फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   major news of varanasi in one click Four buildings sealed two brothers caught with 449 kg of firecrackers

एक क्लिक में पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरें : ग्रीन बेल्ट में चार भवन सील, 449 किलो पटाखे के साथ 2 भाई पकड़े गए

Sat, 05 Oct 2024 10:56 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 05 Oct 2024 10:56 PM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में छोटी-बड़ी कई खबरें रहीं। इस बीच वीडीए ने वरुणा किनारे यानी ग्रीन बेल्ट में निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध चार भवनों को सील कर दिया गया। वहीं, चौक थाने की पुलिस ने अवैध पटाखे के साथ दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
major news of varanasi in one click Four buildings sealed two brothers caught with 449 kg of firecrackers
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वीडीए के अवर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने शनिवार को वरुणा नदी के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र के कोनिया घाट वार्ड आदमपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 4 अवैध निर्माण मिले। इसे जोनल अधिकारी को सील करने के निर्देश दिए। चारों अवैध निर्माण को सील किया गया। अवर सचिव ने निर्देश दिया कि वरुणा नदी के दोनों ओर निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण करें। इसके साथ निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।

विज्ञापन


खड़े ट्रक से टकराया मिनी ट्रक, खलासी की मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के तमाचाबाद स्थित एक ढाबे के समीप खड़े ट्रक के पीछे वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहा मिनी ट्रक टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल खलासी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खलासी की पहचान मेरठ जिले के मुल्तान नगर निवासी विनोद कुमार (39) के रूप में हुई। पुलिस ने विनोद की मौत के संबंध में उसके परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं, हादसे के बाद मिनी ट्रक छोड़ कर चालक भाग गया। उधर, जिस ट्रक के पीछे मिनी ट्रक टकराया था, उसे लेकर भी उसका चालक प्रयागराज की ओर निकल गया।

विज्ञापन

major news of varanasi in one click Four buildings sealed two brothers caught with 449 kg of firecrackers
विरोध कर रहे लोगों को समझाती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला

काशी द्वार योजना का किसानों ने किया विरोध
प्रस्तावित काशी द्वार योजना को लेकर शनिवार को एक बार फिर से किसानों ने विरोध किया। संयुक्त किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले किसानों ने तहसील परिसर में घुसने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने मुख्य द्वार के पहले ही रोक लिया। इस दौरान किसानों और पुलिस में नोकझोंक भी हुई।

इसके बाद एसडीएम को पत्रक सौंपा और कार्रवाई की मांग की। एसडीएम पिंडरा द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया कि बिना किसानों के सहमति से जमीन अधिग्रहण नही किया जाएगा। इस दौरान राजीव राम, राजनाथ पटेल, फूलगेन,अजीत समेत सैकड़ो लोग रहे। 

कृति वाशेश्वर महादेव के मामले की सुनवाई टली
सिविल जज जूनियर डिविजन शुभी अग्रवाल की कोर्ट में शनिवार को कृति वाशेश्वर महादेव को मुक्त कराने के वाद की सुनवाई टल गई। अभी सभी प्रतिवादी इस मामले में उपस्थित नही हो पाए हैं। इस मामले में अगली सुनवाई के लिए पांच अक्तूबर की तिथि नियत की गई है।

हरतीरथ स्थित कृति वाशेश्वर महादेव की ओर से वैदिक सनातन न्यास के पदाधिकारी संतोष सिंह और विकास शाह ने वाद दाखिल किया है। इसमें कहा गया है कि ज्ञानवापी के पहले मुस्लिम आक्रांताओं ने इसी मंदिर को क्षति पहुंचाई थी और बगल में मस्जिद बना दी थी। उसी परिसर में मस्जिद बनने से मुस्लिम भी रहते हैं। इससे मंदिर में पूजा-पाठ, राग-भोग और आरती में व्यवधान उत्पन्न होता है। कृति वाशेश्वर महादेव खुले में हैं। परिसर को मुस्लिम समुदाय से मुक्त कराए जाने की गुहार लगाई गई है।

निगरानी अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अवधेश कुमार की कोर्ट में शनिवार को ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग के मामले में हिंदुओं को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई नहीं हो पाई। पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण अब इस मामले में अगली सुनवाई 15 अक्तूबर को होगी। निगरानी अर्जी लोहता के मुख्तार अहमद अंसारी की ओर से दाखिल की गई है। नंद लाल पटेल ने पक्षकार बनाने की अर्जी दी थी।

अर्जेंट वाद की सुनवाई टली
सिविल जज (सीनियर डिविजन) हितेश अग्रवाल की कोर्ट में शनिवार को ज्ञानवापी में पूजा-पाठ और राग-भोग सहित अन्य मांगों के अर्जेंट वाद की सुनवाई टल गई। न्यायिक अधिकारी अवकाश पर होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 15 अक्तूबर को होगी। यह वाद शैलेंद्र योगीराज पिछले साल दाखिल कर ज्ञानवापी में पूजा-पाठ और राग-भोग की अनुमति मांगी थी।

तहसील दिवस में आए 113 मामले, केवल 5 का निस्तारण
पिंडरा तहसील के सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिसकी अध्यक्षता पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह ने की। इस दौरान कुल 113 मामले आए और 5 मामलों का निस्तारण हुआ। पिंडरा विधायक ने अन्य मामले के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एडीसीपी आकाश पटेल, तहसीलदार विकास पांडेय, एसीपी प्रतीक कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

फंदा लगाकर महिला ने जान दी
गजब नगर, सोनातालाब, दानियालपुर स्थित एक मकान में शनिवार को एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर सारनाथ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला के आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। संदीप अग्रहरि की शादी लगभग पांच वर्ष पहले सुल्तानपुर के अखंड नगर की क्रांति (26) के साथ हुई थी।

