बाजार का हाल : 30 दिन में बिके 1500 चार पहिया वाहन, पांच हजार बाइक; सेडान और एसयूवी की भी हुई खरीदारी
Varanasi News :
विस्तार
ऑटो मोबाइल्स सेक्टर के लिए साल का अंतिम सहालग नवरात्र और धनतेरस से कम नहीं है। वैवाहिक सीजन में ऑटो मोबाइल्स सेक्टर रफ्तार भर रहा है। चार पहिया और दोपहिया वाहनों की बिक्री बढ़ी है।
पिछले 30 दिन में 1500 चार पहिया वाहनों और करीब पांच हजार दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई है। आम दिनों में बिक्री का आंकड़ा एकदम आधा होता है। मगर, साल के अंतिम सहालग ने ऑटोमोबाइल सेक्टर के कारोबार को बढ़ा दिया है।
वाराणसी ऑटोमोबाइल्स डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि सहालग के सीजन से ऑटोमोबाइल्स सेक्टर की गाड़ी तेजी से दौड़ रही है। शहर के 15 कार शोरूम से आम दिनों में 600 से 700 चार पहिया वाहनों की बिक्री होती है। लेकिन इस वैवाहिक सीजन में एक से 30 नवंबर तक 1500 से अधिक गाड़ियों की बिक्री हुई है।
इसमें आठ से दस लाख बजट की छोटी गाड़ियों की सबसे अधिक बिक्री है। इसके अलावा सेडान और एसयूवी भी शोरूमों से निकली हैं। सीएनजी और हाइब्रिड गाड़ियों की जबरदस्त बुकिंग हुई है।
बुलेट और पावर रेसिंग बाइक की रही जबरदस्त मांग
मोटर डीलर और एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यूआर सिंह ने बताया कि शहर के 12 से अधिक शोरूमों पर पांच हजार से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई। ऐसा सिर्फ नवरात्र और धनतेरस, दीवाली पर होता था लेकिन सहालग पर इन गाड़ियों की बिक्री ज्यादा हुई है। बुलेट और पावर रेसिंग जैसी बाइकों की अधिक मांग रही। वहीं, दोपहिया वाहनों में एक लाख बजट की गाड़ियां सबसे ज्यादा बिकीं। शहर समेत आसपास जिलों के भी लोग यहीं से वाहन की खरीदारी करते हैं।
मई-जून की बिक्री नवंबर में ही पूरी
ऑटोमोबाइल्स कारोबारियों ने बताया कि इस गर्मी मई-जून में वैवाहिक लग्न नहीं होने के कारण अधिकतर लोगों ने नवंबर और दिसंबर में शादियां रखीं। यही कारण है कि शादियों के कारण चार और दोपहिया वाहनों की बिक्री ने रफ्तार पकड़ी। 14 दिसंबर तक वैवाहिक लग्न है।