ति पर कोई लोन या बंधक नहीं है।
13 जनवरी को जब मकान पर पहुंचा तो सुदामा देवी व अन्य ने बताया कि मकान पहले ही बैंक में बंधक है। इस पर लोन है, जो जमा नहीं हो सका है। पीड़ित ने आपत्ति जताई तो आरोपियों ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।
तमंचा कारतूस के साथ एक बाल अपचारी गिरफ्तार
चौबेपुर के गौरा उपरवार मोड़ से सोमवार शाम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देशी तमंचा 12 बोर व एक कारतूस बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिस्ट्रीशीटर ने दुकानदार से की मारपीट, मुकदमा दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के धरसौना स्थित आभूषण की दुकान में मारपीट के मामले में हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने देवराई निवासी राज सेठ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। देवराई ने तहरीर में बताया कि उसकी आभूषण की दुकान है। इजराउल रविवार दुकान पर पहुचा और सोने की बाली दिखाने को कहा। जिस पर दुकानदार ने कल लाकर दिखाने को कहा। इस पर वह मारपीट करने लगा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्जकर जांच की जा रही है।
मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज
सेवापुरी के सजोई गांव के संदीप गिरी की तहरीर पर दो नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ है। तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर रंजिश में शाहिद अंसारी, दानिश पांच अज्ञात साथियों के साथ मारपीट करने लगा। सेवापुरी थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है।
घर में फेंकी ईंट, युवक घायल
शिवपुर के दुधिया पोखरी महेशपुर परमानंदपुर निवासी रमेश पटेल की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों पर केस दर्ज किया है। तहरीर में बताया कि वह टिनशेड में सो रहा था। चार बार ईंट घर के टिनशेड पर फेंके गए। एक ईंट सिर में लगी। बाहर जाकर देखा तो कलीम, चिकवा, शहमद चार-पांच लोगों के साथ छत पर खड़े थे। रंजिश को लेकर वह ईंट फेंक रहे थे। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जर्मन पर्यटक का खोया पासपोर्ट 30 मिनट में खोजा
सिटी कमांड सेंटर फेज-2 ने सोमवार को जर्मन पर्यटक टॉर्बेन ब्लेइमन का खोया हुआ पासपोर्ट 30 मिनट में खोजकर उन्हें सौंप दिया। फेज-2 के इंचार्ज राजेश सिंह ने बताया कि ब्लेइमन वाराणसी एयरपोर्ट से लहुराबीर के लिए कैब ले रहे थे, तभी उनका पासपोर्ट, पासबुक, सन ग्लासेस और अन्य दस्तावेज कैब में ही छूट गए। कमांड सेंटर ने 30 मिनट में 100 कैमरों और एएनपीआर की मदद से कैब की पहचान की। फिर कैब चालक को पकड़ कर उनका सामान बरामद किया।
दो दिन बाद छात्रों के सवालों के एमएस ने दिए जवाब
बीएचयू में पीएचडी रिसर्च स्कॉलर नाजुक भसीन मौत के दो दिन बाद चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केके गुप्ता ने जवाब दिया। 30 मिनट तक उन्होंने छात्रों के सवालों के जवाब दिए। छात्रों से बातचीत में कहा कि छात्रा की एंटी साइकेट्रिक दवा की भी हिस्ट्री मिली है। इसका हाईडोज नुकसानदायक है। छात्रों को बताया कि कोई भी दवा खाओ, पैरामीटर का पालन नहीं कर रहे हैं तो वो नुकसान पहुंचाएगी। एक के बाद उन्होंने डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस, दलालों पर कार्रवाई समेत कई मुद्दों पर सफाई दी। कहा कि एनएमसी के नियमों के अनुसार ही आईसीयू और वार्ड में बेड की व्यवस्था की जाती है।
बीएचयू में जीआईएस, जीपीएस और रिमोट सेंसिंग पर सात दिन की कार्यशाला
बीएचयू में 25 जुलाई से दो अगस्त तक जीआईएस, जीपीएस तकनीक और रिमोट सेंसिंग के इस्तेमाल पर एक सप्ताह की कार्यशाला होगी। ये कार्यशाला ग्रामीण विकास पर ही केंद्रित होगी। इसे बीएचयू के सोशल साइंस फैकल्टी के सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड रूरल डेवलपमेंट की ओर कराया जा रहा है।
