पूर्वांचल में बारिश ने मचाई तबाही, 160 घर गिरे, 13 की गई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बारिश के चलते 160 से अधिक कच्चे मकान गिर गए। इसके मलबे में दबने से 13 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में चंदौली में मां और दो बेटों समेत पांच, भदोही में दंपती समेत तीन, वाराणसी में तीन और आजमगढ़-जौनपुर में एक-एक ने जान गंवाई। कई जिलों में बिजली आपूर्ति ठप रही।
चंदौली के नियामताबाद ब्लॉक के अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव में शुक्रवार भोर में मकान की दीवार गिरने से बगल में झोपड़ी में सो रहीं मुनेसरा देवी(70) और उनके दो पुत्रों की मौत हो गई। सैयदराजा के हलुवा गांव में मकान की दीवार गिरने से डिंपल(11) की मौत हो गई और एक लड़की घायल हो गई।
वहीं चकिया कोतवाली क्षेत्र के मूसाखाड़ गांव में कच्ची दीवार गिरने से विफनी देवी(52) की मौत हो गई। कंदवा, चकिया व अन्य इलाकों में 10 कच्चे मकान ढह गए। चकिया-अहरौरा मार्ग पर सुबह आठ बजे पेड़ गिरने से ढाई घंटे आवाजाही बाधित रही।
आजमगढ़ में एक की मौत
भदोही में चौरी क्षेत्र के कंधिया गांव की दलित बस्ती में टीन शेड पर कच्चा मकान गिरने से मनबोध(45) और उनकी पत्नी सीता(40) की मौत हो गई, जबकि पुत्री पुनीता(20) घायल हो गई। कोइरौना क्षेत्र के मझगवां गांव में पेड़ गिरने से रमेश बिंद (39) की मौत हो गई। जिले में 100 से अधिक कच्चे मकान गिर गए।
वाराणसी में चोलापुर क्षेत्र में दर्जनभर कच्चे मकान गिर गए। मकान के मलबे में दबने से तेवर दलपति गांव में रामखेलावन(60), राजापुर गांव में कांताराम(54) और बेला धर्मपुर गांव में पन्ना लाल(65) की मौत हो गई। इसके अलावा शहर के दशाश्वमेध और कबीरचौरा इलाके में भी एक-एक मकान ध्वस्त हो गए। जौनपुर में 20 से अधिक कच्चे मकान गिर गए। शाहगंज के गोड़िला गांव में मकान के मलबे में दबने से सिद्धांत(04) की मौत हो गई और अन्य हादसों में छह लोग घायल हो गए।
वहीं बिजली गिरने से जलालपुर के त्रिलोचन महादेव मंदिर का गुंबद टूट गया। आजमगढ़ में तहबरपुर ब्लॉक के कटवा गांव में गुरुवार की रात कच्चा मकान ढहने से रामअवध राम(48) की मौत हो गई। मार्टीनगंज ब्लॉक के कालेपबुर कठेरवां गांव में पति-पत्नी घायल हो गए। बलिया में बारिश के चलते तीन दर्जन गांवों की बिजली गुल हो गई। मिर्जापुर में छह और मऊ, सोनभद्र में तीन-तीन कच्चे मकान गिर गए।