Varanasi: बीएचयू कैंपस में शख्स ने पल्सर सवार बदमाश को दबोचा, पत्नी के गले से मोती की माला छीन कर भाग रहा था
आंध्र प्रदेश के वेस्ट गोदावरी निवासी वी गोपाल रेड्डी और उनकी पत्नी सोमा बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे। इस दौरान पल्सर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने सोमा के गले पर झपट्टा मार कर उनके गले से मोती की माला छीन ली। यह देख कर सोमा के पति ने बाइक पर बैठे बदमाश को दबोच लिया।
विस्तार
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित विश्वनाथ मंदिर से दर्शन-पूजन कर जा रही दक्षिण भारतीय महिला की मोती की माला छीन रहा एक बदमाश उनके पति की हिम्मत की बदौलत पकड़ा गया। हालांकि, बदमाश का साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाश को लंका थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आंध्र प्रदेश के वेस्ट गोदावरी से वी गोपाल रेड्डी और उनकी पत्नी सोमा काशी भ्रमण पर आए हैं। दंपती सोनारपुरा स्थित एक लॉज में ठहरे हुए हैं। बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर से दंपती दर्शन-पूजन करके ई-रिक्शॉ से जा रहे थे। बीएचयू कैंपस में मीरा कॉलोनी के पास पहुंचने पर पल्सर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने सोमा के गले पर झपट्टा मार कर उनके गले से मोती की माला छीन ली।
यह देख कर सोमा के पति ने बदमाश का दोनों हाथ पकड़ लिया और वह बाइक से नीचे गिर पड़ा। हालांकि उसका साथी बाइक लेकर भाग निकला। पकड़े गए बदमाश की पहचान रामनगर क्षेत्र के कोदोपुर के विनीत राय के रूप में हुई।
उसने बताया कि बाइक लेकर भाग निकला उसका साथी शुभम राय था। लंका थाने की पुलिस शुभम राय की तलाश कर रही है।
भदोही की पुलिस ने चस्पा किया कुर्की का नोटिस
चोलापुर क्षेत्र के तेवर (बरेछा) निवासी दीपक यादव उर्फ बेसन के घर शनिवार को भदोही के न्यायालय द्वारा जारी गैर जमानती वारंट और कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया। भदोही के औराई थाने से आई पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक आर्म्स एक्ट के मामले में नामजद है। नोटिस चस्पा करने के 30 दिन के भीतर दीपक हाजिर नहीं होगा तो उसकी संपत्तियों की कुर्की की जाएगी।
स्कॉर्पियो खराब होने से सामने घाट पुल पर लगा जाम
सामने घाट-रामनगर पुल के ऊपर शनिवार की दोपहर में एक स्कॉर्पियो खराब हो गई। इसके चलते पुल पर लंबा जाम लग गया। लगभग आधे घंटे से ज्यादा समय तक राहगीर फंसे रहे। सूचना पाकर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को पुल पर से हटवाया। इसके बाद जाकर जाम खत्म हुआ और आवागमन सामान्य हुआ।