इस कार्यशाला की मदद से ग्रामीण विकास में व्याप्त चुनौतियों का समाधान किया जा सकता है। लोकल डेटा का प्रभावी तौर पर विश्लेषण किया जाएगा। सतत ग्रामीण विकास के लिए साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में भी मदद हो सकेगी।
कूड़ी पावर हाउस के लाइनमैन की पिटाई, केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कूड़ी पावर हाउस के संविदा लाइनमैन ध्यानंचद्र मौर्य की सोमवार की सुबह पिटाई की गई। हाथ में चोटें आई हैं। रामापुर कोईरीपुर निवासी पीड़ित लाइनमैन ध्यानचंद्र मौर्य ने पुलिस को बताया कि वह कूड़ी पावर हाउस पर संविदा लाइनमैन है।
सुबह 8 बजे के समय भोपतपुर में लाइन ब्रेक डाउन बनाते समय गांव के ही मनीष उपाध्याय ने गाली गलौज और पिटाई की। जान से मारने की धमकी दी है। उधर, लाइनमैन के साथियों ने चेताया कि यदि आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो फिर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए जांच की जा रही है।
महिला दर्शनार्थी की चेन छीनने के दो आरोपी जेल गए
भेलूपुर थाना क्षेत्र के इस्कॉन मंदिर के पास महिला दर्शनार्थी का चेन लूटने के मामले में दोनों आरोपियों आर्यन और प्रदीप को कोर्ट ने सोमवार को जेल भेज दिया। भेलूपुर लहरतारा के महेशपुर निवासी प्रदीप गुप्ता और शिवदासपुर निवासी आर्यन गुप्ता पर पश्चिम बंगाल की महिला ममता ने चेन लूटने का केस दर्ज कराया है।
रविवार को गुरुधाम के पास बाइक सवार आर्यन और प्रदीप ने महिला के गले से झपट्टा मारकर चेन छीनी थी। लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस को सौंपा। आरोपियों के कब्जे से लूट की चेन भी बरामद हुई। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आर्यन पर आठ, प्रदीप पर चार आपराधिक केस दर्ज हैं।
कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर को मनबढ़ों ने पीटा, केस दर्ज
छात्र शक्ति इंफ्रास्ट्रक्चर के इंजीनियर रणविजय सिंह पर हमले के मामले में सोमवार को लोहता थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इंजीनियर रणविजय सिंह ने पुलिस को बताया कि 12 जुलाई को दोपहर में लोहताइन मंदिर के पास रोड का काम करा रहा था। दो बाइक पर मुंह पर गमछा बांधे पांच युवक पहुंचे और गालीगलौज कर जान से मारने की नियम से हमला कर दिया। हमले के बाद सभी भाग निकले। थानाध्यक्ष लोहता निकिता सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे के आधार पर आरोपियों की बाइक नंबर से पहचान कराई जा रही है।
ट्रक के अचानक ब्रेक मारने से डाक पार्सल मैजिक भिड़ी, चालक घायल
मिर्जामुराद के रखौना के रिंग रोड पर सोमवार दोपहर ट्रक के अचानक ब्रेक लेने से पीछे डाक पार्सल की मैजिक टकरा गई। हादसे में मिर्जामुराद बेनीपुर निवासी मैजिक चालक जुगनू विश्वकर्मा (32) घायल हो गया। पुलिस ने उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मैजिक चालक ड्यूटी पूरी कर साधु कुटिया में निजी कंपनी में मैजिक खड़ी करने जा रहा था। इसी दौरान रखौना के पास हादसा हुआ। कुछ देर के लिए रिंग रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
आईएमएस निदेशक समेत तीन सदस्यों ने महिला आयोग में दर्ज कराए बयान
आईएमएस बीएचयू में महिला प्रोफेसरों के उत्पीड़न के मामले में सोमवार को महिला आयोग में सुनवाई हुई। दिल्ली पहुंचे आईएमएस निदेशक प्रो.एसएन संखवार समेत तीन सदस्यों का बयान दर्ज कराया। आयुर्वेद संकाय, ट्रॉमा सेंटर में एनीस्थीसिया विभाग की प्रोफेसर के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले को लेकर आयोग में कई सवाल पूछे गए। इन मामलों में तमाम शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की गई, जिसको लेकर नाराजगी भी जताई गई।