संदीप ने बताया की क्रांति सुबह बच्ची को स्कूल के लिए तैयार की। वह बच्ची को स्कूल छोड़ने के लिए गया और लौटकर आया तो क्रांति दुपट्टे का फंदा बनाकर लटकी हुई थी। संदीप अग्रहरि पंचक्रोशी चौराहे पर दाना बेचने का काम करता है। दिन में वह एक स्कूल बस में परिचालक की नौकरी करता है।

449 किलो पटाखा के साथ दो भाई पकड़े गए
चौक थाने की पुलिस ने नया चौक से शनिवार को 449 किलोग्राम पटाखा के साथ दो भाइयों को गिरफ्तार किया। दोनों की पहचान नया चौक निवासी फैसल खान और फुरकान खान के रूप में हुई। फैसल खान के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत चार मुकदमे दर्ज हैं। फुरकान के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।



एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक ने बताया कि इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया चौक स्थित एक मकान के हाल में अवैध तरीके से पटाखे का भंडारण किया गया है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर चौक ने दरोगा कुमार गौरव सिंह, आदित्य कुमार राय व विकल शांडिल्य की टीम के साथ छापा मारा। पूछताछ में दोनों ने बताया कि दीपावली पर बिक्री के लिए उन्होंने पटाखे का अवैध तरीके से भंडारण कर रखा था।

घर से नाराज होकर निकली किशोरी को परिजनों को सौंपा
पिता की डांट से नाराज होकर 14 वर्षीय किशोरी शुक्रवार की देर रात चंदौली स्थित घर से रामनगर आ गई। रामनगर किला के समीप एक मंदिर में बैठकर किशोरी रो रही थी। उसी दौरान मंदिर के सामने से भाजपा नेता संतोष द्विवेदी सहित अन्य लोग गुजरे तो उन्होंने किशोरी से रोने का कारण पूछा। 

किशोरी ने बताया कि पिता की डांट से नाराज नाराज होकर घर से चली आई है। इसकी सूचना रामनगर कस्बा प्रभारी राकेश कुमार को दी गई। राकेश कुमार ने किशोरी के परिजनों को सूचना दी। राकेश कुमार ने किशोरी को समझाकर मां-बाप के साथ भेज दिया।

प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को पीट कर पुलिस को सौंपा
जंसा थाना क्षेत्र के हाथी गांव में शनिवार की भोर एक युवक को उसकी प्रेमिका के परिजनों ने पकड़ कर जमकर पीटा। इसके बाद युवक को जंसा थाने की पुलिस को सौंप कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के भाजू गांव निवासी एक युवक की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से चार वर्ष पूर्व हाथी गांव की एक युवती से हुई थी।



दोनों में चैटिंग शुरू हुई तो करीबी बढ़ी और वह एक-दूसरे से प्यार करने लगे। युवक अपने घर से शुक्रवार को बनारस आया और शनिवार की भोर अपनी प्रेमिका से मिलने हाथी गांव पहुंचा। प्रेमिका से मिलने से पहले ही उसके परिजनों ने युवक को पकड़ कर जमकर पीटा। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया।

रानीपुर में एक घंटे बाधित रहेगी बिजली
नगरीय विद्युत वितरण खंड सप्तम के तहत 33 केवी केबल के कार्य के लिए 33 केवी रानीपुर उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति छह अक्तूबर को दोपहर 12 से 1 बजे तक बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता आशीष कुमार सिंह ने बताया कि रानीपुर उपकेंद्र से शिवाजीनगर, मोतीझील मोहिनी कुंज, जक्खा क्षेत्र की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

78 फ्लैट के व्यावसायिक मानचित्र की स्वीकृति
वीडीए ने शनिवार को सदर तहसील के डाफी की भूमि पर प्रस्तावित ग्रुप हाउसिंग स्कीम का मानचित्र स्वीकृत किया। इसमे बेसमेंट एवं 10 तल हैं। इससे 9228510 रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त परियोजना में कुल 108 कार पार्किंग एवं दो पहिया वाहनों की पार्किंग प्रस्तावित है। उधर, वीडीए ने शनिवार को जोन-3 वार्ड दशाश्वमेध में अवैध निर्माण व बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी पर कार्रवाई की। जोनल अधिकारी सौरव देव प्रजापति ने भुल्लनपुर में बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी को सील किया।

मानचित्र का निस्तारण शीघ्र करें
वीडीए के अवर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने शनिवार को वाराणसी विकास प्राधिकरण के सभागार कक्ष में बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित शमन मानचित्रों के निस्तारण के निर्देश दिए। जोन-1 के वार्ड शिवपुर, सिकरौल में एक सप्ताह में शमन शुल्क की धनराशि 63,48,956 रुपये तथा सितंबर में 1,84,90,546 रुपये जमा कराया गए हैं। उन्होंने 15 दिन में बकाया जमा कराने के निर्देश दिए। बैठक में परमानन्द यादव, सिंह गौरव जयप्रकाश, अतुल मिश्रा सहित भवन लिपिक एवं फील्ड कार्मिक उपस्थित रहे।

श्लोक व भजन के साथ दी धुनुची की प्रस्तुति
महिला मंडल काशी ने शनिवार को संस्था ने अपना 90 वां स्थापना दिवस रविंद्रपुरी में मनाया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में संस्था की महिलाओं ने श्लोक व भजन गाने के साथ धुनुची नृत्य एवं गरबा की प्रस्तुति दी। समूह की महिलाओं ने नाटक का प्रस्तुतिकरण दिया जो अत्यंत सराहा गया। कार्यक्रम में संस्था की सदस्य डॉ. रूबी शाह, प्रेमा अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, अलका देव, बेला अग्रवाल, मालिनी चौधरी मौजूद रहीं।

