यूपी: पहले लड़की को पीटा, अब खुद आत्महत्या की दे रहा धमकी, जानें क्या है मामला
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक युवक ने दो दिन पहले एक युवती की जमकर पिटाई की थी। युवक उसे पीटते हुए काफी दूर तक गली में घसीटकर ले गया। अब वही युवक आत्महत्या की धमकी दे रहा है।
युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया है, जो खुद पर तमंचा सटाया हुआ है। लड़की की तहरीर पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी युवक फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली के बदरका चौकी क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली एक लड़की की दो दिन पहले कुंदीगढ़ मोहल्ला के रहने वाले युवक ने जमकर पिटाई कर दी। इसके पीछे कारण यह बताया जा रहा है कि दोनों में पहले से प्रेम संबंध था। वर्तमान में लड़की उससे दूरी बनाने लगी थी।
इससे क्षुब्ध होकर युवक ने दो दिन पहले लड़की को रास्ते में पकड़ लिया और गली में काफी दूर तक उसे पीटते हुए ले गया। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस के साथ ही पीआरवी भी मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले ही युवक मौके से फरार हो गया।
युवक द्वारा पीटे जाने के बाद युवती ने शहर कोतवाली में उसके खिलाफ तहरीर देकर नामजद मुकदमा दर्ज कराया। इसकी जानकारी युवक को हुई तो उसने खुद का एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसमें युवक खुद की कनपटी पर तमंचा सटाए हुए है और लड़की का नाम लेकर उस पर धोखा देने का आरोप लगा रहा है।
इसके साथ ही आत्महत्या कर लेने की धमकी दे रहा है। आरोपी युवक की तलाश में शहर कोतवाली पुलिस जुटी हुई है। शहर कोतवाल केके गुप्ता ने बताया कि मुकदमा दर्ज है और आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।