इस बैठक की रिपोर्ट जल्दी ही आएगी। बीएचयू के कुलसचिव कार्यालय की ओर से पिछले सप्ताह आदेश भी जारी किया गया था। इसमें प्रो. एसएन संखवार के साथ ही आईएमएस की विमेन ग्रिवांस सेल की चेयरपरसन और शिक्षाशास्त्र विभाग में शिकायत निवारण प्रकोष्ठ की चेयरपरसन को महिला आयोग में उपस्थित होकर विश्वविद्यालय का पक्ष रखने को कहा गया था।
थाने पर विरोध के बाद प्रधान की पिटाई में छह पर केस
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लेड़ूआई प्रधान आनंद गुप्ता की पिटाई के मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं करने पर सोमवार को 12 ग्राम प्रधानों ने थाने पर विरोध प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी ने छह आरोपियों पर केस दर्ज किया है। रविवार को हाइवा पर लदे गिट्टी के बोल्डर पंचायत भवन पर गिरवाने के विवाद को लेकर पीआरबी पुलिस के सामने गांव के सात मनबढ़ों ने आनंद की पिटाई की थी।
आरोपियों में ओम प्रकाश सिंह, विजय प्रकाश, शमशेर, सूर्य प्रताप सिंह, मोनू व पवन सिंह हैं। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। प्रधानों के प्रतिनिधि मंडल में हरि कुंवर सिंह (दिलावलपुर), ओमप्रकाश पटेल (मटुका), अखिलेश गुप्ता (हाथी बाजार), बनारसी चौहान, सेवालाल आदि रहे।
पुलिस कमिश्नर के आदेश पर बैग चोरी होने का मुकदमा
पुलिस कमिश्नर के आदेश पर भेलूपुर थाने में टोटो से बैग गायब होने का मुकदमा दर्ज हुआ है। लोहता निवासी ज्योति ने तहरीर में बताया कि 5 जुलाई को दोपहर 3.10 बजे वह लंका से भेलूपुर चौराहा से टोटो से जा रही थी। वे दुर्गाकुंड मंदिर के गेट के पास अपना बैग टोटो में छोड़कर दर्शन करने गईं। वापस आकर देखा तो टोटो चालक लापता था। बैग में आधार कार्ड, पैन कार्ड, एलआईसी के कुछ पेपर व नगद 25000 रुपये थे। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि टोटो चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है।
सात दुकानदारों पर अतिक्रमण का मुकदमा
भेलूपुर पुलिस ने सोनारपुरा चौराहे से लेकर अस्सी चौराहे तक सड़क के किनारे अतिक्रमण करने वाले एक अज्ञात समेत सात नामजद दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा चौकी प्रभारी पार्थ तिवारी ने दर्ज कराया है। बताया कि इन दुकानदारों में मनोज गुप्त, लोकेश गुप्ता, किशन गुप्त, शिव, संदीप व रामेश्वर शामिल हैं। दुकानदारों को बार-बार सड़क पर दुकान न लगाने की हिदायत दी गई, लेकिन उन्होंने इसकी अवहेलना की। दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बिना नेम प्लेट का माला फूल बेचने वालों पर हो कार्रवाई
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर दुकानों पर बिना नेम प्लेट के माला फूल, पूजा सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विवेक शंकर तिवारी, डॉ. अभिनव सिंह ने पुलिस आयुक्त को सोमवार को ज्ञापन सौंपा। विवेक शंकर तिवारी ने कहा कि गेट संख्या चार के बाहर कई दुकानें गैर हिंदुओं की है। पहचान छिपाकर व्यापार करने वालों पर कार्रवाई हो।
ब्रांच के संचालक ने महिला के खाते में जमा कराए रुपये
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के पूरे गांव के ट्रॉली चालक गुलाब पटेल और उसकी पत्नी आरती देवी के नकदी गबन के मामले में बैंक के ब्रांच संचालक सूरज गुप्ता ने सोमवार को खाते में एक लाख 19 हजार रुपये जमा कराए। पति के खाते में रुपये भेजने के लिए समय मांगा। पिछले दिनों पति और पत्नी ने सूरज के खिलाफ तहरीर दी थी कि उसने पैसे हड़प लिए है।
तैराकी प्रतियोगिता में 720 तैराकों का होगा जमावड़ा