एडीजी ने कैंट जीआरपी के तीन सिपाहियों को किया पुरस्कृत
एडीजी जीआरपी प्रकाश डी ने शनिवार को रेलवे ट्रैक की सुरक्षा, ट्रेनों पर पथराव रोकथाम समेत महाकुंभ की तैयारियों को लेकर प्रयागराज अनुभाग के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान सैनिक सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैंट जीआरपी के आरक्षी विक्रम त्रिपाठी, विपिन कुमार और राहुल यादव 500-500 रुपये नगद पुरस्कार से नवाजा।

स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार का बढ़ावा दिए जाने को लेकर जश्न फैशन लाइफस्टाइल की ओर से शनिवार को महमूरगंज स्थित लॉन में प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें जयपुर, कोलकाता समेत अन्य शहरों के विभिन्न कलात्मक उत्पादों के 70 स्टाल लगाए गए। संस्था की अध्यक्षा नीतू मुरारका, नैंसी बन्ना, साक्षी कपूर ने बताया कि स्टाल में खास करवा चौथ दीपावली को ध्यान में रखते हुए आर्ट ज्वेलरी, फर्नीचर, हाउसहोल्ड प्रोडक्ट्स, कॉरपोरेट गिफ्ट, होममेड आईसक्रीम, आगरा की हेल्दी स्नेक्स व नमकीन आकर्षण के केंद्र रहे।

बीएसएनएल के 4जी नेटवर्क के लगे 146 टावर
बीएसएनएल की ओर से शहर में 4जी नेटवर्किंग की सुविधा वाले 146 टावर लगाए जा चुके हैं। इसके बाद नेटवर्किंग पहले से बेहतर होगी। शनिवार को बीएसएनएल ऑफिस में बैठक में इंटरनेट नेटवर्किंग से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। डीजीएम प्रशासन एमके सिंह, डीजीएम मोबाइल डीके उपाध्याय की मौजूदगी में हुई बैठक में यह बताया गया कि इस समय सभी पुराने टावर जो वाराणसी शहर में लगे हैं, वो 4जी में तब्दील हो चुके हैं। 

लॉटरी के माध्यम पशु पालकों का किया गया चयन
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में पशुपालन विभाग के बकरी पालन योजना के अंतर्गत कार्यालय एंव श्रम विकास ने प्राप्त लाभार्थियों की सूची से 8 लाभार्थियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया। जिनमें गायत्री, प्रमिला देवी, बबीता देवी, लल्ली देवी, पूजा देवी, सीमा, राधा व अनीता को चयन किया गया। इस प्रक्रिया में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी पाठक और लाभार्थी उपस्थित रहे।

रस्साकशी में राधाकृष्णनन, वॉलीबॉल में भटनागर हाउस विजेता
कला संकाय के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार शाम एंफीथियेटर मैदान में अंतर विभागीय वॉलीवॉल और रस्साकशी प्रतियोगिता हुई। रस्साकशी के महिला और पुरुष वर्ग में राधाकृष्णनन हाउस ने जीत दर्ज की। वॉलीबॉल के महिला और पुरुष वर्ग में भटनागर हाउस विजेता और मालवीय हाउस उपविजेता बना। शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो़ एमएस पांडेय और विशिष्ट अतिथि डॉ. एसपी माथुर ने किया। विभागाध्यक्ष प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. सुषमा घिल्डियाल, प्रो. बीसी कापरी, प्रो. अभिमन्यु सिंह, प्रो. ओनिम, डॉ. अखिल मौजूद रहे। 

बैडमिंटन में चहनिया की बालिका टीम जीती
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की ओर से अंतर महाविद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता वरुणा के निजी स्कूल में हुई। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर चंदौली के चहनिया की मां खंडवारी महिला पीजी कॉलेज की टीम विजेता बनी। चहनिया ने बरियासनपुर की महादेव पीजी कॉलेज की टीम को हराया। विजेताओं को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ़ मुकेश पंत ने पुरस्कृत किया। उपविजेता महादेव पीजी कॉलेज की टीम में गंगा यादव, गुड़िया विश्वकर्मा, ऋतु व सुमन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रबंधक अजय सिंह, प्राचार्य डॉ. दयाशंकर सिंह, सीमा सिंह, अवनीश सिंह ने बधाई दी।

सामाजिक विज्ञान संकाय बना बास्केटबॉल का चैंपियन
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से एंफीथियेटर के बास्केटबॉल मैदान पर अंतर संकाय महिला प्रतियोगिता शनिवार को खत्म हुई। फाइनल सामाजिक विज्ञान संकाय और कृषि विज्ञान संस्थान के बीच हुआ। सामाजिक विज्ञान संकाय की टीम ने 3-0 से जीत दर्ज की। शाम पांच बजे शुरू हुई प्रतियोगिता में सामाजिक संकाय ने 40 और कृषि विज्ञान संस्थान की टीम ने 37 अंक अर्जित किए।

तीसरे स्थान के लिए कला संकाय और वसंत महिला महाविद्यालय के बीच मुकाबला हुआ। कला संकाय ने 54-16 से जीत दर्ज की। विजेताओं को प्रो. टीओनिमा रेड्डी ने पुरस्कृत किया। संचालन डॉ़ धीरेंद्र तिवारी, धन्यवाद डॉ़ राजीव सिंह ने दिया। इस मौके पर क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो़ एसवीएस राजू, महासचिव प्रो़ बीसी कापरी, डॉ़ अर्चना सिंह, डॉ़ खुर्शीद, रॉबीन सिंह मौजूद रहे।

दीपक और रामचंद्र ने जीती आर्म रेसलिंग
खत्री हितकारिणी सभा की ओर से विजयोत्सव 2024 के तहत लामा फाइट क्लब और फिटनेस सेंटर तेलियाबाग में आर्म रेसलिंग हुई। विभिन्न आयु वर्ग के 82 युवाओं ने प्रदर्शन किया। शुभारंभ प्रभु श्रीराम के छायाचित्र पर माल्यार्पण से हुआ।

