यूपी: तालाब में डूब रहे बच्चे को तो बचा लिया, लेकिन खुद युवक ने गंवा दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक तालाब डूब रहे बच्चे को बचाने उतरे उस युवक की ही डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के खाका बाबा के पोखरे में डूब रहे बच्चे को बचाने के प्रयास में बदुरहा निवासी नंदलाल यादव(18) पुत्र उमेश की डूबने से मौत हो गई। यह घटना रविवार की दोपहर हुई। जानकारी होने पर लोगों ने तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों और नगर पंचायत के कर्मचारियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद तीन बजे नंदलाल का शव निकाला।
नगर पंचायत की ओर से बैरिया के पूर्वी छोर पर स्थित खाकी बाबा के पोखरे का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। बरसात के पानी से पोखरा(तालाब) भरा हुआ है। रविवार दोपहर बदुरहा मोहल्ले के कुछ बच्चे तालाब में नहा रहे थे। इसी बीच अचानक गोलू(12) डूबने लगा। उसे डूबता देख नंदलाल ने पोखरे में छलांग लगा दी।
नंदलाल ने गोलू को बचा तो लिया लेकिन खुद पोखरे में डूब गया। इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पर विधायक सुरेंद्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मंटन वर्मा, कोतवाल संजय त्रिपाठी और चौकी इंचार्ज बैरिया धीरेंद्र सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
आसपास के लोगों के काफी प्रयास के बाद जब नंदलाल का शव नहीं निकाला जा सका। इसके बाद कोतवाल ने रेवती एसओ से गोताखोरों को भेजने का आग्रह किया। विधायक ने सीओ उमेश कुमार व पुलिस कप्तान देवेंद्र नाथ से गोताखोरों की व्यवस्था कराने को कहा, गोताखोरों के पहुंचने से पहले ही लगभग तीन बजे नंदलाल के शव को लोगों ने पोखरे से निकाला।
लोग नंदलाल को सोनबरसा स्थित अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नगर पंचायत प्रतिनिधि मंटन वर्मा ने कहा खाकी बाबा पोखरे के चहारदीवारी में गेट लगाया जा रहा था, जिसे रोक दिया गया। अगर गेट लग गया होता तो इस तरह का हादसा नहीं हुआ होता।