सिगरा स्टेडियम में खेल विभाग की ओर से 24 से 27 जुलाई तक प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सब जूनियर और जूनियर बालक बालिका तैराकी प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 18 मंडलों से लगभग 720 तैराक हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले जिले के खिलाड़ियों का चयन आगामी 18 जुलाई को सिगरा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
मंडलीय स्तर पर ट्रायल 19 जुलाई को होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में तैराकी की चार प्रमुख स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक और बटरफ्लाई जैसी विभिन्न शैलियों में मुकाबले देखने को मिलेंगे। सब जूनियर और जूनियर वर्ग में बालक और बालिका दोनों ही प्रतिभागी अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
वाराणसी-चंदौली में आदमचीनी चावल उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी और चंदौली के आदमचीनी चावल उत्पादक किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए ओराइजो राइसघर एग्रोवर्ड कंपनी कार्य कर रही है। सोमवार को कंपनी के संस्थापक डॉ. मंजुल प्रताप सिंह और कौशल जायसवाल ने सीडीओ हिमांशु नागपाल और उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल से मुलाकात की। उन्हें आदमचीनी चावल के सैंपल पैकेट सौंपे। बताया कि वे किसानों से उनके उत्पाद को उचित मूल्य पर खरीदेंगे और उत्पादन बढ़ाने में भी सहयोग करेंगे।
उन्होंने बीएचयू और अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) के सहयोग से आदमचीनी चावल की उन्नत किस्म विकसित करने की बात भी कही। कंपनी का लक्ष्य किसानों को तकनीकी ज्ञान प्रदान कर और नई किस्में विकसित करके आदमचीनी चावल का उत्पादन बढ़ाना है। 2023 में इसे भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग भी मिला था, जो इसकी विशिष्टता को प्रमाणित करता है।
स्वीकृत मानचित्रों की संख्या में हुई बढ़ोतरी
वीडीए की ओर से स्वीकृत मानचित्रों की संख्या में इजाफा हुआ है। वीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार नियोजित विकास के लिए प्राप्त मानचित्रों की गहन समीक्षा कर स्वीकृति प्रदान की जाती है। वित्तीय वर्ष 2019-20 और 2020-21 में किसी भी मानचित्र को स्वीकृति नहीं दी गई। 2021-22 में सिर्फ एक मानचित्र स्वीकृत हुआ। इसमें 15 भूखंड शामिल थे।
2022-23 में भी एक मानचित्र स्वीकृत हुआ, लेकिन इससे जुड़े भूखंडो की संख्या घटकर 4 रह गई। 2023-24 में स्वीकृत मानचित्रों की संख्या में 5 गुना वृद्धि हुई इसमें कुल 5 मानचित्रों को स्वीकृति दी गई। 105 भूखंडों को कवर किया गया। 2024-25 में यह संख्या 6 मानचित्र और 94 भूखंडों तक पहुंच गई। वहीं, 2025-26 (केवल जून 2025 तक) ही 3 मानचित्रों की स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें 66 भूखंड शामिल हैं।
काशी विश्वनाथ धाम में 50 लोगों ने करवाया उपचार
सावन पर काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार अलग-अलग जगहों पर अस्थायी अस्पताल चलाया जा रहा है। सावन के पहले सोमवार को यहां 50 लोगों ने उपचार करवाया। इसमें 20 से अधिक लोग जोड़ों में दर्द से परेशान थे जबकि जुकाम, बुखार से ग्रसित 10 लोगों को जांच के बाद डॉक्टरों की टीम ने जरूरी दवाइयां दी।
इसके अलावा बाकी 20 लोगों में किसी को कमर दर्द तो कोई सिरदर्द, बदन दर्द से परेशान रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोडल अधिकारी बनाए गए डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष राय ने बताया कि सीएमओ के निर्देशन में विश्वनाथ धाम के साथ ही दशाश्वमेध प्लाजा पर भी स्वास्थ्य टीम लगाई गई है। पूरे सावन भर तीन शिफ्ट में स्वास्थ्य टीम तैनात रहेगी।
