कुराश: बड़ी बहन ने अंतरराष्ट्रीय के लिए क्वालिफाई किया, दो राष्ट्रीय खेल में पदक विजेता; खिले चेहरे
Kurash Game: जिले के मथुरापुर की पटेल सिस्टर्स ने कुराश में सफलता हासिल की। बड़ी बहन प्रीति पटेल ने 68वें स्कूल खेलों के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया, जो जुलाई में कजाकिस्तान में होगी। जुड़वा बहनें प्राची और शशि भी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकी हैं। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद मां के सहयोग से तीनों बेटियां आगे बढ़ रही हैं।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के मथुरापुर के भर्थरा गांव की पटेल सिस्टर्स ने लगातार मेहनत के दम पर कुराश में सफलता पाई है। तीन बहनों में सबसे बड़ी बहन प्रीति ने 68वें स्कूल खेलों में बेहतर प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय कुराश प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल भोपाल में हुआ। इसमें क्वालिफाई करने वाली वाराणसी की प्रीति पटेल ने न सिर्फ ट्रायल पास किया बल्कि एक महीने तक अहमदाबाद शिविर में प्रशिक्षण लिया। प्राची के अलावा उनकी दो जुड़वा बहनों प्राची और शशि ने भी लगातार दो साल तक राष्ट्रीय स्कूली खेलों में पदक जीते।
अंतरराष्ट्रीय कुराश प्रतियोगिता जुलाई में कजाकिस्तान में खेली जाएगी। मथुरापुर की सगी बहनों ने कुराश की 68वीं राष्ट्रीय स्कूली में स्वर्ण पदक जीतकर यूपी को चैंपियन भी बनाया था। 69वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया था।
तीनों रामेश्वर के युगल बिहारी इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। प्रीति स्नातक की छात्रा है। प्राची और शशि 10वीं में पढ़ती हैं। एक साल पहले पिता का निधन हो चुका था। परिवार पर आर्थिक संकट आने पर मां सरिता पटेल मधुरापुर बाजार में सब्जी की दुकान लगाती हैं और बेटियों को सपने पूरे करने में मदद करती हैं।
कोच अजीत पाल ने बताया कि रायपुर में प्रतियोगिता में प्रीति ने अंडर-19 में नॉकआउट मुकाबला खेलकर स्वर्ण पदक जीता। वह सीनियर प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत जीत चुकी हैं। अंडर-17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्राची ने रजत जीता। वहीं, शशि ने स्कूली जूनियर प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। अजीत पाल ने संजोई गांव में अखाड़ा शुरू किया। उन्होंने बताया कि पिछले चार साल में 170 से ज्यादा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं।