खुशबू किन्नर बम कांड: विकास सिंह ने SHO पर साजिश का लगाया आरोप, कहा- फर्जी तरीके से मुझे आरोपी बनाया
Chandauli News: बम कांड की जांच में साजिश की परतें खुलने के बाद खुशबू किन्नर को जेल भेज दिया गया है। हालांकि, इस मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे अंकित सिंह की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
विस्तार
बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज में हुए चर्चित खुशबू किन्नर बम विस्फोट कांड में अब नया मोड़ सामने आया है। करीब ढाई महीने बाद जमानत पर जेल से बाहर आए पीड़ित विकास सिंह ने पुलिस कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे साजिश करार दिया है।
विकास सिंह का आरोप है कि उन्हें और उनके परिजनों को सुनियोजित तरीके से झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि बम विस्फोट की घटना विपक्षी पक्ष और खुशबू किन्नर द्वारा खुद रची गई थी। उनके मुताबिक, विपक्षी अंकित सिंह के इशारे पर तत्कालीन थानाध्यक्ष अतुल कुमार प्रजापति ने मिलीभगत कर उन्हें फर्जी तरीके से आरोपी बनाया।
कार्रवाई की मांग
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने झूठी बरामदगी दिखाते हुए जिलेटिन रॉड का मामला गढ़ा और न केवल उन्हें, बल्कि उनके भाइयों और रिश्तेदारों को भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विकास सिंह के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम ने उनके परिवार का सुख-चैन छीन लिया और निर्दोष लोगों को बेवजह जेल की सजा भुगतनी पड़ी।
हालांकि, उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्तक्षेप के बाद मामले में नई जांच शुरू हुई, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, जौनपुर पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि कथित रूप से अंकित सिंह और खुशबू किन्नर ने तत्कालीन एसएचओ के साथ मिलकर अपने ही घर की दीवार में बम विस्फोट कराया था, ताकि निर्दोष लोगों को फंसाया जा सके।
विकास सिंह ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य आरोपी खुला घूम रहा है, तब तक उनके जीवन पर खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई की मांग की है।