बताया कि किसी तरह की गंभीरावस्था में जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए मंदिर के बाहर तीन एंबुलेंस और एक एंबुलेंस गोदौलिया चौराहे पर खड़ी रहेगी। पहले दिन किसी भी श्रद्धालू को किसी अन्य अस्पताल में रेफर नहीं किया गया।
बीएचयू में सेल्फ केयर के लिए 24 को कार्यशाला
बीएचयू में सेल्फ केयर स्ट्रेटजी के लिए 24 जुलाई को एक कार्यशाला होगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए 18 जुलाई तक पंजीकरण करना होगा। इसका लिंक बीएचयू की ओर से जारी कर दिया गया है। बीएचयू के साथ ही इसमें एमएमवी, डीएवी, साउथ कैंपस, आर्य महिला, वसंत कन्या और वसंता कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल हो सकते हैं। बीएचयू के वेल-बीइंग सर्विसेज सेल की ओर से 24 जुलाई को एक दिवसीय कार्यशाला कराई जा रही है।
इसका विषय है सेल्फ-केयर फॉर एकेडमिक सक्सेज: स्ट्रेटेजीज फॉर नर्चरिंग वेल-बीइंग ऐट यूनिवर्सिटी। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके शैक्षाणिक प्रदर्शन और समग्र कल्याण को बढ़ावा देना है। कार्यशाला की टाइमिंग दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक है। छात्र कल्याण केंद्र सेमिनार हॉल में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यशाला चलेगी।
संकट मोचन मंदिर में 1100 किलोग्राम के घंटे का नाद हुआ आरंभ
संकटमोचन मंदिर में सावन के पहले सोमवार को 11 सौ किलोग्राम का घंटा प्रतिष्ठित किया गया। मंदिर के महंत प्राे. विश्वंभर नाथ मिश्र और पुष्कर मिश्र ने पूजन कर घंटे को संकटमोचन हनुमानजी और आम श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया। अब हर दिन इस घंटे का नाद मंदिर में गूंजेगा।
संकट मोचन मंदिर में सोमवार का दिन ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रहा। रविवार को संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास की पुण्यतिथि पर मंदिर में घंटा प्रतिष्ठित किया गया। महंत प्रो. मिश्र ने बताया कि यह घंटा सामान्य नहीं है। श्रद्धालुओं ने वर्षों तक छोटी-छोटी पीतल की घंटियां अर्पित कीं। उन सभी घंटियों को कोरोना काल में मंदिर प्रशासन ने एकत्र कर, पिघलाकर एक विराट घंटे निर्माण कराया, जो अब संकट मोचन महाबली हनुमान जी के मंदिर में गूंज रहा है।
प्रो. मिश्र ने कहा कि यह घंटा भक्तों की भावनाओं का समर्पण है। ये सिर्फ धातु नहीं, आस्था का पिघलता हुआ स्वरूप है। संकट मोचन मंदिर का यह नया घंटा केवल मंदिर की शोभा नहीं, बल्कि हर भक्त की आस्था का प्रतीक है जो आने वाले युगों तक गूंजती रहेगी।
सहकारी फेडरेशन परिसर में केंद्रीय मंत्री ने किया पौधरोपण
एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने जिला सहकारी फेडरेशन परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में उनका हृदय से आभार प्रकट करता हूं, जिनकी प्रेरणा से आज मैं अपनी मां के नाम एक वृक्ष लगाने का सौभाग्य प्राप्त कर रहा हूं।
उन्होंने सहकारिता के लिए पूरे भारत में फंडिंग कर सहकारिता को एक अलग पहचान देने के लिए गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। अध्यक्षता सहकारिता चेयरमैन राकेश सिंह अलगू ने की। इस दौरान सहकारिता एडिशनल कमिश्नर सोमी सिंह, अरुण सिंह, सोमनाथ विश्वकर्मा आदि रहे।
गंगा के बढ़ते जल स्तर के कारण टली कायकिंग कैनोइंग प्रतियोगिता
खेल विभाग की ओर से आयोजित होने वाली जिला स्तरीय कायकिंग और कैनोइंग (नौका दौड़) प्रतियोगिता को गंगा नदी के जल स्तर में तेजी से वृद्धि के कारण टाल दिया गया है। प्रतियोगिता 13 जुलाई को सामने घाट पर आयोजित होने वाली थी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि 50 खिलाड़ियों ने अपने नाम भी दर्ज कराए थे। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से गंगा के जल स्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। जिसके कारण सामने घाट और उसके आसपास के इलाकों में पानी बढ़ गया है और गंगा धार भी तेज हो गई है। स्थिति अनुकूल होने के बाद प्रतियोगिता की अगली तिथि की घोषणा की जाएगी।
सीडीओ ने समीक्षा बैठक में प्रोजेक्ट अलंकार की प्रगति का जाना हाल
जिले के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के विकास के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट अलंकार की समीक्षा बैठक सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में हुई। सीडीओ ने वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में कराए गए समस्त निर्माण, मरम्मत और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको, यूपीआरएनएसएस और आरईडी को निर्देश दिए कि वे सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें।
उन्होंने परियोजना की नियमित और प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक और संबंधित समन्वयकों को भी जिम्मेदारी सौंपी। समीक्षा बैठक में विद्यालय परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाने और उसकी निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि छात्र-छात्राओं को स्वच्छ वातावरण मिले और इसके लिए आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जाए। डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से जिले के माध्यमिक शिक्षा संस्थानों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसके अंतर्गत भवनों की मरम्मत, स्मार्ट क्लास, शौचालय निर्माण, स्वच्छ पेयजल और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
नौकरी करने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनें युवा
एमएसएमई विभाग, औद्योगिक आस्थान चांदपुर के सभागार में लघु उद्योग भारती काशी प्रांत और एमएसएमई डीएफओ के संयुक्त प्रयास से नए युवाओं को उद्यमी बनने को प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि आईआईटी बीएचयू के रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग के प्रो. प्रदीप कुमार मिश्रा ने कहा कि उद्यमी बनने के लिए आपके भीतर आत्मविश्वास का होना जरूरी है। किसी चुनौती पूर्ण कार्य करने की ललक होनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर एमएसएमई के प्रभारी सहायक निदेशक राजेश चौधरी ने कहा कि भारत सरकार तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर उद्योग स्थापित करना बहुत आसान हो गया है। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि हमारा संगठन नए युवाओं के लिए काफी अच्छा कार्य कर रहा है।
उन्हें उद्योग स्थापित करने में मदद, पूंजी दिलवाने के साथ ही बिक्री करवाने और बाजार उपलब्ध कराने में मदद कर रहा है। सहायक निदेशक एमएसएमई वीरेंद्र राणा, रितेश बरनवाल और लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष ज्योति शंकर मिश्रा ने भी विचार रखे। संचालन संजय रस्तोगी और धन्यवाद प्रत्यूष श्रीवास्तव ने दिया। कार्यक्रम में वीरेंद्र राणा, रितेश बरनवाल, ज्योति शंकर मिश्रा, नयन गुप्ता, अभय गुप्ता, गुलजारी लाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आज सारनाथ आएगी इंदौर की पर्यटन टीम
सारनाथ को विश्व पर्यटन पर विकसित करने के लिए इंदौर की पर्यटन टीम मंगलवार को काशी आएगी। प्रशासन के पास आए पत्र के अनुसार केंद्र सरकार, मध्य प्रदेश सरकार व यूपी सरकार मिलकर रणनीति बनाएंगे। इसके लिए दो दिवसीय दौरा करेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक करेंगे। दौरे के पहले दिन सालिड वेस्ट मैनेजमेंट पर चर्चा होगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी के साथ स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक करेंगे। सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर को देखेंगे। दूसरे दिन बुधवार को मान महल, सारनाथ पुरातत्व संग्रहालय, तिब्बती संस्थान का निरीक्षण करेंगे।