राचंद्र मेहरोत्रा ने हरीश कपूर और दीपक बहल ने शम्मी खत्री को हराया। निर्णायक की भूमिका दिनकर राय, नारायण यादव, नैंसी चौरसिया और अंजली कुमारी ने निभाई। संचालन गोपाल जी सेठ ने किया। इस मौके पर खत्री हितकारिणी सभा के संरक्षक ताराचंद मेहरोत्रा, खेलकूद मंत्री नवीन सेठ, सुनील मेहरोत्रा, विनीत मेहरा, विजय मेहरोत्रा, विनय कपूर मौजूद रहे।

सीआरपीएफ ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
महामनापुरी कॉलोनी से करौंदी चौराहे तक शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। सृजन सामाजिक विकास न्यास, सीआरपीएफ 95 बटालियन और नगर निगम के सहयोग से रास्ते में पड़ने वाले सभी पार्कों में साफ-सफाई की गई। स्वच्छता अभियान, जन जागरूकता रैली के साथ ही पौधरोपण किया गया। मुख्य अतिथि कमांडेंट 95 बटालियन सीआरपीएफ राजेश्वर बाला पुरकर ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना करने के बाद पौधारोपण भी हुआ। इस दौरान अनिल कुमार सिंह, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, प्रवीण सिंह, राजनाथ यादव मौजूद रहे।

संध्या व समीर के मुक्के ने दिलाया स्वर्ण
सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज की ओर से शनिवार को संदहा के एकेडमी में 68वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता हुई। बालिका वर्ग में वाराणसी की संध्या और बालक वर्ग में समीर ने स्वर्ण जीता। आगाज सुधीर सिंह पप्पू व अजय सिंह ने किया। प्रतियोगिता में गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और वाराणसी के खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई। अंडर-17 बालक वर्ग में वुरुदेव जौनपुर, करन सोनकर और सूरज गुप्ता गाजीपुर ने गोल्ड मेडल हासिल किया। इस अवसर पर अनिक सिंह, अनुराग मिश्र, भरत कुमार, आशीष कुमार सिंह, इब्राहिम खान मौजूद रहे।

बच्चों को पढ़ाने से पहले 6858 अध्यापक ले रहे प्रशिक्षण
निपुण भारत मिशन के तहत परिषदीय स्कूलों के कक्षा 1 से पांचवीं तक के 6858 अध्यापकों को एनसीईआरटी की किताबों को पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण सभी शिक्षकों के लिए अनिवार्य है। बीआरसी में चार दिवसयि प्रशिक्षण में नई पाठ्य पुस्तक सारंगी, आनंदमय गणित की जानकारी दी जा रही है। बच्चों में कैसे बेहतर शिक्षा की अलख जगाई जाए, इस पर बल दिया जा रहा है।

अंग्रेजी पर बेहतर समझ बनाने व कार्य करने की रणनीति के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। बड़ागांव में 675, चिरईगांव में 880, चोलापुर में 780, हरहुआ में 818, सेवापुरी में 745 और नगर क्षेत्र के 337 अध्यापकों का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। जबकि काशी विद्यापीठ के 734, आराजीलाइन में 1034 और पिंडरा के 855 अध्यापकों का प्रशिक्षण चल रहा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि कक्षा 1 और 2 के बच्चों के किताबों में बदलाव हुआ है।

मंत्री ने किसानों को दिए सरसों के बीज
तिलहन की फसल को बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ से किसानों को निशुल्क बीज बांटे जा रहे हैं। शनिवार को चिरईगांव ब्लॉक में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने 90 किसानों को बीज दिए। वहीं, विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने पिंडरा में 60 तथा बडागांव के 65 किसानों को सरसों के बीज दिए। चिरईगांव में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री के प्रतिनिधि संजय सिंह, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष लालबहादुर पटेल, गौरव सिंह, प्रवीण सिंह मौजूद रहे।

जनपदीय खो-खो में बच्छाव ओर शिवपुर जोन चैंपियन
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 68वीं जनपदीय विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता शनिवार दोपहर बढैनी के सरदार पटेल इंटर कॉलेज में हुई। अंडर-19 सीनियर बालक और बालिका वर्ग में मिर्जामुराद जोन को हराकर बच्छाव जोन विजेता बना। अंदर-17 बालक वर्ग में शिवपुर जोन और बालिका वर्ग में मिर्जामुराद जबकि अंडर-14 सब जूनियर बालक और बालिका में आराजी लाइन ब्लॉक की टीम विजेता बनी।

खिलाड़ियों को खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया। संचालन राजेश दोहरी, धन्यवाद डॉ़ जीतेंद्र ने दिया। इस मौके पर जनपदीय क्रीड़ा सचिव विनोद कुमार सिंह, घनश्याम, मुनिब पटेल, बबलू यादव, सुभाष, विजय मौजूद रहे।

नवरात्र में बंद हैं संस्कृत स्कूल, डीआईओएस ने मांगी स्कॉलरशिप की सूची
नवरात्र में संस्कृत के सभी माध्यमिक स्कूल बंद हैं। डीआईओएस ने 48 घंटे में सभी स्कूलों से स्कॉलरशिप पाने वालों की सूची मांगी है। संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों ने समयावधि को लेकर आपत्ति जताई है। प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों ने कहा है कि डीआईओएस ऑफिस नवरात्र के त्योहार पर संस्कृत स्कूलों के अवकाश से अनभिज्ञ है। जबकि, दशहरा से पहले सभी लाभार्थी छात्रों की अंग्रेजी में लिस्ट जारी कर स्कॉलरशिप के पैसे ट्रांसफर करने की बात कही गई है।

संस्कृत स्कूलों की ओर से बताया गया है कि इससे पहले अधिकारी ने हिंदी भाषा में छात्रों की सूची मांगी थी, जबकि बैंक के सारे डिटेल अंग्रेजी में ही होते हैं। फिर भी, तीन अक्तूबर तक डीआईओएस ऑफिस को सभी नाम हिंदी में भेज दिए गए। अब 48 घंटे के बाद वे ही नाम अंग्रेजी में मांगे जा रहे हैं। स्कूल और कॉलेज बंद हैं तो फिर कैसे उन्हें इतनी जल्दी लिस्ट मुहैया कराई जाए।

पशु आरोग्य शिविर में 674 पशुओं की जांच की गई
चिरईगांव ब्लाक के मोकलपुर गांव में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरए चौधरी ने बताया कि शिविर में कुल 674 पशुओं की जांच की गई। पशुओं की जांच के साथ टीके लगाए गए। पशुपालकों को नंद बाबा योजना के बारे में जानकारी दी।

विकास व पर्यावरण संरक्षण में तालमेल जरूरी
वन्य प्राणी सप्ताह 1 से 7 अक्तूबर तक मनाया जा रहा है। शनिवार को सारनाथ स्थित मिनी जू और डियर पार्क में डॉल्फिन दिवस और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के लगभग 130 छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रथम पांच बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने कहा कि पर्यावरण व वन्यजीवों को बचाने में विकास व पर्यावरण संरक्षण में तालमेल होने अति आवश्यक है। क्योंकि वन्यजीव पारिस्थितिक तंत्र के अहम कड़ी होते हैं। इस दौरान जीबी सिंह, स्वाति, राकेश कुमार मौजूद रहे।

आईएमएस बीएचयू की टीम ने सरवनपुर गांव में की बुजुर्गों की जांच
आईएमएस बीएचयू के डॉक्टरों ने कोरौत के सरवनपुर गांव में शनिवार को कैंप लगाकर 68 बुजुर्गों के सेहत की जांच की। जीरियाट्रिक विभाग के शिविर में प्रो. एसएस चक्रवर्ती, डॉ. उपिंदर कौर, डॉ. सुमित जैसवाल, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. जुली, शैलेश, शिवांगी पांडे, ज्योति अग्रहरी लोगों ने अहम भूमिका निभाई। शिविर में आलोक पांडेय, प्रधान कमलेश कुमार, सत्यम पांडे मौजूद रहे।

स्मार्ट दादा बने प्रदीप, मधू स्मार्ट दादी
अंतराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर डब्ल्यूएच स्मिथ मेेमोरियल विद्यालय, हेल्पेज इंडिया, रोटरी क्लब वाराणसी साउथ, रोटरी क्लब वाराणसी हारमोनी, रोट्रैक्ट क्लब व इंटरैक्ट क्लब वाराणसी साउथ ने दादा-दादी दिवस मनाया। मुख्य अतिथि हेल्पेज इंडिया यूपी हेड अनूप पंत और विशिष्ट अतिथि डॉ. गिरीश चंद्र द्विवेदी रहे। इस दौरान दादा-दादी के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इस दौरान कैटवाॅक का भी आयोजन किया गया।

स्मार्ट दादा का खिताब प्रदीप कुमार चक्रवर्ती और स्मार्ट दादी मधू मेहरोत्रा बनीं। कार्यक्रम में बच्चों और दादा-दादी के बीच अनोखा रिश्ता देखने को मिला। स्वास्थ्य परीक्षण डॉ. भावेश मक्कड़, वंदना मक्का, डॉ. कुंती आनंद, डॉ आरएस आनंद, डॉ. आशीष, डॉ. विक्रांत, ने किया। प्रबंधक प्रदीप कुमार डे, प्रधानाचार्य डॉ. अनीता पॉलिन डे, विमल कुमार सेठ व संगीता नायक मौजूद रहे।

पहड़िया मंडी में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
पहड़िया मंडी में शनिवार को वाराणसी प्रगतिशील फल, सब्जी व्यवसाय समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ली।



संरक्षक तिलकराज कपूर और हीरालाल यादव ने अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनकर, महामंत्री ताज मोहम्मद, उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद इकराम, दशरथ यादव, बृजेश, गोपाल, विजय सिंह, संगठन मंत्री संतोष कुमार सोनकर, कानून मंत्री गुलजार अहमद, कोषाध्यक्ष भैयालाल सोनकर समेत अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

अंडर-19 बालिका टीम का ट्रायल नौ को
माध्यमिक स्कूली क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए अंडर-19 बालिका टीम का ट्रायल नौ अक्तूबर को सेवापुरी के कालीका धाम इंटर कॉलेज में खेली जाएगी। प्रधानाचार्य रमाशंकर राम ने बताया कि वाराणसी मंडल के चार जिलों के खिलाड़ी खेलेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाली बालिका टीम के खिलाड़ी प्रादेशिक प्रतियोगिता खेलेंगी।

निशुल्क दंत परीक्षण शिविर में 48 लोगों की हुई जांच
बेनिया बाग स्थित पानी टंकी परिसर में लायंस सेवा सप्ताह के मानव सेवा ईश्वर सेवा के तहत लायंस क्लब काशी की ओर से निशुल्क दंत चिकित्सा परीक्षण व दवा वितरण किया गया। शिविर में दंत चिकित्सक विकास जायसवाल ने 48 लोगों की जांच की। उन्होंने कहा कि मुंह और दांत की प्रतिदिन भोजन करने के पश्चात अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए। मुंह की गंदगी से पेट की बीमारी उत्पन्न होती है।

मुख्य अतिथि लायन अनिल वर्मा, निदेशक एवं विशिष्ट अतिथि पंकज मौर्या रहे। इस दौरान क्लब के अध्यक्ष असीम वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर लायन प्रमोद सिंह, लायन पीयूष वर्मा, अलंकार कुशवाहा, अरविंद कुमार, अनुज अग्रवाल, पवन अग्रवाल उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता कराएंगे मंडल के पांच मैच ऑफिशियल
डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान ने राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता के लिए रेफरी और मैच ऑफिशियल की सूची जारी कर दी है। 12 मैच ऑफिशियल में वाराणसी मंडल के पांच शारीरिक शिक्षक हैं। वाराणसी के नाथूराम यादव, रामसेवक यादव और शिप्रा श्रीवास्तव जबकि आजमगढ़ से विभा मौर्य और मऊ से सूबेदार प्रसाद यादव शामिल हैं। कुश्ती प्रतियोगिता के लिए दो महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी है। एक आजमगढ़ और एक नाम वाराणसी से है। प्रदेश में एक मात्र कुश्ती की शिक्षिका वाराणसी मंडल के आजमगढ़ में तैनात हैं।

नए कानूनों के बारे में बताया
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से ज्ञानदायिनी महिला महाविद्यालय में संगोष्ठी में वक्ताओं ने नये कानून के बारे में बताया। मुख्य वक्ता वाराणसी बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि इस तरह के आयोजनों को बढ़ावा देना होगा। नवीन भारत का नया कानून विषयक संगोष्ठी में अंग्रेजों के कानून के स्थान पर स्वदेशी कानून की आवश्यकता से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की गई।

विशिष्ट अतिथि गगन सिंह ने नए कानून में महिलाओं से संबंधित प्रावधानों के बारे में बताया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक राज मंगल सिंह ने समय-समय पर ऐसे आयोजन की बात कही। संचालन विनय पांडेय, धन्यवाद प्राचार्या ममता सिंह ने किया।

टीच फॉर बीएचयू की ट्रेनिंग पूरी
टीच फॉर बीएचयू के दूसरे दिन 24 शोधार्थियों को रिसर्च और शिक्षक बनने की ट्रेनिंग दी गई। एलडी गेस्ट हाउस में प्रो. आरके मल्ल ने कहा कि शोध प्रस्ताव में अनुशासन जरूरी है। उन्होंने रिसर्च के लिए फंड जुटाने की भी तकनीक पर बात रखी। प्रो. राजीव रमन ने कहा कि सभी रिसर्चरों को छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना होगा। उच्च शिक्षा और सामाजिक विज्ञान के बारे में भी जानकारियां दी गईं। शोधकर्ता रितिका केशव और तृप्ति ने अंग्रेजी, हिंदी में संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुति किया। कार्यक्रम में मानविकी, गणित और सामाजिक विज्ञान समेत कई विषयों के प्रोफेसरों ने ट्रेनिंग दी।

गंगा में न विसर्जित करें कपड़े
नमामि गंगे ने महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के बटुकों के साथ गंगा और घाटों पर कपड़ों को विसर्जित नहीं करने की अपील की। गंगा घाटों को सिंगल यूज पॉलिथीन मुक्त बनाने की पहल के तहत नगर निगम द्वारा बनवाए गए कपड़े के झोले का वितरण सिद्धेश्वरी में किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि महिलाएं गंगा में साड़ी या अपने पहने हुए वस्त्र अर्पित करती हैं। इस कपड़ों से झोले बनाए जा रहे हैं। इन बैग का प्रयोग लोग ज्यादा से ज्यादा करें।

बीएचयू में माइक्रोलॉजिस्ट की ट्रेनिंग पूरी
बीएचयू में माइकोलॉजी विषय पर तीन दिन का वर्कशॉप और ट्रेनिंग सत्र खत्म हो गया। शनिवार को देश भर के 35 प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मानव फंगल रोगों के वजहों और उनके इलाज पर एक प्रजेंटेशन दिया गया। इसके साथ ही लैब में एंटी फंगल रोगों का परीक्षण किया गया। रिसर्चरों को ट्रेनिंग देते हुए प्रो. रागिनी तिलक ने बताया कि एंटीजन परीक्षण के बारे में प्रतिभागियों को जानकारियां दी गईं। प्रोफेसर तिलक ने उभरते माइकोलॉजिस्टों के लिए इस तरह की ट्रेनिंग को जरूरी बताया।

गंगा में कूदी युवती का नहीं चला पता
विश्व सुंदरी पुल से शुक्रवार की देर शाम गंगा में छलांग लगाने वाली युवती का शनिवार को भी पता नहीं चला। जल पुलिस और गोताखोरों ने काफी खोजबीन की। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि युवती की तलाश की जा रही हैं। युवती सिगरा फातमान रोड की रहने वाली है। संवाद

नकदी सहित आभूषण चोरी
सारनाथ के मवइया स्थित बंद मकान से चोरों ने नकदी और आभूषण पार कर दिया। रिश्तेदार ने शनिवार को तहरीर दी। भांजे शरद ने बताया कि मामा गुरुप्रसाद जायसवाल परिवार के साथ बंगलूरू में रहते हैं। मकान की रखवाली करने वाले केयर टेकर लालू यादव ने चोरी की सूचना दी। रोहनिया के देवरा गांव स्थित शिव मंदिर से शुक्रवार की रात घंटा चोरी हो गया। 

पुलिस की तत्परता ने बचाई महिला की जान
विश्व सुंदरी पुल से गंगा में छलांग लगाने जा रही 32 वर्षीय महिला को पुलिस ने शनिवार को बचाया। पुलिस ने महिला को परिजनों को सौंपा। थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि घरेलू कलह से परेशान होकर यह कदम उठाने जा रही थी। महिला के माता पिता को सौंप दिया गया।

दरोगा की सरेराह दबंगई का वीडियो वायरल, युवक को बैठाया थाने पर
फूलपुर बाजार में दरोगा की कार पिकअप से सट जाने पर चालक की पिटाई का वीडियो वायरल है। वहीं, एक्स पर शिकायत के बाद दरोगा ने एक युवक को थाने पर बैठा लिया। बृहस्पतिवार को फूलपुर के थरी निवासी अजय राजभर पिकअप लेकर घर जा रहा था। फूलपुर बाजार में एक दरोगा की कार से पिकअप सट गई। आरोप है कि दरोगा ने ड्राइवर व मालिक की पिटाई की। इस घटना का वीडियो सीसी कैमरे में कैद हो गया। इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि फुटेज सही है। लेकिन थाने पर बैठाए गए युवक के खिलाफ न्यायालय से एनबीडब्ल्यू जारी है।

कुट्टू और सिंघाड़ा आटे समेत 21 दुकानों पर हुई जांच
नवरात्र और त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने शनिवार को लल्लापुरा, सोनिया, राजघाट, मच्छोदरी स्थित कुल 21 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। सात दुकानों पर छापामार किशमिश, गुड़, मूंगफली दाना साबूदाना, कुट्टू आटा, पेठा, चिप्स आदि के कुल 9 नमूने लिए गए।

सहायक आयुक्त (खाद्य) व अभिहित अधिकारी कौशलेन्द्र शर्मा ने बताया कि 3 अक्तूबर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 68 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 22 जगहों पर छापामार कुल 28 नमूने लिए गए हैं। निरीक्षण में जगदीश नारायण सिंह, एसएस निरंजन, पंकज कुमार यादव, राजेश आदि रहे।

प्राकृत भाषा को शास्त्रीय भाषा घोषित करने पर जताया हर्ष
प्राकृत भाषा को शास्त्रीय भाषा घोषित किए जाने पर श्री स्याद्वाद महाविद्यालय में शनिवार को आभार गोष्ठी आयोजित हुई। संगोष्ठी का शुभारंभ प्राकृत भाषा के मंगलाचरण से हुआ। प्रो. फूलचंद प्रेमी ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्राकृत जैसी प्राचीन भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा प्रदान करके एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार निश्चित रूप से बधाई की पात्र है। प्राकृत मूलतः लोकजीवन और लोकसंस्कृति की भाषा है। इस दौरान डॉ.अमित कुमार, सुरेंद्र कुमार जैन, सम्यक जैन आयुष जैन, अमन जैन, स्वस्तिक जैन ने विचार व्यक्त किए।

डेंगू के तीन मरीज मिले, नो लोगों को नोटिस
जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या में धीरे धीरे इजाफा हो रहा है। शनिवार को पांडेयपुर में एक महिला समेत तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही नौ घरों के पास लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि शनिवार को पांडेयपुर में 50 वर्षीय महिला, भिखारीपुर में 35 वर्षीय युवक और पहड़िया में 21 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

अब कुल मरीजों की संख्या 83 हो गई है। बताया कि कालोनियों में चलाए गए अभियान के दौरान नौ जगहों पर घर के आसपास पानी जमा होने, गंदगी मिलने पर नोटिस जारी किया गया। साथ ही लोगों को साफ-सफाई पर ध्यान देने के प्रति जागरूक किया गया।

22 कलर कोड स्टीकर निरस्त किए गए
काशी जोन के 11 थाना क्षेत्रों में चलने वाले ई-रिक्शा के चुराए गए और क्षतिग्रस्त 22 कलर कोड स्टीकर ट्रैफिक पुलिस ने निरस्त कर दिया है। यह कलर कोड स्टीकर जिस भी ई-रिक्शा पर लगे मिलेंगे, उसके संचालक के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

वहीं, एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि काशी जोन के कुछ ई-रिक्शा चालकों ने कहा है कि उनका चार्जिंग प्वाइंट उनके निर्धारित रूट से दूसरे रूट पर है। ऐसे में ई-रिक्शा चालकों की सहूलियत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि वह अपनी बैटरी चार्ज कर सुबह आठ बजे से हर हाल में अपने निर्धारित रूट पर ही चलेंगे।

गुजराती समाज ने किया सामूहिक गरबा
उत्तर क्षेत्र बाज खेड़ावाल गुजराती समाज की ओर से शनिवार को सामूहिक गरबे में माता का पूजन हुआ। यजमान कौशिक सेलट के परिवार का पूजन समाज के पुरोहित अनंत मौनी ने कराया। माता के पूजन के उपरांत समाज की महिलाओं द्वारा पारंपरिक पांच ताली रास किया गया। नीली चुनरी में महिलाएं, युवतियां एवं युवा गुजराती गानों पर थिरके। बच्चों की टोली भी धमाल करती नजर आई। इस दौरान राज कृष्ण मेहता, सविता पंड्या, गौरी शुक्ला, सचिन पंड्या, रविश पंड्या मौजूद रहे।

जिला पंचायत सड़क का मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्रा ने किया उद्घाटन
पूर्वांचल विकास निधि योजना से दी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के गेट से जिला पंचायत रोड तक बने जल निकासी एवं सड़क निर्माण योजना का शनिवार को मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्रा 'दयालु' ने उद्घाटन किया।

सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के गेट से जिला पंचायत रोड खराब थी, ऊपर से जल निकासी की व्यवस्था न होने पर बरसात का पानी रोड पर कई दिनों तक लगा रहता था। जिसके बाद सड़क निर्माण के लिए अधिवक्ताओं ने आन्दोलन भी चलाया था। जिसके बाद उसे बनवाया गया। इस अवसर पर सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह, सुरेन्द्रनाथ पाण्डेय, प्रभु नारायण पाण्डेय, शशिकांत दूबे आदि लोग उपस्थित रहे।

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने बाढ़ पीड़ितों में बांटी राहत सामग्री
होप वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा रोहनिया स्थित दीउरा गांव में बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरित किया गया। मंत्री डॉ.दयाशंकर मिश्र दयालु की उपस्थिति में 70 से अधिक लोगो को राहत किट दिया गया। इस किट में दो बड़ा त्रिपाल, बाल्टी, मच्छरदानी, साबुन, ब्रश, सैनेट्री पैड, सर्फ आदि सामान था। राहत सामग्री वितरण के पश्चात आयुष मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए टीमों का गठन कर पीड़ितों की सहायता का निर्देश दिया है। इस दौरान अनुराधा, श्यामाकांत, गौरव राठी, संदीप गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।

साईं प्रतिमा हटवाने का आरोपी कोर्ट में तलब
काशी के 14 मंदिरों से साईं प्रतिमा हटवाने के आरोप में जेल भेजे गए सनातन रक्षक दल के प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा को स्पेशल सीजेएम कोर्ट ने आठ अक्तूबर को जिला जेल से तलब किया है। चौक थाने में दर्ज केस में विवेचक की न्यायिक रिमांड की अर्जी पर कोर्ट ने अजय को तलब किया है।

चौक थाने की पुलिस ने गत शुक्रवार को शांतिभंग के आरोप में अजय को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। इसके बाद चौक और सिगरा थाने में अजय शर्मा के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने, धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, धर्म को लेकर अफवाह फैलाने, धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। उधर, शांतिभंग के मामले में जमानत को लेकर कमिश्नरेट की कोर्ट की ओर से दो लाख रुपये का बांड देने और जमानतदारों के सत्यापन का आदेश दिया गया है।

सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4.20 लाख की ठगी
सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से चार लाख बीस हजार रुपये की ठगी की गई। इस संबंध में सरैया निवासी मोहम्मद आदिल और शाकिब के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सरैया के दिलशाद, इम्तियाज व जमाल ने पुलिस को बताया कि आदिल और शाकिब ने उन्हें सऊदी अरब में नौकरी दिलाने की बात कही। प्रति अभ्यर्थी 1.40 लाख रुपये के हिसाब से तीनों से 4.20 लाख रुपये दोनों ने लिया। इसके बाद दोनों ने उन्हें सऊदी अरब का फर्जी वीजा व टिकट देकर फ्लाइट पकड़ने के लिए वाराणसी से मुंबई भेजा।

तीनों जब मुंबई गए तो वहां एजेंट ने समझाया कि एक सप्ताह की ट्रेनिंग के बाद भेजा जाएगा। इस बीच तीनों को रिश्तेदारों के माध्यम से पता लगा कि उन्हें सफाईकर्मी की नौकरी के लिए भेजा जा रहा था। इस पर तीनों घर आ गए और दोनों से अपना पैसा मांगे। अब तीनों पैसा मांगने पर गालीगलौज करते हैं और जानमाल की धमकी देते हैं।

बिना अनुमति के डांडिया नाइट्स आयोजन को पुलिस ने कराया बंद
लंका थाने क्षेत्र के सीर गोवर्धन स्थित लौटूबीर में लॉन में बिना अनुमति के डांडिया नाइट्स इवेंट को पुलिस ने शनिवार की शाम बंद करा दिया। इस दौरान लॉन के गेट पर युवक व युवतियों ने हंगामा किया। प्रतिभागियों ने पैसे वापस करने की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया। प्रतिभागियों ने पुलिस को बताया कि आयोजकों ने करीब 1000 पास बेचा था।

बीएचयू के छात्रों के लिए 99 रुपए में पास बेचा गया था, जबकि अन्य लोगो के लिए 199 रुपये का पास बेचा गया था। आयोजन के कारण भगवानपुर डाफी मार्ग और सीर गोवर्धन में काफी जाम जैसी स्थिति रही। लंका पुलिस आयोजकों की तलाश कर रही है।

आईपीएस अफसर बनकर महिला से 16 हजार की ठगी
भोजूबीर क्षेत्र में रहने वाली रितिका सिंह को साइबर फ्रॉड ने 16 हजार रुपये की चपत लगा दी। रितिका ने बताया कि उनके पास फोन आया कि आपके आधार कार्ड पर एक और सिम लिया गया है। उससे 46 लाख रुपये का फ्रॉड किया गया है। इस संबंध में दिल्ली में मुकदमा दर्ज है। इसके कुछ देर बाद व्हाट्स एप पर वीडियो कॉल आई।

कॉल करने वाली महिला ने खुद को सीबीआई से आईपीएस अफसर बताया। महिला ने कहा कि अपने खाते में सारा पैसा उसके द्वारा बताए गए खाता नंबर पर ट्रांसफर कर दें। ताकि उसको वेरिफाई किया जा सके। इस पर उन्होंने चार बार में 16 हजार रुपये ट्रांसफर किया। कुछ देर बाद उन्हें शक हुआ तो उन्होंने कॉल डिसकनेक्ट कर दी। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

संपूर्ण समाधान दिवस पर आए 306 मामले, नौ का हुआ निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को पिंडरा और राजातालाब तहसील में 306 फरियादी आए। इनमें से नौ मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष मामलों को निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

पिंडरा तहसील के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 113 मामले आए। इनमें से पांच मामलों का निस्तारण हुआ। पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस पर हिरामनपुर की अनीता सेठ ने गांव के ही एक मनबढ़ पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया। उन्होंने सिंधोरा थानाध्यक्ष व कानूनगो को कार्रवाई का निर्देश दिया।

बहुतरा के दिव्यांग रविशंकर सिंह ने जमीन लिखवाने के बाद बकाया रुपये मांगने पर मार-पीट का आरोप लगाया। इस दौरान एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एडीसीपी आकाश पटेल, तहसीलदार विकास पांडेय सहित अन्य अफसर और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, राजातालाब तहसील में उप जिलाधिकारी साई आश्रिथ शाकामुरी के समक्ष 193 फरियादी आए। इनमें से सिर्फ चार शिकायरी पत्रों का मौके पर निस्तारण हुआ।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed