Lok Sabha Election: श्रीकला, शिवकन्या समेत 54 के पर्चे हुए खारिज; अफजाल व उनकी बेटी सहित 111 ने पर्चे खरीदे
Lok Sabha Election: मालूम हो कि आजमगढ़ सीट से कुल 29 प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया था। जांच के दौरान 20 प्रत्याशियों के पर्चे खारिज हो गए। अब सपा, बसपा और भाजपा सहित नौ कुल प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
विस्तार
जौनपुर, आजमगढ़ और भदोही जिले में छठे चरण में दो लोकसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए में सोमवार तक कुल 39 नामांकन हुए। दिनभर रिटर्निग ऑफिसर व आरओ ने मिलकर दाखिल सभी पर्चो की जांच की, जिसमें दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों में अभिलेखों के अभाव में श्रीकला सिंह, शिवकन्या समेत 13 पर्चे निरस्त कर दिए गए। अब मैदान में 26 प्रत्याशी शेष रह गए हैं। नाम वापसी नौ मई को होगी। इसके बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने लोकसभा चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच की गई। जिसमें कुल 39 अभ्यर्थियों में से 26 के नामांकन पत्र मान्य पाए गए। जौनपुर सीट से निर्दलीय चंद्रमणि पांडेय, मो.नौशाद, श्यामलाल, अश्वनी कुमार, अमित, संजीव कुमार प्रजापति, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के बदरे आलम, समाज परिवर्तन पार्टी के नीलम कुमार, बसपा की श्रीकला सिंह, छत्रपति शिवाजी भारतीय गरीब पार्टी सोनू सिंह, सपा से शिवकन्या कुशवाहा, गांधियन पीपुल्स पार्टी के यशवंत कुमार गुप्ता का नामांकन अस्वीकृत हुआ। मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र से कुल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था जिसमें जनता कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार मनोज कुमार का नामांकन निरस्त हो गया।
आजमगढ़ में 20 तो लालगंज में चार नामांकन पत्र खारिज
आजमगढ़ लोकसभा चुनाव के तहत नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच में आजमगढ़ लोकसभा सीट से 20 प्रत्याशियों का नामांकन खारिज हुआ। वहीं लालगंज लोकसभा सीट से चार प्रत्याशियों के नामांकन खारिज हुए।
आजमगढ़ सीट पर अब नौ प्रत्याशी और लालगंज सीट पर सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, लालगंज संसदीय सीट के लिए कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। मंगलवार को जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर चार प्रत्याशियों के नामांकन पत्र खारिज हो गए। अब यहां से सात प्रत्याशी मैदान में हैं। नौ मई को नामांकन वापसी की अंतिम तारीख है। इसके बाद वैध प्रत्याशियों की घोषणा और चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।
भदोही में 17 पर्चे खारिज
भदोही संसदीय सीट पर कुल 29 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के उपरांत 17 प्रत्याशियों के पर्चे खारिज हो गए। अब 10 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
वाराणसी में पहले दिन दो प्रत्याशियों ने किए नामांकन, 12 ने खरीदे पर्चे
सातवें चरण के चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन शुरू हो गए। वाराणसी लोकसभा के लिए दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। वहीं 12 लोगों ने नामांकन पर्चे खरीदे। हांलाकि भाजपा, कांग्रेस, बसपा का कोई नामांकन नहीं हुआ है और न ही इनकी पार्टी की ओर से पर्चे खरीदे गए। कोली शेट्टी शिवकुमार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहला नामांकन दाखिल किया। दूसरा नामांकन बहादुर आदमी पार्टी के अभिषेक प्रजापति ने नामांकन किया।
गाजीपुर में 19 नामांकन प्रपत्र खरीदे गए
गाजीपुर सीट से पहले दिन सपा, भाजपा, बसपा समेत 19 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। जबकि एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। सपा से अफजाल अंसारी और उनकी बेटी नुसरत अंसारी के नाम चार-चार सेट में नामांकन प्रपत्र खरीदे गए।
घोसी सीट से सात पर्चे खरीदे गए
घोसी में सातवें चरण में होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को नामांकन के पहले दिन कुल 7 नामांकन पत्र खरीदे गए। तीन निर्दलीय और पंजीकृत राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिया।
रॉबटर्सगंज सीट पर 13 दावेदारों ने लिया 23 सेट पर्चा : सातवें चरण में होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट के लिए 13 दावेदारों ने 23 सेट में नामांकन पत्र लिए। वहीं दुद्धी विधानसभा के उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी समेत चार दावेदारों ने 14 सेट में नामांकन पत्र प्राप्त किया। किसी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया।
बलिया व सलेमपुर सीट से 25 प्रत्याशियों ने खरीदे पर्चे
बलिया जिले की दो लोकसभा सीटों बलिया और सलेमपुर के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 25 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिए। इसमें बलिया लोकसभा क्षेत्र के लिए 14 व सलेमपुर के लिए 11 नामांकन पत्र खरीदे गए।
चंदौली में भाजपा, सपा, बसपा प्रत्याशी समेत 25 ने खरीदे पर्चे
भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के लिए उनके प्रतिनिधि सर्वेश कुशवाहा, सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह के लिए उनके प्रतिनिधि दयाशंकर सिंह, बसपा प्रत्याशी सत्येंद्र मौर्य और पद्मा किन्नर समेत 25 लोगों ने पर्चे खरीदे। वहीं, पहले दिन किसी ने नामांकन नहीं किया।