हरिश्चंद्र कॉलेज की बीकॉम प्रवेश परीक्षा में 85% उपस्थिति
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर कॉलेज (एचसीपीजी) में यूजी और पीजी में प्रवेश परीक्षा सोमवार को समाप्त हो गई। 85 फीसदी परीक्षार्थी मौजूद रहे। अंतिम दिन बी कॉम में दाखिले के लिए 1793 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1570 ने परीक्षा दी। 223 अनुपस्थित रहे। इससे पहले एलएलबी में 2544 और बीए में 2044 उम्मीदवारों को प्रवेश मिला। अब इसी महीने प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट भी घोषित किया जा सकता है और एडमिशन की प्रक्रिया भी 20 दिन में शुरू हो सकती है।
श्रद्धालुओं को कराया फलाहार, शरबत का हुआ वितरण
सावन के पहले सोमवार को जगह-जगह संस्थाओं की ओर से शिविर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को फलहार, भोजन और शरबत का वितरण हुआ। मारवाड़ी समाज की ओर से मारवाड़ी समाज भवन के पास शिव भक्तों और कावड़ियों में फलहार और चाय का वितरण हुआ। शुभारंभ मेयर अशोक तिवारी व एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने किया।
सहयोग में संस्था के अध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान, प्रधानमंत्री मनोज जाजोदिया, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, अशोक अग्रवाल, रवि बुबना, राजू बाजोरिया, दीपक गोयल, गोपाल आदि रहे। लायंस क्लब वाराणसी गंगा की ओर से अध्यक्ष दीपक गुप्ता के नेतृत्व में रथयात्रा चौराहे पर भंडारा लगा। सारनाथ क्षेत्र के सारंग नाथ महादेव मंदिर में नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय के नेतृत्व में स्वयंसेवक दर्शनार्थियों की सहायता में लगे रहे।
गली-मुहल्लों के शिवालयों में परिवार संग किए जलाभिषेक
गली-मुहल्लों और ग्रामीण इलाकों के शिवालयों में घंट-घडियाल और हर हर महादेव के जयघोष होता रहा। लोगों ने परिवार संग जलाभिषेक कर दर्शन पूजन किया। पंचक्रोशी यात्रा के पहले पडाव कंदवा स्थित कर्दमेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए भीड़ रही। बाबा का शृंगार हुआ। मंदिर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। चौखंभा, मैदागिन, विश्वेश्वरगंज, मछोदरी, लहुराबीर, तेलियाबाग, चौकाघाट, लंका, शिवाला, सोनारपुरा, अस्सी, गायघाट, पांडेयपुर, कचहरी आदि इलाकों के मुहल्लों व कॉलोनियों के शिवालयों में भीड़ रही।
वहीं, रोहनिया क्षेत्र के प्राचीन शिवधाम मंदिर दरेखू, बाणासुर मंदिर नरउर, बुढऊ महादेव, भगवती देवी मंदिर अखरी में दर्शन पूजन किए। काशी विद्यापीठ, पिंडरा, बड़ागांव, हरहुआ, सेवापुरी, आराजीलाइन, चिरईगांव, चोलापुर ब्लाकों के बाजारों और गांवों के शिवालयों में दर्शन पूजन और जलाभिषेक हुआ।
रेलवे और बीएचयू के कारण परेशानी झेल रहे लोग
शहर के दो स्थानों पर रेलवे और बीएचयू के कारण आम जनता को परेशानी हो रही है। वरुणापार जोन के नुरूद्दीन शहीद मजार के नाले का पानी रेलवे के नाले से होकर निकलता है। निगम सीमा क्षेत्र के नालों की सफाई कराई गई। रेलवे के अधीन नाले की सफाई नहीं कराई गई। इसके चलते रेलवे का नाला पूरी तरह से जाम होकर ओवरफ्लो कर रहा है।
दूसरी तरफ बीएचयू की ओर से अपने परिसर की जल निकासी उचित प्रकार से न करने के कारण साकेत नगर और संकट मोचन क्षेत्र में जलभराव है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि बीएचयू को जल निकासी के लिए किसी अन्य तरफ डायवर्जन करने की योजना बनानी चाहिए।