फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   major news of varanasi came for second time to QR code arrested businessman threatened with death

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : दूसरी बार QR कोड लेने आया था, गिरफ्तार, व्यवसाई को जान से मारने की धमकी

Sat, 16 Nov 2024 03:32 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 16 Nov 2024 03:32 PM IST
सार

Varanasi News : कैंट थाना में दोबारा क्यूआर कोड लेने का मामला दर्ज हुआ है। इस मामले में दो लोग गिरफ्तार हुए हैं। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र के एक दवा व्यवसाई को जान से मारने की धमकी मिली है। आए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
major news of varanasi came for second time to QR code arrested businessman threatened with death
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात टीएसआई देवानंद बरनवाल ने एक ई-रिक्शा का बार कोड युक्त क्यूआर कोड दोबारा लेने के मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले को लेकर गाजीपुर के देवचंदपुर के मूल निवासी व तेलियाबाग में रहने वाले कमलेश यादव और सूजाबाद, नई बस्ती पड़ाव के गोपीचंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन


टीएसआई के अनुसार, कमलेश यादव गत 13 नवंबर को अपने ई-रिक्शा को लेकर यातायात पुलिस लाइन में आया था। वाहन के कागजात की जांच के बाद उसे पीले रंग का बार कोड युक्त क्यूआर कोड दिया गया। दूसरे दिन नाम, पता व वाहन संख्या का फर्जी प्रमाण पत्र लेकर वह पुनः क्यूआर कोड लेने के लिए आया। जांच के बाद पाया गया कि उस ई-रिक्शा को एक दिन पहले ही क्यूआर कोड दिया जा चुका था।
विज्ञापन


बीएचयू कैंपस में चेन लूटने के आरोप में केस दर्ज 
कर्मनवीर सुसुवाही के रहने वाले शत्रुघ्न दूबे की तहरीर पर मनोरथपुरी कॉलोनी के रहने वाले अमन राय और विकास राय के खिलाफ मारपीट और चेन लूटने के आरोप में लंका थाने में केस दर्ज किया गया है। शत्रुघ्न दूबे के अनुसार वह बीएचयू स्थित कर्मनवीर बाबा मंदिर गए थे। दर्शन-पूजन के बाद वह मंदिर के पास बैठे थे। उसी दौरान अचानक विकास और अमन आए और उनसे मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान ही दोनों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। 

विज्ञापन
विज्ञापन

शोहदों ने की छेड़खानी
देव दीपावली पर शुक्रवार की शाम के साथ ही गंगा घाटों पर भीड़ का दबाव बढ़ता चला गया। हालत यह थी कि शाम सात बजे के बाद गंगा घाटों और उनकी ओर जाने वाली गलियों में पैर रखने की जगह तक नहीं रह गई थी। भारी भीड़ के बीच शोहदों ने पुलिस की परवाह न करते हुए जमकर मनमानी की। शोहदों ने कहीं युवतियों पर छींटाकशी की तो कहीं छेड़खानी की। मणिकर्णिका घाट वाली गली में रात नौ बजे के लगभग अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उसमें शामिल हुड़दंगी युवतियों से छेड़खानी करने लगे। पुलिस कर्मियों ने भीड़ को किसी तरह से नियंत्रित किया तो स्थिति सामान्य हुई। 

जेबकतरों ने उड़ाए माल
देव दीपावली के मद्देनजर गंगा घाटों को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया था। हालांकि शुक्रवार को गंगा घाटों पर पुलिस की मौजूदगी के बीच ही आसमान में कई ड्रोन मंडराते रहे। पुलिस बीच-बीच में कार्रवाई की चेतावनी तो दे रही थी, मगर लाखों लोगों के हुजूम के बीच वह असरदार नहीं साबित हो रही थी। यह सिलसिला शाम से आधी रात बाद तक जारी रहा। इस बीच गंगा घाटों पर जेबकतरों की चांदी रही। भीड़ के बीच से लोग चिल्ला रहे थे। 

परिवहन विभाग घर जाकर वसूलेगा बकाया टैक्स
परिवहन विभाग ने कॉमर्शियल वाहनों से बकाया टैक्स वसूलने के लिए एक मुश्त समाधान योजना शुरू की है। योजना को लेकर परिवहन आयुक्त चंद्र भूषण सिंह ने आरटीओ अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान परमिट विभाग के कर्मचारियों को घर-घर जाकर बकाया टैक्स वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में बाहरी लोगों के घुसने को लेकर चेतावनी भी दी। प्रवर्तन दल से लक्ष्य वसूली की जानकारी ली।

एआरटीओ (प्रशासन) सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि एक मुश्त योजना शुरू कर दी गई है। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोगों को इसके फायदे बताए जा रहे हैं। बताया कि परमिट विभाग के कर्मचारियों को बकाया वसूली में लगाने का निर्देश आया है। लोगों के घर-घर जाकर वसूली की जाएगी। लापरवाही होने पर संबंधित कर्मचारी से रिपोर्ट मांगी जाएगी। 

दवा व्यवसायी को दी जान से मारने की धमकी
लक्ष्मणपुर निवासी दवा व्यवसायी मनीष कुमार यादव ने शिवपुर थाने की पुलिस से जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है। मनीष के अनुसार उनकी दवा की दुकान गिलट बाजार में है। उनकी दुकान पर आजमगढ़ निवासी एक युवक काम करता था और उधार दवा भी ले जाता था। लगभग 44944 रुपये उस युवक पर उनका उधार है। इस संबंध में शिवपुर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

नाबदान के पानी को लेकर मारपीट, केस दर्ज
बड़ागांव कस्बे में शुक्रवार की सुबह नाबदान पानी बहाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बड़ागांव निवासी रामजी केशरी का आरोप है कि छह युवक दुकान पर आए और गाली गलौज के बाद भरत, अभय रोहित, उज्जवल, वैभव, राहुल, हर्ष केशरी ने लाठी डंडे से पिटाई कर दी। वहीं, भरत केशरी का आरोप है कि राजेन्द्र केशरी के घर के नाबदान का पानी मेरे घर के सामने बहता है। मना करने पर राजेन्द्र केशरी, ऐश्वर्य, अंकित शिवकुमार, विकास श्रीप्रकाश अन्य ने घर में घुसकर मारा-पीटा। 

बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और गहने चुराए 
अशोक पुरम कॉलोनी, मीरापुर बसहीं निवासी ओम प्रकाश मिश्रा के घर के दो कमरों का ताला तोड़कर चोर सोने की सात अंगूठी, एक जोड़ी कंगन, एक चेन, एक हार सहित अन्य जेवर और 50 हजार रुपये चुरा ले गए। भुक्तभोगी ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि वह गत 14 नवंबर को पत्नी के भाई की लड़की की शादी में शामिल होने परिवार के साथ दानियालपुर गए थे।

उधर, कपसेठी थाना क्षेत्र के तारापुर गांव निवासी गुलाब सिंह के घर से चोर जेवर और नकदी चुरा ले गए। गुलाब सिंह ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को परिवार के साथ वाराणसी गए थे। रात लगभग एक बजे आए तो चोरी की जानकारी मिली। 

विवाहिता ने दर्ज कराया दुष्कर्म का मुकदमा
क्षेत्र के एक गांव की एक विवाहिता की तहरीर पर कपसेठी थाने में रसूलहां गांव निवासी अभिषेक कुमार गुप्ता के खिलाफ दुष्कर्म और धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाहिता का आरोप है कि अभिषेक उसके घर में घुसकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने धमकी दी।

17 लाख की धोखाधड़ी मामले में केस दर्ज
धोखाधड़ी और कूटरचना कर 17 लाख रुपये और दुकान हड़पने मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। कैंट के फुलवरिया निवासी कमल कुमार ने बताया कि पूर्व परिचित मिर्जापुर के चुनार, रैपुरिया निवासी आशीष ने व्यवसाय करने के नाम पर 17 लाख रुपये लिए और आशीष व उसके चाचा रमेश कुमार के साथ 2022 में गारमेंट शॉप जीएसटी में पंजीकृत कराया। आरोप है कि आशीष पटेल ने धोखाधड़ी कर दुकान को 41 लाख में बेच दिया। विरोध करने पर धमकी दी। 

काशी नटिनियादाई व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने पंकज
काशी नटिनियादाई व्यापार मंडल 2024-25 की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। इसमें प्रभारी राजेश वर्मा, संयोजक शरद वर्मा, अध्यक्ष पंकज सिंह, महामंत्री अभिषेक उपाध्याय व करन यादव बनाए गए। वहीं, भैयालाल बबलू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। संरक्षक मंडल डॉ. एपी सिंह, अजय पटेल, राजेश श्रीवास्तव, सह संयोजक संजय वर्मा, राधेश्याम गोंड, उपाध्यक्ष दीपू कश्यप, आनन्द जायसवाल, महिला उपाध्यक्ष निशा सिंह, नीरा गोंड, अमित वर्मा चुने गए।

ओपीएस बहाली के लिए आशा के दीप जलाए
मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के पदाधिकारियों ने बरेका सूर्य सरोवर पर पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए आशा के दीप जलाए। अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, महामंत्री आलोक कुमार वर्मा ने ओपीएस बहाली तक संघर्ष करने की सभी को शपथ दिलाई। इस अवसर पर संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद श्रीकांत यादव, सदस्य कर्मचारी परिषद मनीष कुमार सिंह, संजय कुमार, अमित कुमार, घनश्याम राय, संरक्षक सतीश चंद्र रहे। 

पेस्टीसाइड पर प्रशिक्षण
कृषि विज्ञान केंद्र में कृषि विज्ञान केंद्र में प्रशिक्षण व सह जागरूकता कार्यक्रम हुआ। किसानों को पेस्टीसाइड के सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। प्रभारी अधिकारी डॉ. नवीन कुमार सिंह ने केंद्र द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि के रूप में सेवापुरी विधायक की बेटी अदिति सिंह पटेल उपस्थित रही। 

बीएचयू में जहां भी कटे पेड़, वहां पौधरोपण
बीएचयू में जहां-जहां भी पेड़ों की कटाई हुई है, वहां-वहां छात्र पौधरोपण करेंगे। एनएसयूआई-बीएचयू के छात्रों ने बिरसा मुंडा जयंती पर पर्यावरण सोसाइटी का शुभारंभ किया। कैंपस के मधुबन पार्क में पौधरोपण कर सोसाइटी की औपचारिक शुरुआत हुई। आगामी दिनों में पूरे कैंपस में पेड़ लगाने का फैसला लिया है। छात्रों ने पेड़ों की कटाई को लेकर भी सवाल उठाए। पर्यावरण कैंपेन भी लॉन्च किया। छात्रों ने कहा कि पेड़ कटाई का बदला पौधे लगाकर लेंगे।

मोबाइल चोरी में गिरफ्तार
मोबाइल चोरी के आरोपी को पुलिस ने बीती रात देवचंदपुर स्थित ईंट भट्ठे से गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरा साथी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवपुर निवासी रोहित बनवासी के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी मड़ियाहूं निवासी सोनू बनवासी भाग निकला है। 

26 बिक्री केंद्रों की जांच
कालाबाजारी रोकने तथा बीज गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जनपद-व्यापी छापा अभियान शुरू हुआ। बीज निरीक्षक और अन्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर जनपद के संस्थागत व निजी बीज विक्रेताओं पर छापे की कार्रवाई की। टीम का गठन जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ने किया। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य के नेतृत्व में पूरी टीम ने कुल 26 बिक्री केंद्रों की जांच की। 

अवैध तरीके से मदरसे में नियुक्ति की, मुकदमा
अदालत के आदेश से जैतपुरा थाने में हसीन अहमद के प्रार्थना पत्र पर काजीसादुल्लापुरा निवासी मदरसा दायरतुल इस्लाह, रसूलपुरा के पूर्व सेक्रेटरी रिजवान अहमद पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

हसीन अहमद के अनुसार वह मदरसा दायरतुल इस्लाह, रसूलपुरा के मौजूदा सेक्रेटरी हैं। रिजवान अहमद मदरसे का वर्ष 2019 में सेक्रेटरी था। अपने कार्यकाल में रिजवान अहमद ने मदरसे की निधि का 45 लाख रुपये का गबन किया। इसकी जानकारी होने पर मदरसे के कोषाध्यक्ष जहगीर आलम ने रिजवान अहमद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया और वह छह माह जेल में रहा।

इस बीच पता चला कि कोर्ट से अपदस्थ रिजवान अहमद ने अवैध रूप से तीन शिक्षकों की नियुक्ति धन उगाही करके की है। रिजवान अहमद द्वारा बुनकर कॉलोनी, जैतपुरा की शाहिदा बीबी को भी नौकरी का झांसा देकर दो लाख रुपया लिया गया। प्रकरण की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने अदालत की शरण ली। 

विवेकानंद प्रवास स्थल गोपाल लाल विला में जले दीप
देव दीपावली के अवसर पर अधिवक्ताओं ने अर्दली बाजार स्थित खंडहर बन चुके गोपाल लाल विला को दीपों से सजाया। शाम पांच बजे अधिवक्ता गोपाल लाल विला पहुंचे। श्रमदान कर खंडहर बन चुके गोपाल लाल विला की साफ सफाई की। दीप जलाकर विवेकानंद प्रवास स्थल को आलोकित किया। कार्यक्रम में कमिश्नरी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविशंकर त्रिपाठी, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य आरती सेठ, बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय, विवेकानंद प्रवास स्थल संरक्षण समिति के विनोद पांडे भैयाजी, संजीवन यादव रहे। 

सड़क हादसे में शिक्षिका सहित तीन घायल
रूपापुर और डंगहरिया गांव के समीप नेशनल हाईवे पर सड़क हादसों में एक शिक्षिका समेत तीन लोग घायल हो गए। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने तीनों को अस्पताल भिजवाया। डंगहरिया गांव के समीप नेशनल हाईवे पर दो बाइक की टक्कर में महिला अध्यापक और उनके पति घायल हो गए। घायलों की पहचान कछवां रोड के गुड्डू मोदनवाल व उनकी पत्नी शिक्षिका राधिका देवी के रूप में हुई। मैजिक ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक सवार गाजियाबाद निवासी शमीम शाह घायल हुआ है। 

कैंट पर उमड़ी भीड़, सतर्क रही जीआरपी
देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा होने से कैंट स्टेशन पर काफी भीड़ उमड़ी। सभी प्लेटफाॅर्म, एफओबी और यात्री हाल सुबह से रात तक फुल रहे। कंट्रोल रूम से भीड़ की निगरानी होती रही। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव और जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह की टीम के साथ निरीक्षण करते रहे। सर्कुलेटिंग एरिया भी वाहनों की अधिक आवाजाही से पार्किंग फुल हो गए।

उधर, कैंट स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या छह पर बेतरतीब तरीके से रखे गए पार्सल से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के बाद भी पार्सल को व्यवस्थित नहीं किया गया। लिहाजा, यात्री ज्यादा परेशान हुए। 

महाप्रबंधक ने किया कारखाने का निरीक्षण
बनारस रेल इंजन कारखाना के नवागत महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारखाने में इंजन उत्पादन निर्माण प्रकिया को भी जाना। उन्होंने कुछ बिंदुओं पर दिशा निर्देश भी दिए। पूर्व संयुक्त सचिव विष्णु देव दुबे, गगन सिंह, ललित प्रकाश ने स्वागत किया। 

रेल नेटवर्क से ट्रांसपोर्ट नगर को जोड़ने की तैयारी 
वीडीए की ट्रांसपोर्ट नगर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके लिए वीडीए के अधिकारियों और रेल अधिकारियों के बीच वार्ता हो रही है। यहां रेलवे साइडिंग के लिए पांच हेक्टेयर जमीन की मांग की गई है। वीडीए के तहसीलदार सुनील श्रीवास्तव के अनुसार रेलवे साइडिंग के निर्माण होने से ट्रांसपोर्ट नगर रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा।

ट्रांसपोर्ट नगर योजना का उद्देश्य क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को सुगम बनाना है। स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को सुदृढ़ करना है। ट्रांसपोर्ट नगर को क्षेत्रीय और राष्ट्रीय व्यापारिक केंद्रों से जोड़ने में मदद मिलेगी। जिससे वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारिक और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। यह योजना वीडीए के फेज वन में लागू की जाएगी।

प्लंबर ने फंदा लगाकर जान दी
गोलाघाट स्थित साहित्यनाका मोहल्ले में मणि शंकर उर्फ पुनवासी के मकान में किराये पर रहने वाले झांगुर विश्वकर्मा (45) ने शुक्रवार की शाम फंदा लगाकर जान दे दी। रामनगर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। झांगुर मूल रूप से चंदौली के चहनिया थाने के बाबा कीनाराम, रामगढ़ का रहने वाला था।

वह प्लंबर का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। इधर कुछ माह से वह काम नहीं कर रहा था। निजी अस्पताल में काम करने वाली पत्नी किरण भी घर पर ही रहती थी। आसपास के लोगों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण कुछ दिनों से दंपती में अकसर किचकिच होती थी।

देव दीपावली पर गूंजा जल संरक्षण का नारा
उत्तरवाहिनी मां गंगा का तट देव दीपावली पर गंगाजल संरक्षण के गगनभेदी उद्घोष से गूंज उठा। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर नमामि गंगे ने प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर हजारों श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनमानस के साथ राष्ट्रध्वज लेकर राष्ट्रीय नदी गंगा की आरती उतारी। स्वयंसेवी सदस्यों ने श्रमदान किया। काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि देव दीपावली का पर्व जल संरक्षण का महत्व बताता है। इस दौरान महानगर सहसंयोजक सारिका गुप्ता, सुब्रजीत सेनगुप्ता, सुमित मिश्रा, सुमन शर्मा आदि मौजूद रहे। 

स्नानार्थियों और जरूरतमंदों को कराया भोजन
कार्तिक पूर्णिमा पर रोटरी क्लब काशी की ओर से सिगरा स्टेडियम के पास भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें दो हजार स्नानार्थियों और जरूरतमंदों को भोजन कराया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष अरुण तिवारी, अश्विनी श्रीवास्तव, श्याम केशरी, दीपक गुप्ता, प्रो. बृजेश जायसवाल, भानु पांडेय, महेश गुलाटी, अमरेश पांडेय, सीए रमेश गुप्ता, रमाशंकर जायसवाल आदि मौजूद रहे।

बिरसा मुंडा की जयंती मनाई 
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती जनजातीय शोध एवं विकास संस्थान कार्यालय परिसर में मनाई गई। मुख्य अतिथि डॉ. ऐश्वर्या राज लक्ष्मी, जिला समाज कल्याण विभाग (विकास) ने कहा कि आदिवासी समाज के विकास के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। शिक्षा की ताकत हमें बहुत आगे तक लेकर जाएगी।

विशिष्ट अतिथि एमएसएमई के निदेशक आरके चौधरी ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम के माध्यम से जनजाति समाज के लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। जिला उद्योग केंद्र के असिस्टेंट मैनेजर  संजीव कुमार सिंह, नीतीश गौर, टेक्सटाइल इंस्पेक्टर हैंडलूम डिपार्टमेंट, संयोजक बृजभान मरावी, बलिराम, अमित कुमार, महेंद्र प्रसाद, हर्ष कुमार, संत लाल भारतीय, पंकज शर्मा आदि रहे।

आम्मो से उकेरे पुत्र-पुत्री के बीच भेदभाव
बाल नाट्य महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को भी नागरी नाटक मंडली में आम्मो और मृतक भोज नाटक का मंचन हुआ। बाल कलाकारों ने सशक्त अभिनय को दर्शकों को आनंदित किया। बाल रंग मंडल की प्रस्तुति आम्मो नाटक में कलाकारों ने पुत्र-पुत्री के बीच विभेद को उकेरा। निर्देशन सलीम राजा का रहा। 

पात्रों में लाक्षी मिश्रा, स्वरांगना जैन, साद उमर, अनुराग यादव, वैष्णवी कुमारी आदि शामिल हैं। मनोज विश्वकर्मा द्वारा निर्देशित नाटक मृतक भोज में मृतक भोज पर हो रहे आडंबरों पर प्रहार किया गया। प्रमुख पात्रों में साक्षी रावत, अवनीश वर्मा, शिव प्रकाश यादव, पंखुडी चौधरी, गौरव मिश्रा, आदर्श चौरसिया, अंकिता सिंह, अभय मोदनवाल आदि शामिल रहे।

सनातन का विस्तार ही मानवता की रक्षा 
सनातन विस्तार के उद्देश्य को लेकर संस्कृति संवाद यात्रा की बैठक डाॅ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज भैरवतालाब में हुई। धरोहर संरक्षण सेवा संगठन के प्रमुख संयोजक कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि जब तक हम धर्मग्रंथों का अध्ययन नहीं करेंगे, तब तक सनातन रक्षा का सूत्र प्राप्त नहीं हो सकता है। प्रबंधक तोयज सिंह, राजातालाब बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री प्रदीप सिंह, डाॅ. अखिलेश मिश्र, सुनील पटेल, प्रदीप पाठक, मनीष आदि रहे।

निम्बार्क जयंती महोत्सव पर जले 5120 दीप
श्रीसंत दास काठिया बाबा आश्रम शिवाला में तीन दिवसीय 5120वें निम्बार्क जयंती महा महोत्सव अंतिम दिन शुक्रवार को पूजन अर्चन के साथ 5120 जलाए गए। शृंगार आरती व प्रबंध पाठ हुआ। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। आश्रम के महंत स्वामी डॉ. वृंदावन बिहारी दास महाराज साधु-संतों के साथ आश्रम व शिवाला घाट पर दीपदान किया। स्वागत बजरंगदास ने किया।

सतुआ बाबा की पुण्यतिथि पर हुआ भंडारा
जगदगुरु विष्णुस्वामी संप्रदायाचार्य यमुनाचार्य महाराज की 12वीं पुण्यतिथि पर सतुआ बाबा आश्रम में भंडारे का आयोजन हुआ। संत समागम के बाद देश भर से आए साधु, संत और महामंडलेश्वर शामिल हुए। महामंडलेश्वर संतोष दास ने बताया कि रामचरितमानस पाठ, शास्त्रार्थ के साथ ही संत सभा हुई। कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा पर प्रात: छह बजे से 11 ब्राह्मणों ने ललिता सहस्त्रनाम का पाठ किया। हवन के बाद नौ बजे से चार वेदों के 20 वैदिक विद्वानों ने बसंत पूजा की। दोपहर में 12 काशी और देश भर से आए साधु संत, महामंडलेश्वर ने यमुनाचार्य को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनाबे फातमा की शहादत की पूर्व संध्या पर मनाया गया गम
सदर इमामबाड़ा और पठानी टोला में ख्वातीनों ने ताबूत उठाया। काली महल में मजलिस और नई सड़क पर जलसे का आयोजन हुआ। नबी हजरत मोहम्मद मुस्तफा  की इकलौती बेटी हजरत फातमा जहरा की शहादत की पूर्व संध्या पर शहर भर में गम मनाया गया। सूर्यास्त होने के बाद पहली मजलिस मौलाना इमदाद फुरकान के इमामबाड़े में डॉ. नुजहत के संयोजन में हुई।

समन फातिमा ने मजलिस को खिताब किया। अनाया फातिमा ने हदीसे किसा और कुरान पाक की तिलावत की। पठानी टोला स्थित डॉ. अजीज हैदर के निवास स्थान पर ख्वातिन की मजलिस हुई। ख्वातिन ने बीबी फातिमा का ताबूत उठाया। इसी क्रम में लाट सरैयां में लगभग 100 वर्षों से भी पूर्व से हो रही मजलिस में ख्वातिन ने नौहा व मातम के साथ जनाबे फातिमा का ताबूत निकाला। 

नई सड़क स्थित इमामबाड़ा मीर रज्जी में जलसे का आयोजन हुआ। जलसे की सदारत मौलाना अकील हुसैनी ने की। कई शायरों ने अपने कलाम पेश किया। काली महल की मस्जिद में मजलिस को खिताब करते हुए शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैयद फरमान हैदर ने बताया कि शहादत के गम का यह सिलसिला लगभग 20 दिनों तक जारी रहेगा। इसमें शिया हजरात बीबी फातिमा की शहादत का गम मनाएंगे। 

हरिश्चंद्र घाट पर बाबा मसाननाथ का हुआ शृंगार
देव दीपावली पर बाबा मसाननाथ का शृंगार हुआ। हरिश्चंद्र घाट पर धधकती चिताओं के बीच सजी दीपों की लड़ियां और बाबा के रौद्र रूप के शृंगार की झांकी के लोगों ने दर्शन किए। श्री शनिदेव डमरू दल के अध्यक्ष विक्रम चौधरी के नेतृत्व में बाबा का फूलों से शृंगार कर विविध नैवेद्य अर्पित किए गए। डमरुओं की निनाद के बीच सवा किलो कपूर से बाबा की भव्य आरती हुई। बाबा को मदिरा, हलवा आदि का भोग लगा। शृंगार में देव चौधरी, शनि, विशाल, विष्णु, आदर्श, मंगल, कुलदीप आदि का सहयोग रहा।

स्वयंसेवकों ने दीपों के साथ रोपे पौधे
नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से देव दीपावली पर अर्दली बाजार महावीर कुंड पर पौधरोपण और दीपदान किए। सहायक उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा विवेक कुमार और डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय के नेतृत्व में आंवला और बेल के पौधे रोपे।

वाराणसी मोटर्स शोरूम पर न्यू डिजायर कार लॉन्च
अंधरापुल स्थित वाराणसी मोटर्स प्रा. लि के शोरूम पर मारुति सुजुकी की न्यू डिजायर कार लॉन्च की गई। मुख्य अतिथि अनिल कुमार पांडेय और संजय झुनझुनवाला ने कार का अनावरण किया। इस अवसर पर वाराणसी मोटर्स के अधिष्ठाता अहसन रउफ खान, अनुराधा उपाध्याय ने बताया कि यह कार कई आकर्षक रंगों में उपलब्ध है। यह अपने सेगमेंट की सबसे बड़ी कार है। इसमें नेक्स्ट जेन सुजुकी कनेक्ट क्रिस्टल विजन हेडलैंप, इलेक्ट्रिक सनरूफ, 06 एयर बैग, रियर डिफॉगर, टायर प्रेसर मॉनिटरिंग सिस्टम सहित अन्य आकर्षक फीचर्स मौजूद हैं। इसकी शुरुआती कीमत 6.79 लाख रुपये है।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मना स्थापना दिवस 
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अंचल कार्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी की ओर से बैंक के 106वें स्थापना दिवस पर चांदमारी के रिसॉर्ट ओम विलास बनारस में रंगारंग कार्यक्रम हुआ। बैंक के अंचल प्रमुख धीरेंद्र जैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित विभिन्न गणमान्यों की उपस्थिति रही।

बैंक के वाराणसी क्षेत्र प्रमुख वरुण कुमार ने बैंक के विभिन्न उत्पादों की चर्चा कर ग्राहक सेवा को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने की बैंक की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। कार्यक्रम में आए कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

काशी एप से जमा होंगे लाइसेंस शुल्क
आने वाले दिनों में काशी एप से नगर निगम के लाइसेंस शुल्क जमा होंगे। इसके लिए नगर निगम प्रशासन इस एप को अपग्रेड कर रहा है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि लोग घर बैठे नगर निगम का लाइसेंस शुल्क जमा कर सकते हैं। नगर निगम की ओर से लाइसेंस शुल्क के 30 मद निर्धारित किए गए हैं। इनमें नर्सिंग होम 50 बेड तक और 50 बेड से अधिक, बीयर की दुकान, छात्रावास, कोचिंग संस्थान, रेस्टोरेंट, जलपान गृह आदि शामिल हैं। मोबाइल से काशी एप डाउनलोड कर लाइसेंस शुल्क जमा कर सकते हैं। 

लखनऊ-छपरा वंदे भारत दो घंटे लेट
स्पेशल ट्रेनों में 02270 लखनऊ-छपरा वंदे भारत स्पेशल की भी रफ्तार कुंद हो गई है। निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पहुंची। शाम 6.20 की ट्रेन रात 8.20 बजे आई। इसे लेकर यात्री गौरव राज पांडेय ने एक्स पर रेलवे बोर्ड से शिकायत की। 12238 बेगमपुरा 1.45 मिनट की देरी से दोपहर 2.15 बजे कैंट स्टेशन पर पहुंची। 12876 नीलांचल एक्सप्रेस 1.30 घंटे की देरी से पहुंची। यात्री प्रभंजन कुमार तिवारी ने बताया कि ट्रेन में पानी नहीं था और वाॅशरूम में गंदगी है। 

कला प्रदर्शनी में लगीं 100 कलाकृतियां
बीएचयू के न्यू पीजी गर्ल्स हॉस्टल में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी सृजन में छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सेरेमिक, स्कल्पचर, पॉटरी, टेक्सटाइल डिजाइन, पेंटिंग, और एप्लाइड आर्ट की 100 कलाकृतियां लगाई गईं। छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार नेमा, कला संकाय प्रमुख प्रो. मायाशंकर पांडेय और दृश्य कला संकाय प्रमुख प्रो. हीरालाल प्रजापति ने उद्घाटन कर चित्रों का अवलोकन किया।

प्रो. हीरालाल प्रजापति ने इस तरह के आयोजनों को जरूरी बताया। प्रो. अनुपम नेमा ने विश्वविद्यालय स्तर पर इसे कराने की सलाह दी। कला संकाय प्रमुख प्रो. माया शंकर पांडेय ने कहा कि कला हमारी संस्कृति का वाहक है। स्वागत प्रो. आरती निर्मल और धन्यवाद डॉ. ब्यूटी यादव ने किया। कार्यक्रम में डॉ. स्वप्निल सिंह और डॉ. वैशाली रघुवंशी, श्रेया, सृष्टि मौजूद रहे।

20 किमी से दूर नहीं बनेंगे बोर्ड परीक्षा के सेंटर
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची पर आपत्तियां आ गई हैं। कई विद्यालय संचालक शिकायत दर्ज कराने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा था कि परीक्षा केंद्र 20 किमी दूर तक बना दिए गए हैं, जिसमें बच्चों का ध्यान नहीं रखा गया है कि वह कैसे सेंटर पर पहुंचेंगे। विद्यालय के प्रबंधक या प्रधानाचार्य माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर 50 आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

आपत्तियों के आधार पर 2024 में सेंटर को कम या ज्यादा किया जाएगा। अभी 122 केंद्र बनाए गए है, लेकिन फाइनल लिस्ट नहीं आई है। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि आपत्ति दूर कर नए सेंटर बनाने की बात की जा रही है। बोर्ड को सारी आपत्ति भेजी जा रही है। 20 किलोमीटर से दूर बोर्ड परीक्षा के सेंटर नहीं बनेंगे।

यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड होंगे परिणाम
यूपी बोर्ड में 9वीं और 11वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंक वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा है। अपर सचिव प्रशासन सरदार सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजे पत्र में 2024-25 के लिए जारी शैक्षिक पंचांग में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के आयोजन का प्रारूप उपलब्ध कराने को कहा है। माध्यमिक विद्यालयों की ओर से पहले प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन सितंबर के अंतिम सप्ताह और अर्द्धवार्षिक लिखित परीक्षा अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक करने के निर्देश दिए गए थे।

अंकों का विवरण वेबसाइट पर अपलोड करना था। कोरोना काल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंक अपलोड करने की नई व्यवस्था शुरू हो गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद वाराणसी के अवर महासचिव डॉ. विनोद कुमार राय ने बताया कि बोर्ड की तरफ से आदेश आया है, जिला विद्यालय निरीक्षकों को अवगत कराया गया है।

22-24 को अमेरिकी मनोवैज्ञानिकों का सम्मेलन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 22 से 24 नवंबर को दुनिया भर के मनो वैज्ञानिकों का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। अमेरिका, फ्रांस, स्वीडन, दुबई, फिलिस्तीन, श्रीलंका, नेपाल के कई मनोवैज्ञानिक अनुभवों को साझा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पंत प्रशासनिक भवन के डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में दोपहर के 2 बजे से प्रेस वार्ता रखी गई है। ये सम्मेलन विद्यापीठ और इंडियन एकेडमी ऑफ हेल्थ साइकोलॉजी से मिलकर किया जा रहा है। इसका विषय ‘समग्र स्वास्थ्य में अंतर्विषयक अंतर्दृष्टि’रखा गया है।

जर्मनी में नौकरियों पर बीएचयू में 18 काे वर्कशॉप
जर्मनी में नौकरी के अवसर पर बीएचयू में 18 नवंबर को वर्कशॉप होगी। सेंट्रल ऑफिस के कमेटी हॉल 1 में सुबह 10.30 बजे से दोपहर एक बजे तक वर्कशॉप होगी। जर्मनी के मैकडॉनल्ड के फ्रेंचाइजी डॉ. जोसेफ न्यूमोर मुख्य अतिथि होंगे। वो छात्र और छात्राओं को जर्मनी के बाजार और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारियां देंगे। दुनिया के सबसे उन्नत औद्योगिक क्षमता और यूरोप के सबसे विकसित देश जर्मनी में स्किल्ड युवाओं की कितनी मांग है, इसे भी बताएंगे। कार्यशाला का उद्देश्य जर्मनी की बाजार नीतियों के साथ ही वहां की सांस्कृतिक गतिविधियों से अवगत कराना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed